सम्पादक की ओर से....

 

प्रदीप शुक्ल

सुनहरे सपनों से आगे भी

भारत कभी विश्वगुरु था और उसकी खोई हुई प्रतिष्ठा फिर लौटेगी। भारत एक बार फिर दुनिया का मार्गदर्शन करेगा और विश्व की महाशक्ति बनेगा। ये बातें हम वर्षों से सुनते आ रहे हैं। आज भी शायद ही कोई दिन ऐसा गुजरता हो, जब किसी न किसी मंच से भारत के गौरवशाली अतीत और उज्ज्वल भविष्य की चर्चा न होती हो। देश को आर्थिक रूप से समृद्ध, सशक्त और विश्व में सम्मानजनक स्थान पर देखना अच्छी बात है। लेकिन केवल अतीत का गौरव याद करने, भविष्य के सुनहरे सपने देखने और बड़े-बड़े नारे लगाने से कोई राष्ट्र महान नहीं बनता। सपने देखने में हर्ज नहीं है, लेकिन वे मुंगेरीलाल के हसीन सपने नहीं होने चाहिए। उन्हें हकीकत में बदलने के लिए ठोस प्रयास करने होंगे। किसी राष्ट्र की महानता केवल उसकी आर्थिक समृद्धि, सैन्य शक्ति और तकनीकी उपलब्धियों से तय नहीं होती। नागरिकों का चरित्र, नैतिकता और सामाजिक जिम्मेदारी भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। केवल जीडीपी बढ़ने, उद्योगों के विस्तार और आधुनिक सुविधाएं मिलने से समाज विकसित नहीं हो जाता। इसके लिए लोगों की सोच और व्यवहार में भी सकारात्मक बदलाव जरूरी है। आर्थिक और तकनीकी विकास के साथ नागरिकों का चारित्रिक विकास भी आवश्यक है।

राष्ट्र निर्माण की पहली पाठशाला परिवार है। बच्चा सबसे पहले परिवार से ही संस्कार और व्यवहार सीखता है। प्रेम, सम्मान, अनुशासन, सहनशीलता और सहयोग की भावना यहीं विकसित होती है। यदि परिवारों में संवाद कम हो जाए और रिश्तों में संवेदनशीलता समाप्त होने लगे, तो इसका असर समाज पर भी पड़ता है। अच्छी पारिवारिक परंपराओं और संस्कारों को बचाना जरूरी है। इसका अर्थ यह नहीं कि हर पुरानी परंपरा को बनाए रखा जाए। समय के साथ गलत परंपराओं में बदलाव भी आवश्यक है। आज नई पीढ़ी में बढ़ती हिंसक प्रवृत्ति, असहिष्णुता और आक्रामक व्यवहार चिंता का विषय हैं। भौतिक सुख-सुविधाओं की चाह गलत नहीं है, लेकिन जीवन का उद्देश्य केवल उपभोग और भोग-विलास नहीं होना चाहिए। सुविधाएं जीवन को आसान बना सकती हैं, लेकिन चरित्र का निर्माण नहीं करतीं। इसके लिए संयम, अनुशासन, ईमानदारी और दूसरों के प्रति संवेदनशीलता जरूरी है।

डिग्री हासिल कर डॉक्टर, इंजीनियर या वैज्ञानिक बन जाना ही संपूर्ण सफलता नहीं है। व्यापार और उद्योग में तरक्की करना भी अपने आप में चरित्र निर्माण का प्रमाण नहीं है। शिक्षा का उद्देश्य केवल अच्छी नौकरी और आर्थिक समृद्धि हासिल करना नहीं होना चाहिए। एक शिक्षित व्यक्ति में नैतिकता, विवेक और सामाजिक जिम्मेदारी भी होनी चाहिए। ज्ञान का वास्तविक महत्व तभी है, जब उसका उपयोग समाज के हित में हो। चरित्र निर्माण की जिम्मेदारी केवल परिवार की नहीं है। स्कूल, कॉलेज, सामाजिक संस्थाएं, प्रशासन और सार्वजनिक जीवन में नेतृत्व करने वाले लोग भी इसके लिए जिम्मेदार हैं। नई पीढ़ी को केवल अच्छे विचारों का उपदेश देना पर्याप्त नहीं है। उसे अपने आसपास अच्छे उदाहरण भी दिखाई देने चाहिए। कथनी और करनी में अंतर कम करना होगा। आर्थिक विकास और नैतिक विकास एक-दूसरे के विरोधी नहीं हैं, बल्कि दोनों एक-दूसरे के पूरक हैं। मजबूत अर्थव्यवस्था के साथ जिम्मेदार नागरिक और मजबूत सामाजिक व्यवस्था भी जरूरी है।

भारत को महान बनाने का सपना जरूर देखना चाहिए, लेकिन उसे केवल मुंगेरीलाल के हसीन सपनों तक सीमित नहीं रखना चाहिए। इसके लिए व्यक्ति, परिवार और समाज को मजबूत बनाना होगा। राष्ट्र निर्माण केवल सरकार या किसी एक संस्था की जिम्मेदारी नहीं है। इसमें प्रत्येक नागरिक की भूमिका है। अपने कर्तव्यों के प्रति ईमानदारी, कानून का सम्मान, सामाजिक सद्भाव और दूसरों के अधिकारों के प्रति संवेदनशीलता जैसे छोटे-छोटे प्रयास ही बड़े बदलाव की नींव रखते हैं। क्योंकि महान राष्ट्र केवल बड़ी अर्थव्यवस्था, ऊंची इमारतों और तकनीकी उपलब्धियों से नहीं बनते, बल्कि चरित्रवान, संवेदनशील और जिम्मेदार नागरिकों से बनते हैं।

धन्यवाद
प्रदीप शुक्ल

Author