यात्रा वृतांत : अयोध्या एवं वाराणसी

अशोक शंकर त्रिपाठी,
ठाणे

यद्यपि मैं अयोध्या धाम और वाराणसी की यात्रा पहले तीन बार कर चुका हूं पर राम लला के मन्दिर निर्माण के पश्चात और अपने वृहद परिवार जनों के साथ यात्रा नहीं की थी अतः मैंने अयोध्या भ्रमण का कार्यक्रम बनाना प्रारम्भ किया। अब सब की सुविधानुसार उचित समय, अनुकूल मौसम तथा ऐसा समय जब अधिक भीड़ न हो, का चयन करना था जिससे समस्त परिवार जन साथ चल सकें| मेरी सबसे छोटी बहन भारती शुक्ला जो पुणे में रहती है और स्कूल प्राध्यापिका है उसकी छुट्टी को ध्यान में रखते हुए 11 से 15 सितम्बर के मध्य अयोध्या और वाराणसी भ्रमण का कार्यक्रम बनाया गया क्योंकि इस अवधि में महाराष्ट्र के विद्यालयों में सामान्यतः अवकाश रहता है| इस अवधि की स्वीकृति ग्रुप के अन्य सदस्यों – (मेरी छोटी बहन वीना अवस्थी एवं बहनोई श्री राजेश अवस्थी जी जो गाजियाबाद / गुरुग्राम निवासी हैं तथा मेरे बच्चों की मौसी (उपमा शुक्ला) जो गुरुग्राम में रहती हैं) ने भी दे दी| अब यात्रा प्रबंधन के लिए मैंने Make My Trip (एमएमटी – यात्रा प्रबंधक) से संपर्क किया और उनके सौजन्य से एक अच्छा सा ग्रुप ट्रैवल पैकेज बनवाया तथा इसकी सहमति सभी सदस्यों से लेकर 20% अग्रिम भुगतान कर मैंने ट्रैवल बुकिंग कर दी| तत्पश्चात हवाई यात्रा की बुकिंग भी कर दी| ग्रुप के तीन सदस्यों का प्रस्थान मुंबई से अयोध्या, दिल्ली होते हुए (बुकिंग के समय मुंबई से अयोध्या की सीधी उड़ान उपलब्ध न होने के कारण) तथा बाकी के तीन सदस्यों की यात्रा दिल्ली से अयोध्या की होनी थी| लगभग तीन माह पहले बनाई गई योजना तथा तदनुसार की गई बुकिंग में कोई परिवर्तन न हो ऐसा याद कदा ही होता है| बुकिंग करने के एक माह पश्चात एअर इंडिया ने किसी कारणवश अपनी मुंबई – दिल्ली – अयोध्या की उड़ान निरस्त कर दी| अब मुझे सब की सुविधानुसार (मितव्ययिता को ध्यान में रखकर) वैकल्पिक व्यवस्था करनी पड़ी अतः सब लोगों की टिकट इंडिगो से बुक की गई| इस परिवर्तन का सुखद पहलू यह हुआ की दिल्ली से अयोध्या तक की टिकट सब लोगों की एक ही फ्लाइट में बुक की गई जोकि पहले अलग – अलग फ्लाइट में थी

एमएमटी के यात्रा प्रबंधन में निम्नांकित सुविधाएं सम्मिलित थीं:

1. चार सितारा (अयोध्या धाम) एवं पाँच सितारा (वाराणसी) होटल में बुकिंग – छह सदस्यों के लिए दोनों होटल में 3-3 कमरे दो – दो रात के लिए

2. दो एसी गाड़ियां पाँच दिनों के लिए हमारे साथ पूरे समय के लिए

3. एयरपोर्ट से पिकअप एवं होटल में स्थानांतरण

4. स्थल भ्रमण – अयोध्या धाम – श्री राम जन्म भूमि मन्दिर, राम की पैड़ी, घाट, अयोध्या और उसके आस पास के प्रमुख दर्शनीय स्थल

5. हनुमान गढ़ी में एक समर्पित पण्डित जी के द्वारा दर्शन करवाना

6. कनक भवन, दशरथ महल इत्यादि प्रमुख मंदिरों का दर्शन

7. पण्डित जी के द्वारा सरयू आरती करवाना

8. कार द्वारा अयोध्या धाम से वाराणसी स्थानांतरण

9. वाराणसी में गंगा आरती का दर्शन

10. श्री काशी विश्वनाथ मन्दिर में एक समर्पित पण्डित जी के द्वारा दर्शन करवाना

11. अन्नपूर्णा मन्दिर, संकट मोचन मन्दिर के दर्शन, तथा बनारस हिन्दू यूनिवर्सिटी एवं सारनाथ का भ्रमण

12. वाराणसी एवं उसके आस पास के प्रमुख स्थलों का दर्शन

13. अंतिम दिन होटल से एयरपोर्ट के लिए स्थानांतरण

14. यात्रा प्रबंधक को उपरोक्त सेवाओं के लिए मैंने उन्हें 1.55 लाख रुपये का भुगतान किया था |

यात्रा वृतांत:

10 सितंबर को मेरी छोटी बहन पुणे से हमारे पास शाम तक पहुँच गई| यात्रा प्रबंधक के द्वारा मैंने मुंबई एवं दिल्ली के सारे यात्रियों की वेब चेक इन करवा कर सब लोगों को बोर्डिंग पास भेज दिए थे जिससे हमें इस झंझट में नहीं पड़ना पड़ा| साथ ही अयोध्या एवं वाराणसी के पंडितों ने तथा दोनों कार चालकों ने यात्रा से 2 दिन पूर्व हमसे संपर्क कर लिया जिससे हमें आगे के कार्यक्रमों की निश्चिंतता हो गई| चूंकि हमारी फ्लाइट 11 सितंबर को मुंबई के टर्मिनल 2 से प्रातः 5 बजे थी अतः हम लोग 10 की रात को 1 बजे अपने घर ठाणे से एयरपोर्ट के लिए निकले| हम लोगों ने डीजी यात्रा के माध्यम से एयरपोर्ट में आसानी से प्रवेश किया, चेक इन इत्यादि की औपचारिकता पूर्ण करके हम लोग अपने विमान के प्रवेश द्वार के निकट बैठ कर थोड़ा विश्राम किया| यद्यपि दिल्ली में हमें फ्लाइट चेंज करनी थी जिसका बोर्डिंग कार्ड हमें मिल गया था, पर हमारा चेक इन सामान हमें सीधे अयोध्या में मिलना था अतः इस बात का संतोष था| 4:15 से हमारी बोर्डिंग चालू हो गई तब हम लोग फ्लाइट में जाकर सो गए| प्रातः 7 बजे हमारा विमान दिल्ली में टर्मिनल 1 पर उतरा| टर्मिनल 1 से बाहर आकर हम लोग एयरपोर्ट के कोच से ही टर्मिनल 2 की ओर आये क्योंकि हमारी अयोध्या धाम की फ्लाइट टर्मिनल 2 से थी| आधे घंटे बाद हम लोग टर्मिनल 2 पर पहुंचे वहाँ पर चेक इन की औपचारिकताएं पूर्ण करके हम लोग अन्दर पहुंचे, वहीं पर अवस्थी जी (मेरे बहनोई) हमारी प्रतीक्षा कर रहे थे| उनके साथ हम लोग बोर्डिंग गेट तक गए जहां वीना और उपमा मिलीं| एक दूसरे से मिलकर सभी को प्रसन्नता हुई और सबके चेहरे खिल गए| अब यात्रा का पूरा माहौल बन गया| वीना और उपमा पूड़ी सब्जी, घर के बने लड्डू इत्यादि लेकर आई थीं| चूंकि हमारी फ्लाइट के प्रस्थान का समय 9:40 बजे था अतः सब लोगों ने भरपूर स्वल्पाहार किया जिससे सभी आनंद मग्न हो गए, ऐसा लग रहा था की जैसे हम लोग पिकनिक मना रहे हैं| यहीं से फोटो सेशन चालू हो गया| यथा समय हमारा विमान अयोध्या धाम की ओर प्रस्थान किया| फ्लाइट में सब लोग आगे पीछे साथ-साथ ही बैठे (जिसका यात्रा प्रबंधक के द्वारा मैंने विशेष ध्यान रखा था) अतः सब लोग गप-शप / मस्ती करते हुए यात्रा का आनंद लेने लगे| लगभग सवा घंटे के पश्चात 11 बजे हम लोग अयोध्या धाम पहुंचे|
प्रथम दिवस 11/9/26 – अयोध्या धाम एयरपोर्ट बहुत सुन्दर बनाया गया है| लगेज बेल्ट से सामान एकत्र करने के पश्चात मैंने चालकों से संपर्क किया और थोड़ी देर में दोनों गाड़ियां आ गईं, यहीं पर हमारे ग्रुप का विभाजन दो भागों में हो गया| ग्रुप के सदस्यों ने कुल्हड़ वाली चाय पीने की इच्छा प्रकट की| हमारे चालक ने बताया की जिस होटल में हमें रुकना है उसके बाहर एक टपरी में बहुत अच्छी चाय मिलती है अतः हम लोग अयोध्या की सड़कों का आनंद लेते हुए अवध क्लासिओ होटल, जोकि अवध माल के अन्दर स्थित है पहुंचे| वहाँ चेक इन के लिए अपने सब लोगों के आइडी प्रूफ देकर हम लोग टपरी पर चाय पीने के लिए आ गए| वहाँ चाय बनाने के लिए कहकर हम लोग प्रतीक्षा करने लगे, उस टपरी में गरमा गरम समोसे तले जा रहे थे जिसकी सुगन्ध ने सबको लालायित कर दिया अतः सब लोगों ने स्वादिष्ट समोसों के स्वाद के साथ चाय की चुस्कियाँ लीं| तत्पश्चात होटल में अपने कमरों में जाकर सब लोग फ्रेश होने / नहाने गए| चालकों ने हमें 3 बजे होटल से मन्दिर के लिए प्रस्थान करने लिए आग्रह किया था| नियत समय पर हम लोग मन्दिर की ओर प्रस्थान किये| गाड़ियों को मन्दिर से लगभग 1 किलोमीटर पहले टेढ़ी बाजार चौराहे पर रोक दिया गया, वहाँ से चालकों ने हमें गोल्फ कार्ट में बैठाया, वहाँ से पैदल या ई रिक्शा / गोल्फ कार्ट से ही आगे जाना पड़ता है| मन्दिर परिसर के सामने गोल्फ कार्ट वाले ने हमें उतार दिया| परिसर के सामने उडुपी रेस्टोरेंट दिखा, उस समय तक सबको भूख लग गयी थी| अतः हम लोग रेस्टोरेंट में जाकर अपनी – अपनी रुचि के अनुसार भोजन का ऑर्डर दिया| हम लोग भोजन कर रहे थे तभी पण्डित जी का फोन आ गया उन्हें हमने रेस्टोरेंट के पास ही बुला लिया| भोजन करके हम लोग रेस्टोरेंट से नीचे आए, पण्डित जी हमें वहीं मिल गए| पण्डित जी ने हमें पहले हनुमान गढ़ी के दर्शन हेतु चलने के लिए कहा और बताया कि पहले आप हनुमान जी से श्री राम लला के दर्शन की आज्ञा लीजिए तब श्री राम मन्दिर की ओर प्रस्थान कीजिए क्योंकि तुलसीदास जी ने भी श्री राम चरित मानस में कहा है “राम दुआरे तुम रखवारे, होत न आज्ञा बिनु पैसारे”| अतः पण्डित जी के साथ हम लोग पैदल ही गलियों से होते हुए हनुमान गढ़ी की ओर गए जो लगभग 1 किलोमीटर की दूरी पर था| वहाँ पण्डित जी हम लोगों को श्री हनुमान जी के दिव्य दर्शन करवाए| यद्यपि वहाँ काफी भीड़ थी पर पण्डित जी के सहयोग से हमें सुगमता से दर्शन हो गए| दर्शन करके पण्डित जी हम लोगों को मन्दिर से नीचे लेकर आए और श्री राम लला के मन्दिर की ओर जाने वाली एक गली में यह बताकर छोड़ दिया कि यहाँ से राम मन्दिर थोड़ी दूरी पर है आप लोग वहाँ जाकर वरिष्ठ नागरिकों को मिलने वाले पास के विषय में पता कीजिए जिससे आपके दर्शन सुगमता से हो जाएं| पण्डित जी से अगले दिन के कार्यक्रम (सरयू आरती) के विषय में बात करके हम लोग श्री राम मन्दिर की ओर बढ़े|

यद्यपि वीआईपी दर्शन के लिए मैंने अपने अनुज श्री राकेश शंकर त्रिपाठी (कानपुर) से बात कर ली थी, पर चंदा चोरी प्रकरण की चल रही जाँच के कारण यह सुविधा स्थगित हो गई थी। उनके प्रयास के बाद भी हमारे अयोध्या पहुंचने तक पास की व्यवस्था नहीं हो पाई। पर सुगम पास जारी करने वाले काउंटर पर पहुंचने के पश्चात्, संबंधित अधिकारी ने अपने डिजिटल सिस्टम में चेक कर बताया कि हमलोगों का सुगम पास आज के लिए जारी किया जा चुका है और चौबीस घंटे तक नया पास जारी नहीं किया जा सकता, उसने हमें कहा कि अपने सहयोगी से सम्पर्क करके उनसे सुगम पास की पीडीएफ कॉपी मंगा लीजिए जिससे आप लोग वीआईपी दर्शन की सुविधा ले सकते हैं। चूंकि शाम हो रही थी, अतः हमलोग सामान्य नागरिकों की तरह ही दर्शन करने का निर्णय लेकर आगे बढ़े। पहला पड़ाव (check in counter) से हम आगे बढ़ गए साथ अपने अनुज को इस विषय में सूचित कर दिया था। थोड़ी देर बाद मेरे अनुज ने फोन करके बताया कि आप लोगों का पास उसने हमें व्हाट्सएप से भेज दिया है और संजय नाम के एक सहायक को हमलोगों को दर्शन आसानी से करवाने के लिए भी भेजा है। थोड़ी देर में संजय का फोन आ गया और उसने हम से पहले पड़ाव से वापस आने का आग्रह किया जिससे कि वह हमें वीआईपी द्वार से प्रवेश कराकर सुगमता से दर्शन करवा सके। मोबाइल फोन, स्मार्ट वाच, कैमरा तथा इलेक्ट्रॉनिक सामान मन्दिर में प्रवेश के पूर्व लाकर में जमा करना पड़ता है| यहाँ यह उल्लेखनीय है कि, राकेश शंकर त्रिपाठी (मेरे अनुज) स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की अयोध्या शाखा में एक वरिष्ठ अधिकारी के रूप में कार्यरत थे, अतः उनका संपर्क “श्री राम जन्म भूमि तीर्थ क्षेत्र” के अधिकारियों के साथ अभी भी है, इसी संपर्क के कारण हमें यह सुविधा उपलब्ध हो पायी|
यद्यपि इस प्रकरण में हमें थोड़ी असुविधा अवश्य हुई, पर संजय के सौजन्य से हमें पूरे मन्दिर परिसर में स्थापित देवी देवताओं के बहुत अच्छे दर्शनों का सौभाग्य प्राप्त हुआ और साथ ही संजय ने हमें सायंकालीन आरती के ठीक पहले 6:30 के आस पास, श्री राम लला के विग्रह के सामने वीआईपी लाइन में खड़ा करवा दिया, थोड़ी देर में ही हमारे सामने आरती प्रारम्भ हुई, तत्पश्चात भगवान को भोग लगाया गया, इन पूरे दृश्यों को देखने का हमें परम सौभाग्य प्राप्त हुआ। दर्शन के बाद लाइन से बाहर आकर संजय के सौजन्य से हमलोगों को एक बार पुनः राम लला के दर्शन (उनके पुराने विग्रह, जो पहले टेंट में रहते थे) के साथ करने का परम सौभाग्य प्राप्त हुआ। इस पूरे घटनाक्रम का आकलन करने पर हमें एक बात समझ में आई कि ये क्षणिक असुविधाएं हरि प्रेरित थीं, क्योंकि हमारे इष्ट देव हमें अपने और अपनी आरती के दर्शन अच्छी तरह देना चाहते थे, यही हमारे ग्रुप का मत है|

तत्पश्चात प्रसाद लेकर हम लोग मन्दिर परिसर से बाहर आए। उसके बाद संजय ने हमलोगों को ई रिक्शा से ले जाकर कनक भवन मंदिर के दर्शन करवाए। वहाँ से हमसे विदा लेकर संजय अपने घर की ओर निकल गये क्योंकि तब तक रात के 8 बज गए थे। उधर से हम लोग ई रिक्शा से ही दशरथ महल आए और मन्दिर के दर्शन किये| यहाँ पूछने पर पाता चला कि, श्री लाल साहब जी भगवान (हमारे इष्ट देव) का दरबार कनक भवन मन्दिर के प्रांगण में ही मुख्य मन्दिर के बाहर दाहिने ओर स्थित है| अतः हमलोग ई रिक्शा से एकबार पुनः कनक भवन की ओर गए और वहाँ जाकर श्री लाल साहब जी भगवान (हमारे इष्ट देव) के दर्शन प्राप्त किये, वहाँ जाकर मैं अभिभूत हो गया और अपने इष्ट देव को दंडवत प्रणाम किया| तत्पश्चात हमलोग ई रिक्शा से टेढ़ी बाजार, जहाँ पर हमारी गाड़ियां खड़ी थीं, की ओर आये और वहां से वापस होटल पहुंचे। एक मंदिर से दूसरे मंदिर ई रिक्शा से हुए आवागमन के मध्य मैं चालक के साथ आगे बैठता था और हमारे बहनोई समस्त महिलाओं के साथ पीछे की सीट पर बैठते थे, जैसे गोपियों के मध्य कन्हैया। अतः मैंने उनका नया नामकरण कन्हैया कर दिया।

टेढ़ी बाजार से मंदिर तक जाने या वहां से वापस आने का किराया मात्र 20 रुपये प्रति व्यक्ति है जिसका पालन सभी ई रिक्शा वाले करते हैं, अन्यथा उनके विरुद्ध दंडात्मक कार्यवाही की जा सकती है| यह एक विशेष नोट करने वाली बात है।

होटल में अपने कमरों में फ्रेश होने के बाद सब लोग उसी मॉल के फूड कोर्ट में डिनर करके रात 11 बजे के बाद अपने कमरों में विश्राम के लिए गए, चूंकि उस दिन काफी चलना हो गया था (लगभग 10 किलोमीटर) अतः सभी पूरी तरह से थक चुके थे। अगले दिन प्रातः कोई विशेष कार्यक्रम नहीं था अतः सब लोग आराम से उठे।

अगले दिन (दिवस 2 – 12/9/26) – होटल में ही स्वल्पाहार करके सब लोग 11 बजे गुप्तार घाट गए, वहां उफनती हुई सरयू नदी की विशालता, घाट पर बने सुन्दर पक्की कुटियों को देखकर अत्यन्त अच्छा लगा।

गुप्तार घाट, अयोध्या धाम

वहां के मन्दिर के दर्शन करके और आस पास के पार्कों / हरित क्षेत्र जोकि कैंटोनमेंट है में देखकर/ घूमकर वापस दोपहर को होटल पहुंचे। वहीं फूड कोर्ट में सब लोगों ने भोजन किया। थोड़ी देर मॉल में घूमकर सबलोग अपने कमरों में विश्राम के लिए गए। शाम को लगभग पांच बजे हमलोग सरयू आरती के लिए गए, जो मंदिर परिसर के आगे उसी सड़क पर लगभग एक किलोमीटर की दूरी पर लता मंगेशकर चौक के आगे है। लता मंगेशकर चौक काफी सुंदर बनाया गया है, देखकर अत्यन्त अच्छा लगा। राम की पैड़ी आदि देखकर सरयू तट पर गए। पंडित जी हमें वहीं मिल गए।

राम की पैड़ी उत्तर सरयू नदी के तट पर स्थित घाटों और सीढ़ियों की एक प्रसिद्ध श्रृंखला है। दीपावली में दीपोत्सव के समय यहाँ लाखों दिए जलाए जाते हैं, रंग विरंगी रोशनी से इसकी अद्भुत छटा देखते ही बनती है| पंडित जी हमलोगों को सरयू तट पर लेकर गए, वहां बाढ़ के कारण तट की अधिकांश सीढ़ियां जलमग्न थीं, वहीं पर एक दो सीढ़ी नीचे उतर कर हमलोग पंडित जी के मंत्रोच्चार के साथ पितरों का तर्पण किया और सरयू जी की आरती की। उसके बाद पंडित जी हमलोगों को मंदिर ट्रस्ट द्वारा आयोजित सरयू आरती के पास छोड़ दिया। लगभग एक घण्टे तक सरयू आरती के दर्शन का आनंद लेकर हमलोग वापस अपने गंतव्य (होटल) की ओर गए। होटल पहुँचकर थोड़ी देर बाद हमलोग फूड कोर्ट गए| आज हमारे बैठने के लिए उन लोगों ने अलग कमरे में व्यवस्था कर दी| लम्बी सी डाइनिंग जिसमें सबलोग एक साथ बैठकर, गप्पें मारते हुए अपनी रुचि का आराम से भोजन कर सकें| यह अद्भुत क्षण थे जिसका हमलोगों ने पूर्ण आनंद लिया| वहाँ का एक परिसेवक बहुत अच्छा था, बहुत ही प्यार से भोजन कराता था, वह उत्तराखंड का रहने वाला था| उन पलों की सुनहरी यादें हमारी स्मृति में आज भी ताजा हैं|

अगले दिन (तृतीय दिवस – 13/9/26 ) – हमलोग होटल में स्वल्पाहार करके प्रातः 9 बजे वाराणसी की ओर प्रस्थान किये।

अयोध्या से वाराणसी की दूरी 220 किलोमीटर है। लगभग 20 किलोमीटर चलने के बाद, रास्ते के पास ही नंदीग्राम गए जहां भरत जी ने श्री राम जी के वनवास के बाद, 14 वर्ष तक तपस्या की थी। वहां भरत जी की गुफा (तपस्या स्थल) तथा अन्य मंदिरों के दर्शन के बाद, भरत कुण्ड के दर्शन किए, तत्पश्चात वाराणसी की ओर प्रस्थान किये।

वाराणसी का रास्ता अच्छा था, अतः 4-5 घण्टे का सफर आसानी से कट गया। लगभग 2 बजे हम वाराणसी पहुँचे और होटल के निकट ही एक अच्छे से शाकाहारी रेस्टोरेंट में भोजन करके “द क्लार्क वाराणसी” होटल में चेक इन किया, हमलोगों की बुकिंग इसी होटल में थी। अपने कमरों में अपना सामान व्यवस्थित करके और क्षणिक विश्राम करने के पश्चात् हमलोग नमो घाट गंगा आरती देखने के लिए गए, क्योंकि बाकी सारे घाट बाढ़ के कारण गंगा नदी में डूबे हुए थे, सारी नाव तथा क्रूज भी बन्द थे। आरती दर्शन के लिए हमलोग खड़े थे, भीड़ बढ़ती जा रही थी, पीछे से आकर लोग आगे घुसते ही चले आ रहे थे, इस अव्यवस्था को देखकर हमलोगों ने वहां से लौटने का निर्णय लिया। वहीं से पास में हम अपने एक सम्बन्धी के घर (हमारे छोटे भाई की ससुराल) गए क्योंकि उनके घर में पिछले 3-4 माह में तीन लोग काल कवलित हो चुके थे। चूंकि हम लोग वाराणसी में थे, अतः थोड़ा समय निकालकर उनके यहां संवेदना प्रगट करने के लिए जाना हमने उचित समझा। वहाँ जाकर हमलोगों को तथा उनके परिवार वालों को भी अच्छा लगा| वहां से होटल वापस जाते समय “ओम श्री राम भंडार” में बनारस की प्रसिद्ध चाट खाकर / अद्भुत स्वाद का आनन्द लेकर वापस होटल पहुंचे।

अगले दिन (चतुर्थ दिवस – 14-Sep-2026) – काल भैरव बाबा और बाबा विश्वनाथ के दर्शन का दिन –

सोमवार भोलेनाथ का दिन, हर तालिका तीज और गणेश चतुर्थी तथा हमारी प्यारी बहन भारती का जन्म दिन (तिथि के अनुसार)
अतः हमारे ग्रुप के कुछ सदस्यों ने उपवास रखा था। हम लोग बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिये प्रातः 6:30 होटल से निकले। चालकों ने हमें भैरवनाथ चौराहे के पास उतार दिया क्योंकि उसके आगे गाड़ियों का प्रवेश वर्जित है। वहां से थोड़ी दूर पैदल चलकर काल भैरव बाबा के दर्शन करने गये। प्रातः काल का समय था, यद्यपि सोमवार का दिन था फिर भी उस समय तक भीड़ नहीं हुई थी, अतः हमलोगों को काल भैरव बाबा के दिव्य दर्शन प्राप्त हुये। काल भैरव बाबा को काशी का कोतवाल कहा जाता है, और ऐसी मान्यता है कि उनकी अनुमति लेकर ही बाबा विश्वनाथ के दर्शन करना चाहिए। यात्रा प्रबंधक ने बाबा विश्वनाथ के दर्शन की सहायतार्थ हमारे लिए अलग से एक पंडित जी की व्यवस्था कर रखी थी। पण्डित जी ने हमारे लिए वीआईपी (सुगम पास) पहले से ही ले लिया था। अतः गोल्फ कार्ट से हमलोग द्वार क्रमांक 4 पर पण्डित जी से हुई वार्ता के अनुसार नियत स्थान पर पहुंचे| वहां थोड़ी देर की प्रतीक्षा के उपरांत पंडित जी हमलोगों को द्वार 4 से अन्दर ले गए। मैंने भी हमारे एक मित्र के सहयोग से मंदिर प्रांगण में रुद्राभिषेक करवाने के लिए एक और पण्डित जी से बात कर रखी थी, वो भी हमें वहीं मिल गए। मंदिर प्रांगण में प्रवेश करने से पूर्व, अयोध्या की भांति यहां भी मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच तथा कैमरा आदि लॉकर में जमा करना पड़ा। तत्पश्चात पंडित जी हमलोगों को वीआईपी लाइन से बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए ले गए, यह आगे जाकर बाबा विश्वनाथ (मुख्य शिवलिंग) से 2 मीटर पूर्व सामान्य लाइन में ही समाहित होती है, जहां से एक – एक करके लोग दर्शन हेतु आगे बढ़ते हैं। दर्शन के उपरांत मंदिर प्रांगण में स्थिति गणेश जी तथा अन्य मुख्य देवी देवताओं के दर्शन करवाकर यात्रा प्रबंधक के पंडित जी ने हमसे विदा ली। यद्यपि यात्रा प्रबंधक ने उन्हें उनकी सेवा के लिए पहले से ही भुगतान कर रखा था, पर हमने उनको अपनी ओर से भी दक्षिणा दी, क्योंकि इसकी अपेक्षा उन लोगों को सदैव रहती है, यही उनके जीविकोपार्जन का साधन है। तत्पश्चात हमारे पंडित जी ने हमें रुद्राभिषेक के लिए अपने साथ लिया, और मुख्य मंदिर के पास ही स्थापित अतिरिक्त शिवलिंग में से एक में हम छहों लोगों को एकसाथ रुद्राभिषेक करवाया, दुग्ध एवं समस्त पूजन सामग्री की व्यवस्था पंडित जी ने स्वयं करके रखी थी अतः हमें पूजा करने के अतिरिक्त और कोई प्रयास नहीं करना पड़ा। इस पूजा के लिए डेढ़ घंटे का समय लगा। रुद्राभिषेक पूजा के लिए मंदिर ट्रस्ट की ओर से 450 रुपए प्रति युगल + 450 रुपए प्रति अतिरिक्त व्यक्ति निर्धारित फीस है, जिसके लिए पंडित जी को मैंने 2,000 रुपए पहले से ही भुगतान कर दिया था। पंडित जी को पूजा के लिए 2,100 + 500 रुपये (रुद्राभिषेक हेतु दस लीटर दूध के लिए) मैंने अलग से भुगतान कर दिया।
हम लोगों के दर्शन एवम् पूजन का कार्यक्रम 10 बजे तक सम्पन्न हो गया। प्रसाद ग्रहण करने के पश्चात् हमलोग मन्दिर परिसर से ही अन्नपूर्णा देवी माता के मंदिर की ओर गए| मन्दिर में दर्शन के उपरांत सबलोग द्वार 4 के बाहर पहुंचे, वहाँ सबलोगों ने लॉकर से अपना सामान लिया और अपने जूते, चप्पल पहन कर जहां हमारे चालकों ने आने के लिए कहा था, उस ओर गए। वहाँ से अपनी गाड़ियों में बैठकर सबलोग दुर्गा माता मन्दिर एवम् संकट मोचन मंदिर दर्शनार्थ गए। वहां से चालकों ने हमलोगों को बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) के प्रांगण में घुमाया, उसी प्रांगण में बैठकर होटल से लाये गए पैक्ड ब्रेकफास्ट को खाकर तथा प्रांगण में स्थिति दुकानों से लस्सी पीकर हमलोगों ने अपनी – अपनी क्षुधा पूर्ति की। तत्पश्चात हमलोग होटल वापस विश्राम हेतु पहुंचे।

शाम को 4 बजे हमलोग सारनाथ घूमने गए। सारनाथ वाराणसी से लगभग 10 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में स्थित एक प्रमुख ऐतिहासिक और धार्मिक तीर्थस्थल है। यह स्थान बौद्ध, जैन और हिन्दू धर्मों के लिए विशेष महत्व रखता है।

मुख्य विशेषताएँ और इतिहास

* प्रथम उपदेश (धर्मचक्रप्रवर्तन)- ज्ञान प्राप्ति के बाद भगवान गौतम बुद्ध ने अपने प्रथम पाँच शिष्यों को यहीं अपना पहला उपदेश दिया था, जिसे बौद्ध इतिहास में ‘धर्मचक्रप्रवर्तन’ कहा जाता है।

* यूनेस्को विश्व धरोहर- 25 जुलाई 2026 को सारनाथ के प्राचीन बौद्ध स्थल को आधिकारिक तौर पर भारत का 45वाँ यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल घोषित किया गया है।

* प्राचीन नाम- इसे प्राचीन काल में ‘ऋषिपट्टन’, ‘मृगादव’ या ‘इसिपाटन’ के नाम से भी जाना जाता था।

प्रमुख दर्शनीय स्थल

* धम्मेक स्तूप- सम्राट अशोक द्वारा लगभग 249 ईसा पूर्व बनवाया गया एक विशाल बेलनाकार स्तूप (ऊँचाई करीब 34–43 मीटर), जो उसी स्थान की याद दिलाता है जहाँ बुद्ध ने पहला उपदेश दिया था।

* अशोक का चतुर्मुख सिंहस्तम्भ- यहीं से भारत का राष्ट्रीय चिह्न (‘अशोक चक्र’ और सिंह स्तंभ का शीर्ष) लिया गया है।

* चौखंडी स्तूप- ईंटों से बनी एक ऊँची अष्टकोणीय मीनार की तरह की संरचना।

* मूलगंध कुटी विहार- आधुनिक बौद्ध मंदिर जहाँ भगवान बुद्ध के जीवन से जुड़ी सुंदर भित्ति-चित्र और शांतिपूर्ण वातावरण है।

* सारनाथ पुरातत्व संग्रहालय- यहाँ मौर्य काल से लेकर गुप्त काल तक की दुर्लभ मूर्तियाँ और प्राचीन अवशेष सुरक्षित हैं।

* अन्य धार्मिक स्थल- सारंगनाथ महादेव मंदिर (हिंदू), थाई मंदिर, जापानी मंदिर, तिब्बती मठ और जैन मंदिर

यहीं पर वहां के स्थानीय बुनकरों द्वारा निर्मित कपड़े/वस्तुओं के भण्डार गृह का भ्रमण किया तथा वहां की स्मृति हेतु समस्त महिलाओं ने अपनी इच्छानुसार सलवार सूट के कपड़े लिए।

सारनाथ का भ्रमण यादगार रहा। वहां से वापस होटल पहुंचे। थोड़ा विश्राम करने के बाद हमलोग डिनर के लिए पास के उसी रेस्टोरेंट गए जहां पहले दिन लंच किया था। वहां से चालकों को हमने जाने के लिए कह दिया था, अतः भोजनोपरान्त हमलोग होटल की ओर पैदल गए। होटल के बगल में स्थित JHV मॉल गए, वहां थोड़ी देर समय बिताने के बाद होटल पहुंचे। चूंकि अगले दिन प्रातः हमलोगों को दिल्ली और मुंबई की फ्लाइट पकड़नी थी अतः रेस्टोरेंट के प्रबंधक को अगले दिन ब्रेकफास्ट पैकेट प्रातः 5:30 पर (दिल्ली वाले सदस्यों के लिए) तथा 6:30 पर (मुंबई वालों के लिए) बेल डेस्क पर रखने का निर्देश देकर अपने – अपने कमरों में सोने चले गए। प्रातः नियत समय हमलोग एयरपोर्ट पहुंचे। हमारी फ्लाइट जाने में थोड़ा समय था, अतः हमलोगों ने होटल द्वारा प्रदत्त स्वादिष्ट ब्रेकफास्ट का भरपूर आनंद लिया। 9:55 पर नियत समय पर हमलोगों का विमान उड़ा, 12 बजे हमलोग वापस मुम्बई पहुंचे। एयरपोर्ट से हमलोग सीधे दादर गए वहां शिवनेरी एसी बस में अपनी बहन को पुणे के लिए बैठाकर हमलोग 2 बजे ठाणे अपने घर वापस पहुंचे।

इस यात्रा को निर्विघ्न सम्पन्न कराने के लिए हमने ईश्वर को हृदय से धन्यवाद दिया।

इस यात्रा के उल्लेखनीय विंदु निम्नवत हैं:

1. हमारी यात्रा के पूर्व अयोध्या एवम् वाराणसी में अपार वृष्टि हो रही थी जिससे वहां बाढ़ की स्थिति बनी हुई थी। जबकि हमारी यात्रा के समय इन दोनों स्थानों में किसी भी स्थान पर बारिश नहीं हुई जिसके कारण हमारी पूरी यात्रा बिना किसी कठिनाई के सम्पन्न हुई। जबकि हमारी यात्रा के समापन के बाद सितंबर के अंतिम सप्ताह में उत्तर प्रदेश में तूफानी वृष्टि से 57 लोग काल के गाल में समा गए। इससे यह प्रगट होता कि हमारी यात्रा के समय ईश्वर की हमारे ऊपर विशेष कृपा रही। सम्पूर्ण यात्रा में प्रति पल हम सभी को अनुभूति होती रही कि संभवतः यात्रा के समय का चयन और प्रबंधन ईश्वरीय अनुकंपा से ही सम्पन्न हो पाया| प्रत्येक दर्शन में तथा अनेक अवसरों में हमें इन चमत्कारों का साक्षात्कार होता रहा इससे यह यात्रा और भी स्मरणीय हो गई|

2. अयोध्या धाम और वाराणसी का पिछले 10 वर्षों की तुलना में बदला हुआ विकसित स्वरूप देखने को मिला।

3. अयोध्या धाम और वाराणसी में स्वच्छता, विशेष रूप से कहीं भी पॉलीथिन कैरी बैग का प्रयोग न होना।

कुल मिलाकर हमारी यह छोटी सी यात्रा अप्रतिम एवम् अविस्मरणीय रही।

Author