काजूकतली बनाम सोनपापड़ी : मिठास के पर्व में रिश्तों की कड़वाहट

सतना
दीपावली आते ही देश में दो तरह की रोशनियाँ दिखाई देने लगती हैं। एक घरों में जलने वाले दीपों की और दूसरी मिठाई की दुकानों पर चमकती चाँदी के वर्क की। बाजार सज जाते हैं, रिश्तों में मिठास घुलने लगती है और जेब में रखे नोटों की आत्मा काँपने लगती है। लेकिन इस पूरे उत्सव में एक ऐसा सांस्कृतिक संघर्ष भी छिड़ जाता है, जिसका समाधान आज तक न परिवार की बैठक कर पाई है, न समाज की पंचायत और न ही संयुक्त राष्ट्र। यह संघर्ष है काजूकतली और सोनपापड़ी के बीच।
काजूकतली भारतीय मिठाई संसार की वह प्रतिष्ठित हस्ती है, जिसे देखते ही आदमी का आर्थिक स्तर, सामाजिक हैसियत और आत्मसम्मान एक साथ जाग उठते हैं। उसका आकार चाँद जैसा, रंग चाँदी जैसा और मूल्य किसी छोटे-मोटे आर्थिक निर्णय जैसा होता है। वह मिठाई कम, प्रतिष्ठा का प्रमाणपत्र अधिक है। उसे खरीदते समय दुकानदार से भाव पूछने वाला व्यक्ति भी अंततः यही कहता है, ‘एक किलो पैक कर दीजिए।’ क्योंकि दीपावली पर मिठाई की मात्रा से अधिक महत्त्व उस डिब्बे का होता है, जिसे लेकर आप किसी के दरवाजे पर पहुँचते हैं।
काजूकतली की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि वह हर किसी के लिए नहीं होती। उसे खरीदने से पहले आदमी अपनी जेब, बैंक खाते और महीने के शेष दिनों का आकलन करता है। उसके बाद भी यदि वह खरीद ले तो समझिए कि उसने मिठाई नहीं, संबंधों में निवेश किया है। काजूकतली का डिब्बा किसी अधिकारी, प्रतिष्ठित रिश्तेदार, प्रभावशाली परिचित या ऐसे व्यक्ति के घर जाता है, जिसके साथ भविष्य में किसी काम पड़ने की संभावना हो। इस दृष्टि से काजूकतली केवल खाद्य पदार्थ नहीं, सामाजिक संबंधों की एक प्रकार की मुद्रा है। इसका मूल्य मिठास से कम और अवसर की उपयोगिता से अधिक निर्धारित होता है।
इसके विपरीत सोनपापड़ी भारतीय मिठाई बाजार की लोकतांत्रिक व्यवस्था है। इसमें न कोई जातिगत भेदभाव है, न आर्थिक असमानता और न ही सामाजिक प्रतिष्ठा की बाध्यता। यह अमीर से लेकर गरीब तक, अधिकारी से लेकर कर्मचारी तक और रिश्तेदार से लेकर पड़ोसी तक सबके यहाँ समान अधिकार से पहुँचती है। सोनपापड़ी की सबसे बड़ी खूबी यह है कि इसे खरीदने वाला कभी अकेला नहीं होता। वह जानता है कि इस डिब्बे की यात्रा अभी लंबी है। आज यह उसके घर आया है, कल किसी और के घर जाएगा और परसों संभव है कि घूम-फिरकर फिर उसी के घर लौट आए।
सोनपापड़ी भारतीय पुनर्चक्रण व्यवस्था का ऐसा जीवंत उदाहरण है, जिसके सामने पर्यावरणविदों के कई सिद्धांत भी फीके पड़ जाएँ। एक ही डिब्बा कितने घरों की शोभा बढ़ा सकता है, इसकी कोई आधिकारिक गणना नहीं हुई है। यदि किसी विश्वविद्यालय में ‘मिठाई का सामाजिक पुनर्वितरण’ विषय पर शोध हो तो सोनपापड़ी निश्चित रूप से पीएचडी की प्रबल दावेदार होगी। इसमें पदार्थ संरक्षण का सिद्धांत भी दिखाई देता है। डिब्बा एक घर से दूसरे घर जाता है, मिठाई का भार लगभग वही रहता है और केवल प्राप्तकर्ता का नाम बदलता रहता है।
इसकी यात्रा भी कम रोचक नहीं होती। किसी ने किसी को दीपावली पर सोनपापड़ी दी। प्राप्तकर्ता ने मुस्कराकर धन्यवाद कहा, लेकिन भीतर ही भीतर उसके मस्तिष्क में एक प्रश्न उठने लगा—अब इस डिब्बे का क्या किया जाए? घर के बच्चों ने डिब्बा खोलते ही चेहरे पर ऐसी प्रतिक्रिया दी, जैसे किसी ने उन्हें मिठाई नहीं, गृहकार्य का अतिरिक्त प्रश्नपत्र थमा दिया हो। पत्नी ने कहा, ‘इसे रख दीजिए, कल शर्मा जी के यहाँ जाना है।’ अगले दिन वही डिब्बा नए रैपर में लिपटकर शर्मा जी के यहाँ पहुँच गया। शर्मा जी ने भी उसे उतनी ही श्रद्धा से स्वीकार किया, जितनी श्रद्धा से कोई व्यक्ति बैंक से आया हुआ ऋण वसूली का नोटिस स्वीकार करता है।
सोनपापड़ी का डिब्बा इसलिए भी अद्भुत है कि इसके साथ भावनाओं का आदान-प्रदान कम और औपचारिकताओं का निर्वहन अधिक होता है। इसे देने वाला जानता है कि सामने वाला शायद इसे पसंद न करे, और लेने वाला जानता है कि देने वाले ने भी संभवतः इसे स्वयं नहीं खरीदा होगा। फिर भी दोनों के चेहरे पर मुस्कान रहती है। यही भारतीय सामाजिक जीवन की सबसे बड़ी विशेषता है—कई बार भावनाएँ वास्तविक होती हैं और मिठाई केवल औपचारिक।
अब प्रश्न यह है कि दीपावली जैसे पवित्र पर्व पर मिठाई भी सामाजिक हैसियत का पैमाना क्यों बन गई है? क्या काजूकतली देने वाला अधिक स्नेही और सोनपापड़ी देने वाला कम आत्मीय होता है? क्या रिश्तों की गहराई मिठाई की कीमत से मापी जा सकती है? यदि ऐसा है तो फिर गरीब व्यक्ति के प्रेम का बाजार मूल्य क्या होगा? सच तो यह है कि हमने पर्वों की आत्मा को भी बाजार की तराजू पर रख दिया है। दीपावली पर अब लोग यह कम देखते हैं कि किसने कितने स्नेह से शुभकामना दी और यह अधिक देखते हैं कि किसने कितने रुपये का डिब्बा भिजवाया।
काजूकतली ने प्रतिष्ठा का बोझ उठा रखा है और सोनपापड़ी ने सामाजिक उपेक्षा का। एक महँगी होने के कारण सम्मानित है, दूसरी सर्वसुलभ होने के कारण उपहास का विषय। जबकि दोनों का मूल उद्देश्य एक ही है—मुँह मीठा करना। विडंबना देखिए कि काजूकतली खाने वाला भी अंततः सोनपापड़ी का मजाक उड़ाकर ही अपनी मिठास का प्रदर्शन करता है। मानो किसी मिठाई की श्रेष्ठता दूसरी मिठाई को नीचा दिखाए बिना प्रमाणित ही नहीं हो सकती।
इस पूरे प्रकरण में सबसे अधिक पीड़ित वह व्यक्ति है, जो दीपावली पर मिठाई खरीदने निकलता है। दुकानदार काजूकतली के दाम बताता है तो उसका बजट कराह उठता है। सोनपापड़ी दिखाता है तो घर के बच्चे विरोध दर्ज करा देते हैं। बीच में वह व्यक्ति सोचता है कि क्यों न इस बार मिठाई के स्थान पर केवल शुभकामनाएँ ही बाँट दी जाएँ! लेकिन भारतीय समाज में यह जोखिम उठाना आसान नहीं। बिना मिठाई के किसी के घर जाना वैसा ही है, जैसे बिना निमंत्रण के किसी समारोह में पहुँच जाना। लोग मुस्कराकर स्वागत तो करेंगे, लेकिन उनके मन में यह प्रश्न अवश्य उठेगा कि डिब्बा कहाँ है?
और हाँ, मिठाई के डिब्बे का आकार भी अब सामाजिक विज्ञान का विषय बन चुका है। बड़ा डिब्बा हो तो सम्मान अधिक, छोटा हो तो आत्मीयता संदिग्ध। अंदर मिठाई कितनी है, यह गौण है; बाहर डिब्बा कितना भव्य है, यह महत्त्वपूर्ण है। कई बार डिब्बे का आधा हिस्सा सजावटी कागज, प्लास्टिक की ट्रे और हवा से भरा होता है, लेकिन ग्राहक उसे भी प्रसन्नता से खरीदता है। शायद हम मिठाई नहीं, उसकी पैकेजिंग में लिपटी अपनी सामाजिक छवि खरीद रहे होते हैं।
दीपावली का वास्तविक संदेश अंधकार से प्रकाश की ओर बढ़ना है, लेकिन हमने इसे महँगी मिठाइयों से प्रतिष्ठा की ओर बढ़ने का माध्यम बना दिया है। लक्ष्मीपूजन के साथ-साथ अब ब्रांडपूजन भी होने लगा है। घर में दीपक कम हों तो चल जाएगा, लेकिन मिठाई का डिब्बा प्रतिष्ठित दुकान का होना चाहिए। पड़ोसी के घर की रोशनी से अधिक चिंता इस बात की होती है कि उसने किस ब्रांड की मिठाई बाँटी।
दरअसल, काजूकतली और सोनपापड़ी के बीच कोई वास्तविक संघर्ष नहीं है। संघर्ष हमारे भीतर है—दिखावे और आत्मीयता के बीच, प्रतिष्ठा और प्रेम के बीच, बाजार और परंपरा के बीच। काजूकतली महँगी होकर भी यदि बिना प्रेम के दी जाए तो वह केवल सूखे मेवों का एक महँगा टुकड़ा है और सोनपापड़ी स्नेह से दी जाए तो उसकी प्रत्येक परत में आत्मीयता की मिठास हो सकती है।
इसलिए एक छोटा-सा संकल्प लेना चाहिए – मिठाई चाहे काजूकतली हो या सोनपापड़ी, उसे रिश्तों की हैसियत देखकर नहीं, हृदय की आत्मीयता से दीजिए। सोनपापड़ी का डिब्बा लौटकर आ जाए तो उसे अपमान नहीं, भारतीय सामाजिक पुनर्चक्रण की सफलता मानिए। और यदि काजूकतली का डिब्बा मिले तो उसकी मिठास का आनंद लीजिए, उसके मूल्य का हिसाब लगाने मत बैठिए।
आखिर दीपावली का उत्सव मिठाइयों की प्रतियोगिता नहीं, मनुष्यता की मिठास का पर्व है। वरना एक दिन ऐसा भी आएगा जब लोग दीपावली पर एक-दूसरे को मिठाई नहीं, मिठाई का मूल्य-सूचीपत्र भेंट करेंगे और साथ में लिखेंगे—’कृपया अपनी सामाजिक हैसियत के अनुसार स्वीकार करें!’
क्योंकि रिश्तों में मिठास काजूकतली से नहीं आती, लेकिन काजूकतली के डिब्बे से रिश्तों की हैसियत जरूर आँकी जाने लगी है। और सोनपापड़ी तो बेचारी इतनी सहनशील है कि हर घर से लौटकर भी हर दीपावली पर फिर चली आती है!




