काव्यानुवाद - श्रीमद्भगवद्गीता, सोलहवाँ अध्याय ( दैवासुरसंपद्विभागयोग )

राकेश शंकर त्रिपाठी,
कानपुर

कॉरपोरेट लर्निंग्स

यह अध्याय दैवासुरसम्पद्विभाग योग के नाम से जाना जाता है। इस संसार में दो ही प्रकार के प्राणियों की सृष्टि है, दैवीय और आसुरी। इस अध्याय में इन्हीं दोनों तत्त्वों और उनके गुणों का विश्लेषण किया गया है। हम किस प्रकार इन दोनों गुणों से युक्त व्यक्तियों के बीच पहचान कर सकते हैं। हम कौन-कौन से गुणों को आत्मसात कर अपने अंदर दिव्य शक्तियों को उत्पन्न कर दिव्यता को प्राप्त कर सकते हैं और कौन से वे आसुरी गुण हैं, जिनसे हम अपने जीवन को दूर रख सकते हैं।

द्वौ भूतसर्गौ लोकेऽस्मिन्,
दैव आसुर एव च…. ॥16.6॥

1. दैवीय एवं सकारात्मक गुण : भगवान ने प्रथम श्लोक से लेकर तृतीय श्लोक तक 26 गुणों के बारे में बताया है और ये सभी दैवीय गुण हैं। कॉरपोरेट जगत में कुशलतापूर्वक नेतृत्व करने के लिए इनमें से यदि कुछ ही गुण हम आत्मसात कर लेते हैं, तो हमें सफलता से कोई नहीं रोक सकता। भय का सर्वथा अभाव हमें जोखिम लेने की ओर प्रेरित करता है और बिना जोखिम के किसी भी प्रकार का नवोन्मेष असम्भव है। Fear of change के कारण ही बहुत सारे कॉरपोरेट्स अपनी मार्केट लीडरशिप को खोकर शून्यता को प्राप्त कर चुके हैं। यदि हम विश्लेषण करें तो इस निष्कर्ष पर पहुँचते हैं कि कॉरपोरेट संसार में बहुत सी कम्पनियाँ इन गुणों के अभाव में दम तोड़ चुकी हैं। कुशल नेतृत्व के लिए अंतःकरण की शुद्धता, ज्ञानयोग में दृढ़ता, सात्त्विकता,शरीर-मन-वाणी की सरलता, सहजता, स्वाध्याय, कर्तव्य पालन के लिए कष्ट सहना आदि आवश्यक हैं।

अभयं सत्त्वसंशुद्धिः, ज्ञानयोगव्यवस्थितिः ……
अभिजातस्य भारत ॥16.1-16.3॥

2. आसुरी एवं नकारात्मक गुण : आसुरी सम्पदा से युक्त मनुष्य के लक्षणों का वर्णन श्लोक संख्या 4 और 5 में किया गया है। दम्भ, दर्प, अभिमान, क्रोध, अत्यन्त कठोरता और अविवेकी होना मनुष्य की आसुरी प्रवृत्ति को उजागर करते हैं। एक कुशल व्यक्तित्व के लिए ये सभी त्याज्य हैं।

दम्भो दर्पोऽभिमानश्च ………
अभिजातोऽसि पाण्डव ॥16.4-16.5॥

3. स्पष्टता एवं पारदर्शिता : जो लोग नकारात्मक प्रवृत्ति के होते हैं, उन्हें इस बात का ज्ञान नहीं होता कि किस कार्य में प्रवृत्त होना चाहिए और किस कार्य से निवृत्त होना आवश्यक है। निर्णय में स्पष्टता अति आवश्यक है। निर्णय लेने की क्षमता उच्छृंखलता से अप्रभावित रहनी चाहिए। अपने निर्णयों में, कार्यों में पवित्रता, श्रेष्ठ आचरण और सत्यता का पालन आवश्यक है। इन सभी के अभाव में नकारात्मकता उत्पन्न होती है, जो किसी भी संस्था के लिए घातक है।

प्रवृत्तिं च निवृत्तिं च, जना न विदुरासुराः ……
अपरस्परसम्भूतं, किमन्यत्कामहैतुकम् ॥16.7-16.8॥

4. सत्कर्म, सद्भाव और सद्विचार : ये गुण किसी भी संस्था की प्रगति के लिए अत्यावश्यक हैं और उस संस्था की नीतियों में रीढ़ का कार्य करते हैं। इनको न अपनाने पर व्यक्ति किस प्रकार का व्यवहार करता है, इसे श्लोक संख्या 10 से लेकर 12 में व्यक्त किया गया है।

काममाश्रित्य दुष्पूरं ……
अन्यायेनार्थसञ्चयान् ॥16.10-16.12॥

5. क्रोधी, लोभी और अभिमानी नेतृत्व के लक्षण : इस प्रकार के व्यक्ति यह सोचा करते हैं कि हमने इतना प्राप्त कर लिया है, इतना धन हमारे पास है और इतना और प्राप्त हो जाएगा। वे सदैव ही नकारात्मकता से भरे होते हैं। दूसरे का नुकसान करने से उन्हें असीम आनंद की प्राप्ति होती है। वे बिना कुछ सोचे-समझे दूसरों का अपमान करने में नहीं चूकते हैं। तथ्यों को बिना जाने और समझे किसी निर्णय पर अचानक ही पहुँच जाते हैं। वे सिर्फ अपनी महत्ता और अपने ही गुणगान में लालायित रहते हैं। वे आत्ममुग्ध और अपने आप को सबसे अधिक पूज्य मानने वाले होते हैं। एक विशेष प्रकार के अजीब आभा से युक्त होते हैं। अपने समान किसी को कुछ नहीं समझते हैं। किसी की भी उन्नति से खुश होना उनका धर्म नहीं होता है। इस प्रकार का नेतृत्व सदैव ही स्वयं के साथ-साथ अपनी टीम और संस्था की हानि का कारक होता है। भगवान ने इन सभी से दूर रहने और इन्हें अपने जीवन से हटाने की सलाह दी है, जिससे व्यक्ति दिव्यता को प्राप्त कर सके।

इदमद्य मया लब्धम्, …….
दम्भेनाविधिपूर्वकम् ॥16.13-16.17॥

भगवान ने स्पष्ट रूप से कहा है कि काम, क्रोध और अभिमान ये तीनों ही नरक के द्वार हैं। ये मनुष्य के पतन के कारण होते हैं। अतः जो भी नेतृत्व और संस्था प्रगति करना चाहती है, उसे इन तीनों का त्याग कर कल्याण के पथ को प्राप्त करना चाहिए।

त्रिविधं नरकस्येदं, ….
ततो याति परां गतिम् ॥16.21-16.22॥

6. नियमों और निर्देशों का उचित प्रकार से पालन : श्री गीता जी में भगवान ने स्पष्ट रूप से कहा है कि प्रत्येक संस्था को, उसके नेतृत्व को नियत नियमों, निर्देशों और स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर का पूर्णतया अनुपालन करना चाहिए। जो भी व्यक्ति इनका यथावत पालन करता है, वह अपने दायित्वों से, अकाउंटेबिलिटी से मुक्त नहीं, बल्कि उसके प्रति सजग रहता है। क्योंकि यदि हम इनका पालन नहीं करते हैं तो हम संतुष्टि और कल्याण की प्राप्ति नहीं कर पाएँगे। भगवान कहते हैं कि कर्तव्य और अकर्तव्य की अवस्था में हमें सदैव ही शास्त्र सम्मत, शास्त्र द्वारा प्रमाणित एवं स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर में विधिपूर्वक कार्य करना चाहिए :-

यः शास्त्रविधिमुत्सृज्य, वर्तते कामकारतः।
न स सिद्धिमवाप्नोति, न सुखं न परां गतिम् ॥16.23॥*
*तस्माच्छास्त्रं प्रमाणं ते, कार्याकार्यव्यवस्थितौ।
ज्ञात्वा शास्त्रविधानोक्तं, कर्म कर्तुमिहार्हसि ॥16.24॥

श्रीभगवानुवाच

आत्मशुद्धि निर्भय रहे, हो आध्यात्मिक ज्ञान ।
तापस-दाने-सरलता, इन्द्रिय दमन महान ।।
पालन कर कर्तव्य का, कष्ट मिले स्वीकार ।
पाठ-पठन प्रभु नाम का, कीर्तन जीवन सार ।
यज्ञ परायण है सदा, हो करता स्वाध्याय ।
ज्ञान योग में दृढ़ रहे, हो जीवन आराध्य ।। 1

त्याग-अहिंसा-शान्ति औ, जो है क्रोध विहीन।
छिद्रान्वेषण ना करे, दया भूत सब दीन ।।
इंद्रिय विषये लिप्त ना, सब प्रति कोमल भाव।
शास्त्र सिद्ध आचरण हो, लज्जा भाव स्वभाव ।
भाषण सत्य सदैव हो, सदा सत्य व्यवहार ।
रहे चपलता भाव ना, ना चंचलता सार ।। 2

तेज-क्षमा औ धैर्यता, वैर भाव ना पास ।
शुद्ध शरीर पवित्र हो, न ही मान की आस ।।
लक्षण हैं ये पुरुष के, गुण दैवी सम्पन्न ।
दिव्य गुणों से युक्त वह, प्रतिदिन नित्य प्रसन्न ।। 3

दम्भ-दर्प-अभिमान औ, क्रोध और अज्ञान ।
अविवेकी भी यदि रहे, भाव कठोर प्रधान ।।
ये गुण हैं उन मनुज के, असुर सम्पदा प्राप्त ।
अध गति के कारक सभी, असुर भाव है व्याप्त ।। 4

दैवी गुण अनुकूल हैं, मोक्ष प्राप्ति के सेतु ।
आसुरि गुण हैं बाँधते, जनम-मरण के हेतु ।।
चिंता तुम है ना करो, दिव्य गुणों से युक्त ।
जन्मे हो गुण दिव्य ले, हो जाओगे मुक्त ।। 5

सृष्टि लोक सर्जित यहाँ, दो प्रकार के जीव ।
दैवी प्रकृति व आसुरी, सबमें रहें सजीव ।।
दैवी गुण को सुन चुके, सुनो आसुरी वृत्ति ।
कहता हूँ विस्तार से, कैसी रहे प्रवृत्ति ।। 6

नहीं जानते मनुज वे, जिनकी आसुर वृत्ति ।
किसमें करूँ प्रवृत्ति मैं, किससे करूँ निवृत्ति ।।
श्रेष्ठ आचरित कर्म ना, नहीं स्वच्छ आचार ।
पालन करें असत्य का, कदाचार व्यवहार ।। 7

प्रकृति आसुरी जिन पुरुष, कहते सब बेकार ।
बिन मर्यादा जगत यह, मिथ्या है संसार ।।
बिन ईश्वर के चल रहा, बिना नियामक सार ।
नारि-पुरुष संयोग से, पैदा है संसार ।।
कामेच्छा कारण यही, और नहीं है सार ।
काम हेतु संसार का, नहीं और आधार ।। 8

आश्रय ऐसी दृष्टि का, लेते हैं अज्ञान ।
असुरी वृत्ति प्रवृत्ति को, नहीं तत्व का ज्ञान ।।
अल्प बुद्धि जिनकी रहे, रहे बुद्धि से हीन ।
आत्म ज्ञान से विमुख हो, होते भ्रम आधीन ।।
उग्र कर्म करते सदा, उनका यही स्वभाव ।
अहित कार्य में लिप्त वे, जग के प्रति दुर्भाव ।।
ऐसे मानव कर रहे, करें शक्ति का ह्रास ।
उपयोगी हैं वे नहीं, करें जगत का नाश ।। 9

दम्भ-मान-अभिमान में, डूबा जो सम्पूर्ण।
आश्रय ले उन काम का, होती कभी न पूर्ण ।।
धारण करते वे सदा, सभी आचरण भ्रष्ट ।
अशुचि व्रतों औ मोहवश, विचरे जीवन नष्ट ।। 10

प्रलय काल तक वे करें, चिंता करें अपार ।
आश्रय चिंतित भाव का,आसुरि वृत्ति अधार ।।
संग्रह-भोग पदार्थ का, विषय भोग का भोग ।
इतना ही सुख मानते, और नहीं कुछ योग ।। 11

आशाओं की आश में, कई सैकड़ों जाल ।
बँधा हुआ मानव फँसा,काम क्रोध जंजाल ।।
भोग-पदारथ भोग को, चेष्टा करें अवैध ।
धन संचय अन्याय से, संचय ना है वैध ।। 12

सोचा करते वे सदा, किया आज यह प्राप्त ।
और करूँगा प्राप्त वह,ईच्छा जो है व्याप्त ।।
इतना धन तो पास है, इतना चाहें और ।
इसी द्वन्द्व उलझा रहे, जीवन दुख का ठौर ।। 13

मार दिया उस शत्रु को, मारूँगा मैं और ।
मैं ईश्वर मैं सिद्ध हूँ, मैं भोगी सिरमौर ।।
सुख में मैं डूबा हुआ, भोगूँ मैं ऐश्वर्य ।
हैं सबसे बलवान हम, नहीं और आश्चर्य ।। 14

कुल-सम्बन्धी घिरा मैं, मैं ही हूँ धनवान ।
बहुत लोग हैं पास मम, मैं ही बड़ा महान ।।
यज्ञ करेंगे दान औ, और मौज आनंद ।
मोहित वे अज्ञान से, मूढ़ वृत्ति निस्पंद ।। 15

चित्त भ्रमित हो काम से, मोह जाल जंजाल ।
विषय भोग आसक्त हो, मिले नरक पाताल ।।
धन-मद-माने चूर वे, माने खुद को योग्य ।
यज्ञ करें पाखंड से, विधि से रहित अयोग्य ।। 16-17

अहंकार बल दर्प औ, काम क्रोध आधार ।
करते मुझसे द्वेष वे, निन्दा करें हजार ।।
द्वेषी-क्रूर नराधमी, पापाचारी क्रूर ।
बार-बार मैं डालता, असुरी योनि जरूर ।। 18-19

मुझको प्राप्त न मूढ़ वे,असुरी योनि अनन्त।
अधम गती को प्राप्त हो, घोर नरक ही अंत ।।
काम-क्रोध अरु लोभ ये, तीन नरक के द्वार ।
त्यागे जो इन तीन को, मिले प्रभू दरबार ।। 20-21

हे अर्जुन जो मुक्त है, तीन नरक के द्वार ।
कार्य करे कल्याण का, करे आत्म साकार ।।
परम गती को प्राप्त वह, करे आचरण श्रेय ।
कर्म सभी संसार हित, ईश्वर का हो ध्येय ।। 22

शास्त्र विधिक को छोड़ कर, मनमाना व्यवहार ।
इच्छा अपनी आचरण, अपना ही जयकार ।।
सिद्धि नहीं सुख ना मिले,मिले न प्रभु का द्वार ।
परम गती को प्राप्त ना, मिले न जीवन सार ।। 23

निर्णय लेना यदि तुझे, है असमंजस भाव ।
शास्त्र विधिक ही कर्म हो,धार्मिक रहे प्रभाव ।।
किसे कहें कर्तव्य है,किसे नहीं कर्तव्य ।
शास्त्र प्रमाणित जो करे, निर्धारित गंतव्य ।।
दुविधा में यदि है फँसे, धर्म-अधर्मे मध्य ।
शास्त्र प्रमाणे कर्म ही, नियत धर्म आराध्य ।। 24

Author