चाँद! आज कुछ देर ठहरना

(करवा चौथ पर विशेष)

सीमा त्रिवेदी

सीमा त्रिवेदी साज़, नवी मुंबई

आज चाँद! कुछ देर ठहरना,
मन की आँखों में उतरना।
आज प्रार्थना के अधरों पर,
मौन प्रेम के दीप धरना।

दिन भर की तपती राहों में,
पग-पग ने विश्वास सँवारा।
लिया है निर्जल रह अधरों ने,
सप्तपदी के वचन दुबारा।

लाल चुनर की ओट छिपाए,
हृदय करे है मधुरिम बातें।
मेहँदी की रेखा लाती हैं,
स्नेह-सिक्त परिणय बारातें।

आज चाँद! जब छलनी से,
तेरा रूप निहारा जाएगा।
एक मुख में दो जीवन का,
मंगल-स्वप्न सँवारा जाएगा।

यह व्रत न केवल भूख-प्यास,
न केवल उपवास है,

यह जीवन-साथी के प्रति
अनुराग का मधुमास है।

कभी प्रतीक्षा, कभी समर्पण,
कभी हँसी, कभी नयनों का जल।
प्रेम-छाँह में कट जाते हैं,
जीवन के दुर्गम पथ हरपल।

पर चाँद! आज यह भी कहना,
उससे जो अर्घ्य चढ़ाती है।
त्याग, तपस्या के संग-संग,
वह अपनी ज्योति भी जगाती है।

उसके स्वप्नों को पंख मिलें,
उसकी आकांक्षा मुस्काए।
प्रेम जहाँ सम्मान बने,
वहीं दांपत्य अमर हो जाए।

तब कहना उस प्रियतम से,
प्रेम न केवल अधिकार है।
दो आत्माओं का समर्पण,
दोनों का समान सत्कार है।

रात ढले, फिर भोर खिले,
ऋतुओं का क्रम चलता जाए।
सात जन्म की बात न हो,
बस सातों सुर विश्वास जगाएँ।

आज चाँद! कुछ देर ठहरना,
इस मन की भाषा पढ़ लेना।
एक नारी के मौन प्रेम को,
अपनी चाँदनी में गढ़ लेना।

प्रेम वही आराधना है,
जिसमें दोनों का मान रहे।
एक करे यदि चंद्र-वंदना,
दूजे का भी सम्मान रहे।

चाँद! आज कुछ देर ठहरना,
इस नारी का मौन समझना।
जिस प्रेम में उसका अस्तित्व खिले,
उस प्रेम को ही सौभाग्य कहना।

Author