एआई के युग में कल्कि अवतार

AI
राजकुमार जैन,
एआई विशेषज्ञ,
इंदौर

एआई के युग में कल्कि अब अकेले अवतार नहीं लेंगे, असंख्य जाग्रत विवेकों का समवेत स्वर होगा।

श्वेत अश्व नहीं, सर्वर रूम होगा नया कुरुक्षेत्र; एआई के युग में अंतिम युद्ध मशीन और मनुष्य के बीच नहीं, मानवीय विवेक और आसुरी महत्वाकांक्षा के बीच होगा।

पुराणों ने कल्कि की प्रतीक्षा एक श्वेत अश्व की टाप के साथ की है: हाथ में खड्ग, नेत्रों में युगांत की ज्वाला, और सम्मुख अधर्म की एक सुनिश्चित राजधानी। किंतु आज अधर्म की राजधानी किसी दुर्ग में नहीं बसती। वह एक शीतलित, निःशब्द कक्ष में है, जहां सहस्रों सर्वर अहर्निश गुंजार करते हैं और जहां से उठा एक असत्य पल भर में करोड़ों मस्तिष्कों की देहरी लांघ जाता है। प्रश्न यह है कि उस कक्ष के द्वार पर कौन-सा अश्व पहुंचेगा, और कौन-सा खड्ग भीतर के अंधकार को बेध सकेगा।

भारतीय चिंतन में अवतार केवल देवकथा नहीं, संकट और समाधान का दार्शनिक संवाद है। जब प्रलय में जीवन के बीज संकट में थे, मत्स्य ने उन्हें सहेजा; जब मंथन को आधार चाहिए था, कूर्म ने धैर्य की धुरी दी; जब पृथ्वी जलमग्न हुई, वराह ने उसका उद्धार किया। नृसिंह ने हिरण्यकशिपु की अहम्मन्यता को, वामन ने असीम महत्वाकांक्षा को, परशुराम ने निरंकुश सत्ता के मद को, राम ने रावण के विलासी दंभ को, और कृष्ण ने कंस तथा कौरवी कुटिलता को पराभूत किया। बुद्ध ने रक्तरंजित व्यवस्था के बीच करुणा का पथ आलोकित किया। हर अवतार अपने युग की किसी एक विशिष्ट व्याधि का उपचार था, और दशम अवतार कल्कि कलियुग की चरम विसंगतियों के उच्छेदन का प्रतीक बनकर भविष्य में प्रतीक्षारत है।

इन समस्त कथाओं में एक समान सूत्र है: संकट एकस्थ था। अधर्म का एक केंद्र था, एक देहधारी खलनायक और एक भौगोलिक सीमा। रावण लंका के प्राचीरों में था, कंस मथुरा के दुर्ग में; धुरी टूटते ही युग का संत्रास टूट जाता था। आज का कलियुग इससे सर्वथा भिन्न है, क्योंकि वह मायावी है और संजालबद्ध। अधर्म सत्ता के गलियारों में शिष्टाचार ओढ़कर विचरता है, पूंजी के प्रवाह में अदृश्य हो जाता है, दुर्भावनापूर्ण विमर्शों की ओट में घात लगाता है और डिजिटल जगत में प्रकाश की गति से संचरित होता है। भ्रष्टाचार, पर्यावरण-विनाश,सामाजिक विद्वेष और मानवीय शोषण की अब कोई राजधानी नहीं। जहां विसंगति अनंतमुखी हो, वहां एक मुख वाले उद्धारक की कल्पना स्वयं अपर्याप्त हो जाती है।

फिरभी यह संकट जितना नवीन प्रतीत होता है, उतना है नहीं; महाभारत उसका सबसे प्राचीन पूर्वाभास है। कृष्ण ने जब अपनी अजेय नारायणी सेना और निःशस्त्र स्वयं को दुर्योधन तथा अर्जुन के सम्मुख रखा, तब दुर्योधन ने शक्ति का वरण किया और अर्जुन ने विवेक का। परिणाम इतिहास है: सामर्थ्य जिसके पास थी, वह पराजित हुआ; जिसके पास दिशा थी, वह विजयी। भीष्म और द्रोण जैसे अपराजेय योद्धा अधर्म को पहचानकर भी निष्ठा के वचन से बंधे रहे, क्योंकि उनके पास क्षमता थी, पर निर्णय का अधिकार नहीं। धृतराष्ट्र के पास समस्त सूचनाएं थीं, पर दृष्टि नहीं। यही विवेकहीन सामर्थ्य महाभारत की त्रासदी है, और यही आज की आशंका।

कृत्रिम बुद्धिमत्ता इसी प्रश्न को अभूतपूर्व रूप में पुनः सम्मुख लाती है। मानव इतिहास में प्रथम बार ऐसी तकनीक रची गई है जो भाषा की सूक्ष्मताओं को समझती है, ज्ञान के अगाध सागर को क्षण में मथ देती है और निर्णय तक लेने लगी है। यह मानव मेधा का चरमोत्कर्ष है, जो चिकित्सा, खगोल और लोक-कल्याण में युगांतर रच सकता है। यह न असुर है, न अवतार; यह एक दर्पण है, किंतु ऐसा दर्पण जो प्रतिबिंब को गति भी देता है और विस्तार भी। मनुष्य की जो वृत्तियां उसमें झलकेंगी, वही कोटि-गुणित होकर लौटेंगी। और यदि यह दर्पण कभी स्वयं निर्णायक बन बैठे, तब भी प्रश्न यही रहेगा कि उसके भीतर मूल्य किसने गढ़े।
संकट यंत्र की क्षमता में नहीं, उस क्षमता के वरण में है। लोभ को असीम गति मिल जाए, तो एकाधिकार अदृश्य और अभेद्य हो जाता है। छल को डीपफेक का विश्वसनीय मुखौटा मिल जाए, तो सत्य और असत्य का भेद करने वाली जन-चेतना ही शिथिल पड़ने लगती है। सत्ता-लिप्सा ऐसी निगरानी रच ले जो नागरिकों के मन और भावनाओं तक को बांध ले, तो कारागार की दीवारें दिखाई देना बंद हो जाती हैं। और युद्ध-पिपासा को स्वचालित संहारक प्रणालियों का संबल मिल जाए, तो विनाश किसी एक भूगोल में नहीं ठहरता। इन सबमें चुनौती मशीन नहीं है; चुनौती है उसके नियंता की शुचिता और उसका नैतिक उत्तरदायित्व।
इसीलिए कल्कि की अवधारणा को नया विस्तार देना अपरिहार्य है। विकेंद्रीकृत अधर्म का प्रतिकार किसी एक के वश का नहीं; कल्कि को बहुवचन होकर अवतरित होना होगा, अपने-अपने कर्मक्षेत्र में खड़े एक जाग्रत विवेक के रूप में। वह सत्यनिष्ठ पत्रकार की लेखनी में होगा, जो डिजिटल छल के अंधकार को चीरकर यथार्थ को स्थापित करे। वह न्यायविद के विवेक में होगा, जो एल्गोरिद्मिक पक्षपात और तकनीकी एकाधिकार से उपजे शोषण को रोके। वह उस वैज्ञानिक की निष्ठा में होगा, जो कृत्रिम मेधा को पारदर्शिता और मर्यादा की सीमा में आबद्ध रखे। वह पर्यावरण-रक्षक के संकल्प में होगा, जो विकास के नाम पर प्रकृति के क्रूर दोहन को चुनौती दे, और उस करुणा में होगा, जो यंत्रों के युग में दुर्बल के अधिकार और मानवीय गरिमा को अक्षुण्ण रखे। इस कल्कि के हाथ में भौतिक खड्ग नहीं, संविधान की निष्ठा, पारदर्शी वैज्ञानिक दृष्टि और लोक-कल्याण का अटल संकल्प होगा। इन सबका साझा सूत्र एक ही है: शक्ति को विवेक के अधीन रखना।

इस दृष्टि को गीता का दर्शन गहन आधार देता है। सोलहवें अध्याय में कृष्ण मनुष्य के भीतर दो संपदाओं का वर्णन करते हैं, दैवी और आसुरी, और नरक के तीन द्वार गिनाते हैं: काम, क्रोध और लोभ। आज की समस्त तकनीकी विसंगतियां इन्हीं द्वारों का आधुनिक विस्तार हैं; अंतर इतना है कि द्वार अब सर्वर की गति से खुलते हैं। किंतु गीता का सबसे बड़ा संदेश उद्धार की दिशा में है। छठे अध्याय का उद्घोष है कि मनुष्य स्वयं अपना उद्धार करे और स्वयं को पतन में न डाले; अर्थात मुक्ति की प्रतीक्षा किसी बाह्य मसीहा से नहीं की जा सकती। जिस अर्जुन ने गांडीव रख दिया था, उसे कृष्ण ने आदेश नहीं, ज्ञान दिया, और अंत में कहा कि सब कुछ विचारकर जैसा तुम चाहो, वैसा करो। निर्णय की यही स्वतंत्रता उत्तरदायित्व की जननी है।

स्पष्ट है कि इक्कीसवीं सदी का निर्णायक संघर्ष मनुष्य और मशीन के मध्य नहीं, मानवीय विवेक और अनियंत्रित महत्वाकांक्षा के बीच है। जब कोई शिक्षक नई पीढ़ी को आभासी मायाजाल से निकालकर स्वतंत्र विवेक देता है, कोई विधिवेत्ता तकनीकी निरंकुशता पर अंकुश लगाता है, कोई अभियंता अपने रचे तंत्र में सुरक्षा और पारदर्शिता को प्राथमिकता देता है, या कोई सजग नागरिक असत्य और वैमनस्य का माध्यम बनने से इनकार कर देता है, तब वह कल्कि के उसी दायित्व को अपने भीतर साकार कर रहा होता है। दशावतार की परंपरा अन्याय से जूझने का संकल्प देती है, और गीता वह प्रश्न देती है जो हर संकल्प को पवित्र करता है: जिस अधर्म को मैं बाहर मिटाना चाहता हूं, उसका कोई अंश मेरे भीतर तो नहीं पल रहा?

श्वेत अश्व की टाप भले कभी न गूंजे, पर जिस दिन सर्वर कक्ष में बैठा प्रत्येक हाथ कोड की हर पंक्ति लिखने से पहले नारायणी सेना के स्थान पर निःशस्त्र विवेक का वरण करने लगेगा, उसी दिन कल्कि अवतरित हो चुका होगा: किसी एक देह में नहीं, मानवता के आत्मिक पुनर्जागरण में।

Author