अशोक अंजुम की नवीनतम ग़ज़लें
अशोक अंजुम, अलीगढ़
सच बताओ किधर से है मारी ग़ज़ल
है तुम्हारी नहीं ये तुम्हारी ग़ज़ल
कुछ इधर से लिया कुछ उधर से लिया
यौं बना दी है तुमने भिखारी ग़ज़ल
शे’र के साथ कातिल अदाएं भी हैं
बज़्म में आ गई हैं शिकारी ग़ज़ल
मौसियां मंच पर तुझको गाती फिरें
तेरे पापा कहां हैं, बता री ग़ज़ल
उसमें मेरा नहीं कुछ भी बाक़ी रहा
एक उस्ताद ने यूं सुधारी ग़ज़ल
बेवफ़ा दिलरुबा की तरह-से लगे
डायरी में ये तुम्हारी, हमारी ग़ज़ल
एक शायर मरा शेर कहते हुए
काटती फिर रही है फरारी ग़ज़ल
कुछ नयापन न था ख़ासियत कुछ न थी
भीड़ में खो गई लो बेचारी ग़ज़ल
एक अरसे तलक खोपड़ी सुन्न थी
सर पे आकर गिरी इतनी भारी ग़ज़ल
************
हम कोई सुविधा न लेंगे
गिरगिटों की भांति कीं हरकत छिछोरी आपने!
वोट की खातिर चला दी मुफ़्तखोरी आपने!
हम कोई सुविधा न लेंगे खूब वादे थे किए,
किन्तु दोनों हाथ हर सुविधा बटोरी आपने!
आम जन के हाथ में तुमने कटोरा दे दिया ,
और भर ली इस तरह अपनी तिजोरी आपने !
मुफ़्त बिजली, मुफ़्त पानी, मुफ़्त में दारू बहा,
इस तरह जनता बना दी है चटोरी आपने !
क्यों करें वे काम जब बिन काम ही मिल जाय सब,
कामगारों को सिखा दी कामचोरी आपने !




