सच बनाम सोशल मीडिया—क्या हम पूरी तस्वीर देख रहे हैं?

इंदौर
इंदौर जैसे जागरूक और विकसित शहर में रहते हुए हम अक्सर खुद को समझदार नागरिक मानते हैं। लेकिन एक सच यह भी है कि आज हम में से कई लोग अपनी राय खुद नहीं बनाते, बल्कि सोशल मीडिया पर दिखाए गए कुछ क्लिप्स और आधी-अधूरी जानकारी के आधार पर निर्णय ले लेते हैं। पश्चिम बंगाल के हालिया चुनाव परिणाम इसका एक बड़ा उदाहरण बनकर सामने आए हैं।
पिछले कुछ दिनों से एक नैरेटिव तेजी से फैलाया जा रहा है कि चुनाव के नतीजे केवल SIR (Special Intensive Revision) और वोटर डिलीशन की वजह से प्रभावित हुए। यह सच है कि लगभग 27 लाख मतदाताओं के नाम हटने की बात सामने आई, और कुछ मामलों में गंभीर सवाल भी उठे। लेकिन क्या यह पूरी कहानी है? अगर हम थोड़ा ठहरकर आंकड़ों को देखें, तो तस्वीर कुछ और ही नजर आती है।
अगर वोटर डिलीशन ही चुनाव का सबसे बड़ा कारण होता, तो जिन सीटों पर सबसे ज्यादा नाम हटाए गए, वहां एक ही पार्टी को लगातार फायदा मिलता। लेकिन वास्तविकता यह है कि जिन 20 सीटों पर सबसे ज्यादा डिलीशन हुआ, उनमें से 13 सीटें TMC ने जीतीं, 6 BJP ने और 1 कांग्रेस को मिली। यानी पैटर्न साफ नहीं है। इसी तरह कई सीटों पर डिलीट हुए वोटरों की संख्या जीत के अंतर से ज्यादा थी, लेकिन फिर भी नतीजे एकतरफा नहीं रहे। इसका मतलब साफ है कि केवल एक कारण को पकड़कर पूरी राजनीति समझना गलत होगा।
अब अगर हम बड़े आंकड़ों पर नजर डालें, तो पता चलता है कि TMC, जो 2011, 2016 और 2021 में लगातार 200 से अधिक सीटें जीतती रही, इस बार अपने ही 124 मजबूत गढ़ों में से 78 सीटें हार गई। दूसरी तरफ BJP ने अपने पुराने मजबूत इलाकों को बरकरार रखते हुए 65 नई सीटों पर जीत दर्ज की। वोट शेयर में भी BJP को 55 लाख से ज्यादा नए वोट मिले, जबकि TMC का बढ़ोतरी केवल 17 लाख के आसपास रही। क्या यह सब सिर्फ वोटर डिलीशन से संभव है?
एक और महत्वपूर्ण पहलू है वोटों का बंटवारा। जिन क्षेत्रों में मुस्लिम आबादी अधिक है, वहां भी TMC का प्रदर्शन पहले जैसा नहीं रहा। 32 सीटों पर, जहां मुस्लिम आबादी 50% से अधिक है, 2021 में TMC ने सभी सीटें जीती थीं, लेकिन इस बार वह केवल 23 सीटों तक सिमट गई। इसका सीधा मतलब है कि वोट कांग्रेस, वामपंथी दलों और अन्य पार्टियों में बंट गए। यानी जिस वोट बैंक को मजबूत माना जा रहा था, वही खुद विभाजित हो गया।
इसी तरह ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में भी बड़ा बदलाव देखने को मिला। अनुसूचित जाति बहुल क्षेत्रों में BJP ने 83% सीटें जीतीं, शहरी क्षेत्रों में उसकी जीत 76.5% रही, और ग्रामीण क्षेत्रों में भी वह 67% सीटों पर विजयी रही। यह संकेत देता है कि जमीन पर काम और रणनीति का असर हुआ है, जिसे केवल एक नैरेटिव से नकारा नहीं जा सकता।
सबसे दिलचस्प बदलाव महिलाओं के वोट में देखने को मिला। राज्य में 3.16 करोड़ महिला मतदाता हैं, और यदि उनमें से सिर्फ 5% का भी झुकाव बदलता है, तो उसका असर चुनाव परिणामों पर बहुत बड़ा होता है। यही इस बार हुआ भी।
अब सवाल यह नहीं है कि कौन सही है और कौन गलत। असली सवाल यह है कि क्या हम, इंदौर जैसे समझदार शहर के नागरिक, बिना जांचे-परखे हर वायरल वीडियो और हर ट्रेंडिंग पोस्ट पर भरोसा कर रहे हैं?
सोशल मीडिया आज सूचना का सबसे तेज़ माध्यम है, लेकिन यह सबसे विश्वसनीय माध्यम नहीं है। यहाँ आधी सच्चाई को पूरी सच्चाई बनाकर पेश करना बहुत आसान है। और जब हम बिना सोचे-समझे उस पर विश्वास कर लेते हैं, तो हम अनजाने में किसी न किसी एजेंडा का हिस्सा बन जाते हैं।
