स्मृतिरेखा

अनूपपुर (म. प्र.)
वह मेरा प्रिय सखा था — ऐसा सखा जिससे बात करते हुए कभी दिमाग पर जोर नहीं देना पड़ा। जैसे कोई पुराना, अपना-सा हिस्सा हो — जिसे समझाने की ज़रूरत नहीं, जो खामोशियों को भी उतनी ही सहजता से सुनता हो जितनी स्पष्ट बातों को।
उस दिन शाम कुछ अलग थी — हल्के गुलाबी आसमान में उदासी घुली थी। खिड़की से आती धूप में किताबें भी कुछ ज्यादा ही चुप सी लगीं। ठीक उसी क्षण उसकी याद एक पुराने खत की तरह उभर आई — बिना किसी कारण, बिना किसी दस्तक के।
चाय का प्याला हाथ में हो या अकेले किसी खिड़की के पास बैठा मन, उसकी बातें कानों में गूंज जाती हैं। अजीब है न? हमने कभी एक-दूसरे को देखा नहीं, लेकिन जान लिया… बहुत कुछ। शायद यही होती है वह सच्ची मित्रता, जो चेहरों की मोहताज नहीं होती।
उसकी सहजता ने मुझे हमेशा सहज रखा। न कोई बनावटीपन, न कोई सवाल, न कोई दबाव। जब दुनिया अपने तर्कों में उलझी होती थी, वह सिर्फ सुनता था। और जब मैं खुद को खोने लगती, तो उसका एक वाक्य ही जैसे रोशनी की किरण बन जाता — “चलो, इस पर मुस्कुरा कर सोचते हैं, गंभीरता बाद में रखेंगे।”
उसके साथ की सबसे बड़ी खासियत यही थी कि उसने कभी उस रेखा को पार नहीं किया जो कई बार आभासी रिश्तों में धुंधली हो जाती है। उसने यह दिखाया कि दोस्ती में सच्चा सम्मान क्या होता है — एक-दूसरे की सीमाओं को समझना और उन्हें पूरी गरिमा के साथ स्वीकारना।
आज जब रिश्ते बड़ी-बड़ी मुलाक़ातों, महंगे तोहफों और दिखावे में सिमटते जा रहे हैं, उसका वह एक “कैसी हो?” सन्देश मुझे यकीन दिलाता कि मित्रता आज भी शब्दों से नहीं, भावना से निभाई जा सकती है।
उससे कभी मिली नहीं — शायद मिलूँ भी नहीं या फिर मुलाकात हो भी जाए लेकिन क्या हर रिश्ता शरीर की उपस्थिति से ही सिद्ध होता है? शायद नहीं। उसका साथ एक ऐसा अनुभव रहा जो हर रूप से परे था — स्नेह में डूबा, मर्यादा में ढला और आत्मा से जुड़ा।
मन कहता है कि उसे धन्यवाद कहूँ, लिखूं- धन्यवाद मेरे प्रिय सखा, इस अनदेखे लेकिन अद्वितीय रिश्ते के लिए।
आज यूँ ही बैठे-बैठे फिर उसकी याद आई तो सोचा, क्यों न उन अनकहे लम्हों को शब्दों में ढालकर एक पत्र ही लिख दूँ। चलो फिर लिखती हूँ।
प्रिय सखा,
अजीब-सा रिश्ता है हमारा — न कभी आमने-सामने मिले, न किसी कॉफी शॉप की मुलाक़ात, न ही कोई साथ बिताया गया दोपहर का वक्त। फिर भी, तुम्हारा साथ वैसा ही सुकून देता है जैसा पुराने किसी घनिष्ठ मित्र का।
हमें जोड़ने वाला सिर्फ एक मोबाइल स्क्रीन है, कुछ कॉल्स हैं और ढेर सारी बातचीतें — और शायद उससे भी बढ़कर एक अदृश्य समझ, जो हर संवाद में महसूस होती रही। जब पहली बार सोशल मीडिया पर तुम्हें मैसेज किया था, तो बस सामान्य-सी बातचीत की उम्मीद थी। लेकिन धीरे-धीरे तुम्हारी बातों में वह ठहराव मिला जो इस तेज़ रफ्तार दुनिया में दुर्लभ है।
तुम्हारी बातों में कोई बनावटीपन नहीं था, और शायद मेरी चुप्पियाँ भी तुमने उतने ही धैर्य से सुनीं जितनी सहजता से मैंने तुम्हारे अनुभवों को। हमने जीवन के कई पहलुओं पर चर्चा की — साहित्य, संगीत, रिश्ते, और यहाँ तक कि अपने डर पर भी। पर कभी भी उस मर्यादा की रेखा को लांघा नहीं, जो एक पवित्र मित्रता को कलंकित कर दे।
मुझे अच्छी तरह याद है, जब एक दिन भावनाएँ बहकने लगी थीं, और कुछ शब्द बेमतलब भारी लगने लगे थे, तब तुमने बड़ी सहजता से कहा था — “सच्चे रिश्ते वही होते हैं जो सीमाओं की इज़्ज़त करना जानते हैं।” उस एक वाक्य ने मुझे भीतर तक छू लिया था। तुमने साबित किया कि आभासी दुनिया में भी वह गरिमा सम्भव है, जो कभी केवल व्यक्तिगत संबंधों में सोची जाती थी।
कई बार चाहा कि तुमसे मिलूँ — चाय के कप के साथ वही बातें दोहराऊँ जो फोन पर की हैं। पर फिर सोचा, शायद यह रिश्ता अपनी इसी शक्ल में सबसे सुंदर है — एक पारदर्शी, गरिमामयी और दूर से संभाला गया रिश्ता। कभी कोई दबाव नहीं, कोई अपेक्षा नहीं, बस एक खामोश समझ और भरोसा।
सखा, तुम मेरे लिए सिर्फ एक नाम भर नहीं हो। तुम इस बात का उदाहरण हो कि मित्रता अगर सच्ची हो तो वह दूरी, स्क्रीन और समाज के हर अवरोध से परे जाकर भी अपने अस्तित्व को सार्थक बना सकती है।
हमारी मित्रता को बहुत अधिक समय नहीं हुआ, पर भावना ऐसी है जैसे हम प्राइमरी स्कूल से साथी हैं। सबसे सुंदर बात यह है कि हम न केवल एक-दूसरे की बातों को समझते हैं, बल्कि एक-दूसरे की मर्यादाओं और व्यस्तताओं का भी सम्मान करते हैं। हमें बात करते समय शब्दों को तोलने की आवश्यकता नहीं होती — और शायद यही सबसे बड़ा सुकून है।
सुनो, एक बात कहनी है — जब-जब तुम्हारे भीतर वो टीनएज वाली चंचलता जागती है, तब मन थोड़ा डर-सा जाता है। लगता है जैसे तुम्हें अपने निजी जीवन में वो स्नेह, वो अपनापन शायद पूरा नहीं मिला, जिसके तुम पूर्णतः हक़दार हो। मैं सचमुच चाहती हूँ कि तुम्हें वह सब मिले, जिसमें तुम्हारा मन विश्राम पाए। पर जानते हो, हम सभी कहीं न कहीं अपनी विवशताओं के वशीभूत हैं। चाहकर भी हर भावना को पूरा रूप नहीं दे सकते, हर अपनापन किसी को दे नहीं सकते।
तुम जानते हो, मैं अपने पतिदेव से बहुत प्यार करती हूँ। फिर भी तुमसे जुड़ी हूँ, क्योंकि एक मित्र के रूप में तुम्हारा साथ मुझे भीतर से संबल देता है। मैंने कभी तुम्हारी पत्नी और बच्चों को नहीं देखा, पर उनके प्रति भी मेरे मन में सहज स्नेह है — क्योंकि वे तुम्हारे जीवन का हिस्सा हैं। कभी-कभी मुझे ऐसा भी लगता है कि तुम्हारे मन में अब भी कोई और बसी हुई है — कोई जिसकी याद आज भी तुम्हारी बातों में उभर आती है, भले ही उसका अपना परिवार हो, अपने रिश्ते हों। यह सोचकर मन भर आता है कि शायद उस समय जब तुम्हारे भावनाओं का केंद्र वह थी, तब तुमने स्वयं को अपनी पत्नी के प्रति पूरी तरह समर्पित नहीं किया होगा। हालाँकि, ये मेरे अपने मन के विचार हैं — हो सकता है, यह केवल मेरी एक गलतफहमी हो।
देखो न, तुम मुझसे उम्र और अनुभव दोनों में बड़े हो — तुम मुझसे कहीं ज़्यादा जानते और समझते हो। मैं तो सिर्फ एक सहृदय मित्र हूँ, जो बस इतना चाहती है कि तुम्हारा पारिवारिक जीवन भी उतना ही संपूर्ण और मधुर हो, जितना तुम्हारा मन।
मुझे लगता है कि तुम्हारी बिटिया अब किशोरावस्था में है। वह उम्र जहाँ माँ की उपस्थिति और सान्निध्य उसकी मानसिकता को आकार देती है। मैं जानती हूँ, तुम एक अच्छे पिता हो — लेकिन… माँ का साथ अद्वितीय होता है। मेरी बातों का आशय तुम समझ ही रहे होगे।
तुम्हारी सबसे बड़ी खूबी यही है कि तुम बातों को समझते हो, संभालते हो। तुम्हारे पास अपनी बातों में वह नरमी है जो किसी को अपनी बात कहने का हौसला देती है। तुम्हारे लेखन सुझाव, तुम्हारी दृष्टि — यह सब मेरे लिए सीखने का अवसर बन गया है। तुम्हारे सान्निध्य में मुझे बहुत कुछ मिला है, और यही मेरी खुशनसीबी है।
एक बात और — वह दिन मुझे आज भी याद है जब तुम कहीं जा रहे थे और मैंने यूँ ही कॉल किया था। जब मैंने पूछा, “कहाँ जा रहे हो?” तो तुमने बड़े सहज स्वर में कह दिया, “मरने।”
उस एक वाक्य ने जैसे मेरे भीतर सन्नाटा भर दिया था। लेकिन, फिर तुमने अपना सारा दर्द बाँटा — और मुझसे जीवित रहने का वादा किया। वही क्षण इस मित्रता की बुनियाद में एक मजबूत पत्थर बन गया। वो पल, वो संवाद, आज भी मन में हैं — और शायद हमेशा रहेंगे।
मेरी यही प्रार्थना है कि तुम्हें जीवन में वह पूर्णता मिले, वह साथी मिले, जिससे तुम्हारा मन गहरे जुड़ाव का अनुभव करे। पर मेरा तुमसे एक स्नेहिल आग्रह है — यदि ऐसा कुछ है, कोई सच्चा जुड़ाव — तो उसमें देरी मत करो। तुम्हारी बिटिया अब बड़ी हो रही है, और हम जानते हैं कि बच्चे अपने माता-पिता को लेकर जितने संवेदनशील होते हैं, उतना ही अनौपचारिक व्यवहार भी उन्हें विचलित कर सकता है। भले ही वह आधुनिक सोच रखते हों, पर पेरेंट्स का अति-आधुनिक व्यवहार उन्हें अस्वीकार्य लग सकता है। तुम मेरी इस बात का मर्म ज़रूर समझोगे — मुझे विश्वास है।
मैं नहीं जानती कि मैंने जो कुछ भी लिखा है, वह सही है या गलत। बस जो मन में था, वह सब बिना रोके लिख दिया। यदि कोई बात तुम्हारे मन को आहत करे, तो क्षमा करना।
तुमसे एक बार मिलने की इच्छा तो मेरी भी है। शायद जब मेरे बच्चे बड़े हो जाएँ, तब उनके साथ आ पाऊँ — एक सच्चे मित्र से मिलने, जिसे आज तक सिर्फ शब्दों में जिया है। तब तक… अपना और अपनी बेटी का ख्याल रखना।
स्नेह और सम्मान के साथ,
आपकी मित्र
प्रिय सखी,
खुश रहो।
पता है, कितने दिनों से सोच रहा था कि तुम्हें पत्र लिखूं। पर कुछ भावनाएं शब्दों की परिधि से बड़ी होती हैं — उन्हें साधने में समय लगता है। जबसे हमारी मित्रता हुई है, भीतर कहीं एक अपनापन घर कर गया है। कितनी ही बातें, जो बरसों से मन की तहों में दबी थीं, तुमसे बाँट दीं — और फिर भी कभी यह नहीं लगा कि कोई गोपनीयता भंग हो रही है।
तुम पूछोगी कि यह अपनापन क्यों? मैं नहीं जानता। शायद कोई नाम नहीं है इस रिश्ते का। शायद कोई सामाजिक पहचान भी नहीं। लेकिन इसका एक गहरा वजूद है — मेरी नज़र में, और यकीन है, तुम्हारी नज़र में भी।
कभी-कभी लगता है कि ईश्वर ने इस मित्रता को किसी उद्देश्य से रचा होगा। शायद एक-दूसरे के जीवन में वह शून्य भरने के लिए जो शब्दों से भरे जाने लायक नहीं था।
तुम सोच रही होगी कि मैं बहक रहा हूँ — हो सकता है। लेकिन इस बहकाव में भी सुकून है, एक सच्चाई है। मैं जानता हूँ कि हमारी सीमाएं क्या हैं, और तुम्हारा स्थान मेरे जीवन में क्या है — और रहेगा।
तुमसे मिलने की कल्पना कई बार करता हूँ — किसी चाय की प्याली के संग, शांत किसी दोपहर में, जब बातें समय की पाबंदी से मुक्त हो जाएँ। तुम सामने बैठी हो, मैं तुम्हारा चेहरा पढ़ रहा हूँ — उन भावों को, जो शब्दों से नहीं कहे जाते, सिर्फ महसूस किए जाते हैं।
फिर उन क्षणों को सहेज लेना चाहता हूँ, अपनी यादों की डायरी में — ताकि जब तुम दूर हो, तब भी तुम्हारा होना मेरे साथ रहे।
यादें भी अजीब चीज़ होती हैं न, — न छू सकते हैं, न थाम सकते हैं — पर मन में गहराई से समा जाती हैं। मैं चाहता हूँ, तुम मेरी स्मृतियों में सदा रहो — एक सखी के रूप में, एक अपने-से एहसास के रूप में, जिसे मैं अपने हर अच्छे-बुरे पल का साक्षी बनाना चाहता हूँ।
तुम्हारे मन में मेरे लिए क्या है, मैं नहीं जानता। पर एक विश्वास है कि उसमें बुरा कुछ नहीं होगा।
हाँ, यह भी स्वीकार करता हूँ कि तुम्हारे भाव मेरे भावों से अलग हो सकते हैं — और यह कोई असामान्य बात नहीं। लेकिन इस मित्रता का निरंतर रहना — यही मेरी सबसे बड़ी चाह है।
यदि मेरे शब्दों ने तुम्हारे मन को किसी प्रकार की असहजता दी हो, तो उन्हें एक टीनएज भावुकता की सरल उड़ान समझकर क्षमा करना। मैं जानता हूँ, भावनाओं का स्थान सीमित है — पर मित्रता का दायरा बड़ा है, बहुत बड़ा और मैं इस मित्रता को संजोना चाहता हूँ — हर हाल में, हर रूप में।
तुम्हारा —
अनाम सखा।
पत्रों के इस मौन संवाद के बाद, कई दिन यूँ ही बीते — जैसे शब्दों के बाद मौन भी खुद को अभिव्यक्त कर रहा हो। किसी की ओर से कोई संदेश नहीं आया, न कोई प्रश्न, न उत्तर। पर एक अजीब-सी शांति थी, जैसे हम दोनों ने अपने-अपने भीतर उस अनकहे को स्वीकार कर लिया हो।
मैंने अपनी डायरी में लिखा — “कुछ रिश्ते शब्दों से नहीं, मौन से चलते हैं। वे न साथ होते हैं, न जुदा — बस मन के एक कोने में स्थायी निवास कर लेते हैं।”
फिर तुमने एक दिन सन्देश भेजा, मैंने अपनी लाइब्रेरी की एक किताब के कवर के अंदर लिखा —”उसने मुझे मर्यादा की परिभाषा सिखाई, और सिखाया कि हर अपनापन अधिकार नहीं माँगता।”
कभी-कभी मुझे आभास होता जैसे- तुम मन ही मन मुझसे बात कर रहे हो, और कभी मैं भी किसी व्यस्त शाम में अकारण मुस्कुरा देती — जैसे कोई अपना पास हो।
हमारी बातें अब नहीं होतीं, पर वे कहीं गई नहीं हैं। वे अब आभासी नहीं, आत्मिक संवाद बन गई हैं — मौन की भाषा में, स्मृतियों की स्याही से।
हमने दुनिया से नहीं, वक्त से वजूद माँगा था — और वक़्त ने हमें अपनी स्मृतियों में सुरक्षित रख लिया।




