रोचक जानकारियां : ज्ञान-विज्ञान

 समुद्र की गहराइयों
में छिपी रहस्यमयी दुनिया 

धरती पर इंसान ने ऊंचे पहाड़ों को नाप लिया, अंतरिक्ष में पहुंचकर दूसरे ग्रहों की खोज शुरू कर दी और चांद तक पर कदम रख दिया। लेकिन हमारी ही धरती का एक विशाल हिस्सा आज भी रहस्यों से भरा है। यह हिस्सा है समुद्र की गहराइयों का। समुद्र की सतह पर लहरें दिखाई देती हैं, लेकिन उसके नीचे एक ऐसी दुनिया बसी है, जिसके बारे में विज्ञान आज भी पूरी जानकारी हासिल नहीं कर पाया है। यहां अंधेरा है, भयानक दबाव है, जमा देने वाली ठंड है और ऐसे जीव हैं, जिनकी कल्पना करना भी मुश्किल है।

पृथ्वी की सतह का लगभग 71 प्रतिशत हिस्सा समुद्र से ढका है। इसके बावजूद समुद्र की गहराइयों का बड़ा हिस्सा आज भी वैज्ञानिकों के लिए अनजाना है। समुद्र में लगभग 200 मीटर नीचे जाने पर सूर्य की रोशनी तेजी से कम होने लगती है। 1,000 मीटर से अधिक गहराई पर सूर्य का प्रकाश लगभग पूरी तरह समाप्त हो जाता है। यहां तापमान औसतन चार डिग्री सेल्सियस के आसपास रहता है। गहराई बढ़ने के साथ पानी का दबाव भी असाधारण रूप से बढ़ता जाता है। समुद्र की ऐसी परिस्थितियों में सामान्य इंसान का जीवित रहना संभव नहीं है। इसके बावजूद यहां जीवन की अनोखी दुनिया मौजूद है।

इस दुनिया की सबसे दिलचस्प विशेषताओं में से एक है बायोल्यूमिनेसेंस यानी जीवों द्वारा स्वयं प्रकाश पैदा करना। समुद्र की गहराइयों में कई मछलियां और दूसरे जीव अपने शरीर से रोशनी निकालते हैं। कोई इस रोशनी का इस्तेमाल शिकार को आकर्षित करने के लिए करता है, तो कोई दुश्मनों से बचने या साथी को पहचानने के लिए। कुछ मछलियों के शरीर पर चमकने वाले अंग होते हैं। वहीं कुछ जीव इतने विचित्र आकार के होते हैं कि उन्हें देखकर किसी काल्पनिक दुनिया का एहसास होता है। वैज्ञानिकों के अनुसार, खुले समुद्र के जलक्षेत्र में रहने वाले 75 प्रतिशत से अधिक जीव प्रकाश पैदा करने में सक्षम हैं।

समुद्र की गहराइयों में एक और आश्चर्यजनक दुनिया हाइड्रोथर्मल वेंट्स की है। ये समुद्र तल पर मौजूद ऐसे छिद्र होते हैं, जिनसे अत्यधिक गर्म और खनिजों से भरपूर पानी बाहर निकलता है। वर्ष 1977 में गैलापागोस द्वीप समूह के पास लगभग 2,500 मीटर की गहराई में वैज्ञानिकों ने पहली बार इनका अध्ययन किया। सबसे हैरान करने वाली बात यह थी कि सूर्य की रोशनी के बिना भी वहां जीवों का पूरा पारिस्थितिकी तंत्र मौजूद था। ये जीव सूर्य के प्रकाश के बजाय रासायनिक ऊर्जा पर निर्भर रहते हैं। इस खोज ने जीवन को लेकर विज्ञान की पुरानी धारणाओं को बदल दिया।

समुद्र की सबसे गहरी जगहों में मारियाना ट्रेंच का चैलेंजर डीप शामिल है, जिसकी गहराई लगभग 11,000 मीटर है। यहां तक पहुंचना भी वैज्ञानिकों के लिए बड़ी चुनौती है। विशेष पनडुब्बियों, रोबोट और आधुनिक उपकरणों की मदद से समुद्र की गहराइयों का अध्ययन किया जा रहा है। वैज्ञानिकों का मानना है कि वहां अभी भी अनेक ऐसे जीव और प्राकृतिक संरचनाएं मौजूद हो सकती हैं, जिनकी खोज बाकी है। समुद्र की गहराइयों को समझना केवल जिज्ञासा का विषय नहीं है। इससे जलवायु परिवर्तन, समुद्री पारिस्थितिकी, जैव विविधता और भविष्य में उपयोगी औषधियों की खोज में भी मदद मिल सकती है। समुद्र की गहराइयां हमें याद दिलाती हैं कि विज्ञान ने भले ही बहुत प्रगति कर ली हो, लेकिन प्रकृति के रहस्यों को समझने का सफर अभी अधूरा है। जिस धरती पर हम रहते हैं, उसी का एक विशाल संसार आज भी हमारी खोज का इंतजार कर रहा है।

Layer 1225 (1)

Author