शिक्षा जगत का वर्तमान और A.I. : एक चिंतन-दृष्टि

नवी मुंबई
अध्ययन-अध्यापन के वर्तमान परिवेश पर विचार करें, तो एआई के व्यापक उपयोग की बात प्रमुख रूप से उभरकर सामने आती है। चाहे प्राथमिक स्तर की शिक्षा की बात हो, या माध्यमिक, स्तर की, या फिर उच्च शिक्षा की….। हर एक स्तर पर जिस तथ्य की प्रमुख उपस्थिति दिखाई देती है, वह है- आर्टीफिशियल इंटेलीजेंस या एआई। छोटे बच्चों से लगाकर उच्चशिक्षा के क्षेत्र में सभी शिक्षार्थियों तक, यहाँ तक कि इन सभी वर्गों के शिक्षकों तक इसका पर्याप्त विस्तार है। यह विस्तार बहुत लंबे समयातंराल में नहीं आया है। इधर दो-तीन वर्षों में ही बहुत तेजी के साथ इसने समग्र शिक्षा जगत को अपने प्रभाव में ले लिया है। आधुनिक सूचना-संचार तकनीक की सहज उपलब्धता ने इसे अनुकूल परिवेश प्रदान किया है।
गुरुकुल परंपरा से लेकर डिजिटल कक्षाओं तक भारतीय शिक्षा जगत ने अनेक छोटे और बड़े परिवर्तन देखे हैं। कोविड-19 महामारी के साथ एक बड़ा और अभूतपूर्व परिवर्तन शिक्षा जगत में आया था। परंपरागत शिक्षा पद्धति में इस विभीषक स्थिति ने ऐसा बदलाव ला दिया, कि पठन-पाठन कक्षाओं से निकलकर इलेक्ट्रानिक डिवाइसेज में पहुँच गया। आनलाइन कक्षाओं ने पूरी व्यवस्था को ही बदल दिया। लगभग दो वर्षों तक इस नए परिवेश में रहते हुए शिक्षा जगत ने एक ऐसा अनूठा विकल्प पाया, कि आज भी आवश्यकता पड़ने पर परंपरागत कक्षाओं के विकल्प के रूप में आनलाइन कक्षाएँ चल पड़ती हैं। आज जूम एप, गूगल मीटिंग, माइक्रोसाफ्ट टीम, गूगल क्लासरूम जैसे अनेक पटल हैं, जिनका उपयोग करने में नई पीढ़ी से लगाकर पुरानी पीढ़ी तक किसी को भी हिचक नहीं होती। सभी इन आधुनिक तकनीकों के साथ सहज हो गए हैं।
आवश्यकता ही आविष्कार की जननी होती है, और बहुत कुछ सिखा भी देती है। कोविड-19 की महामारी ने इस आवश्यकता को ऐसा अनिवार्य बनाया, कि भविष्य के लिए भी मार्ग सुलभ हो गया। आज डिजिटल मंचों ने शिक्षा को भौगोलिक सीमाओं से मुक्त कर दिया है। इससे शिक्षा अधिक सुलभ बनी है। सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलावों ने इस परिवर्तन के साथ विशाल जनसमूह को जोड़ा है। आज ग्रामीण अंचलों में भी इंटरनेट की अच्छी व्यवस्था देखने को मिलती है। कुछ अपवादों को छोड़ दें, तो आज पुराना जैसा समय नहीं रहा। विश्वग्राम की संकल्पना साकार होती दिखती है।
इस विश्वग्राम की संकल्पना में नया आयाम एआई ने जोड़ा है। वैसे तो विकीपीडिया विश्वभर में बहुत प्रसिद्ध है, लेकिन एआई के इस दौर में यह भी चर्चा से बाहर दिखता है। स्मरण हो आता है, कि पहले कभी विकीपीडिया में तकनीकी खामी आ जाने पर, या नियमित रखरखाव के लिए वेबसाइट के बंद होने की स्थिति में विधिवत्स सूचना देकर बताया जाता था, कि विकीपीडिया की सहायता लेकर अपना गृहकार्य पूरा करने वाले छात्र समय से काम पूरा कर लें, ताकि उन्हें विकीपीडिया के बंद होने पर समस्या का सामना न करना पड़े। यह अब बीते समय की बात हो गई है। एआई ने विकीपीडिया पर निर्भरता को बहुत अधिक सीमा तक कम कर दिया है। अब समय एआई का है। इक्कीसवीं शताब्दी के तीसरे दशक में इसने शिक्षा जगत में एक नई क्रांति का सूत्रपात किया है। विद्यालयों, विश्वविद्यालयों, शोध संस्थानों तथा मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा प्रणाली में भी इसका प्रभाव स्पष्ट दिखाई देता है।
आर्टीफिशियल इंटेलीजेंस में भी इधर एक-दो वर्षों में तेजी के साथ तकनीकी विस्तार और अपग्रेडेशन हुआ है। प्रारंभिक समय में जैमिनी, मेटा, को-पायलट, चैटजीपीटी होते थे, लेकिन अब आवश्यकता और विशेषज्ञता (एक्सपर्टीज) के आधार पर नए-नए पटल उपलब्ध हैं। जैसे- पिकविश फोटो से बैकग्राउंड हटाने के लिए, डिसक्रिप्ट पॉडकास्ट को संपादित व संसाधित करने के लिए, परप्लेक्सिटी किसी भी विषय पर शोध के लिए, कानवा ग्राफिक डिजाइन के लिए, क्लाउडे व्यवस्थित-विस्तृत नोट्स के लिए और ग्रामरली अच्छे लेखन के लिए, आदि। ऐसे अनेक जेनरेटिक एआई उपकरणों का उपयोग आज भरपूर मात्रा में किया जाता है।
भारत की राष्ट्रीय शिक्षा नीति- 2020 भी तकनीक को समाहित करने, डिजिटल अधिगम (लर्निंग) तथा भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप शिक्षण देने पर बल देती है। इसमें डिजिटल अधिगम तथा तकनीकी दक्षता पर विशेष बल दिया गया है। विद्यार्थियों में रचनात्मकता के लिए, उनके आलोचनात्मक चिंतन के संवर्धन के लिए, संप्रेषण कौशल के विस्तार के लिए और सहयोगात्मक अधिगम (कोलाबरेटिव लर्निंग) आदि के लिए भी ऐसी आधुनिक तकनीकों के उपयोग को प्रोत्साहन दिया जाता है। डिजिटल कक्षाएँ, आनलाइन एवं हाइब्रिड मोड पर शिक्षण और ई-पुस्तकों के उपयोग को भी इस संबंध में उद्धृत किया जा सकता है।
भारत में दीक्षा, स्वयं, स्वयंप्रभा, पी.एम. ई-विद्या, राष्ट्रीय डिजिटल पुस्तकालय तथा विभिन्न विश्वविद्यालयों के डिजिटल प्लेटफॉर्म शिक्षा के डिजिटलीकरण को गति प्रदान कर रहे हैं। भविष्य में भारतीय विश्वविद्यालयों में एआई आधारित आभासी प्रयोगशालाएँ, व्यक्तिगत अधिगम प्रणाली तथा स्मार्ट मूल्यांकन व्यापक रूप से अपनाए जाने की संभावनाएँ बलवती हो रहीं हैं।
एआई के माध्यम से विद्यार्थियों की सीखने की गति, रुचि और क्षमता का विश्लेषण करते हुए उनके अनुकूल व्यक्तिगत अध्ययन सामग्री भी अब उपलब्ध कराई जाने लगी है। यह कमजोर विद्यार्थियों को अतिरिक्त सहायता तथा प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को उन्नत अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराने में उपयोगी है। यद्यपि यह अत्यंत सीमित स्तर पर है, लेकिन इस दिशा में संभावनाएँ द्वार तो खुले ही हैं। इसी तरह एआई आधारित ट्यूटर विद्यार्थियों के प्रश्नों का तत्काल उत्तर देते हैं, अभ्यास कराते हैं तथा उनकी त्रुटियों का विश्लेषण करके सुधार के सुझाव प्रदान करते हैं।
दूसरी ओर शिक्षकों के लिए भी एआई अत्यंत उपयोगी है। प्रश्नपत्र, उपस्थिति का विवरण, मूल्यांकन, अध्ययन सामग्री और पाठ योजना आदि का निर्माण करने में एआई से सहायता मिलती है। इसके अतिरिक्त वस्तुनिष्ठ परीक्षाओं के मूल्यांकन, विद्यार्थियों को तत्काल प्रतिपुष्टि (फीडबैक) प्रदान करने में भी एआई का सहयोग मिलता है। यह शिक्षकों को विद्यार्थियों के साथ अधिक गुणवत्तापूर्ण संवाद स्थापित करने में भी सहायक होता है। शोधार्थियों के लिए साहित्य-समीक्षा, संदर्भ खोजने, भाषा सुधारने, सारांश तैयार करने तथा डेटा विश्लेषण जैसे कार्यों में एआई की सहायता मिलती है। इससे शोध प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित और समयबद्ध बनती है।
उपरोक्त विस्तृत वर्णन के माध्यम से आज के समय की स्थितियों का, और शिक्षा जगत के वर्तमान का एक खाका खींचने का प्रयास किया गया है। उपरोक्त वर्णन के आलोक में एआई के दूसरे पहलू को देखा जा सकता है। निःसंदेह कृत्रिम बुद्धिमत्ता ने शिक्षा जगत में अभूतपूर्व संभावनाओं के द्वार खोले हैं, किंतु इसके साथ अनेक ऐसी चुनौतियाँ भी उभरकर सामने आई हैं, जो शिक्षा के मूल उद्देश्यों और नैतिक-मानवीय मूल्यों के समक्ष गंभीर प्रश्न उपस्थित करती हैं। एआई, अर्थात् आर्टीफिशियल इंटेलीजेंस का हिंदी अनुवाद कृत्रिम बुद्धिमत्ता है। यह हिंदी अनुवाद ही स्वयं में बहुत कुछ स्पष्ट कर देता है। तकनीक या अत्याधुनिक मशीन द्वारा, विशिष्ट विधि द्वारा संसाधित (प्रोसेस्ड) जिस बुद्धिमत्ता का विशद वर्णन पूर्व में किया गया है, वह वस्तुतः कृत्रिम है। वह स्वाभाविक या नैसर्गिक नहीं है। यह तथ्य भी किसी शाश्वत सत्य से कम नहीं है। यह तथ्य एआई की सीमा भी निर्धारित कर देता है।
शिक्षा केवल सूचना के आदान-प्रदान की प्रक्रिया नहीं है, बल्कि वह मनुष्य के विवेक, संवेदना, कल्पनाशीलता और नैतिक चेतना के विकास का माध्यम भी है। जब विद्यार्थी प्रत्येक समस्या के समाधान के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता पर अत्यधिक निर्भर होने लगते हैं, तब उनके स्वतंत्र चिंतन, तार्किक विश्लेषण और सृजनात्मक अभिव्यक्ति का स्वाभाविक विकास बाधित होने लगता है। ज्ञान की खोज का आनंद, जिज्ञासा की उत्कंठा और स्वयं निष्कर्ष तक पहुँचने का बौद्धिक संतोष धीरे-धीरे क्षीण होने लगता है। कल्पना करें, उन वैज्ञानिकों की, जिन्होंने अनथक परिश्रम करके अनुसंधान किए। यही यदि एआई के माध्यम से मिल जाता, तो उतनी प्रसन्नता नहीं ही होती। चाहे अनुसंधान हो, या उसका अध्ययन हो…, यदि आत्म-अनुभूति से नहीं जुड़ता है, तो वह केवल सूचना बनकर रह जाता है।
कृत्रिम बुद्धिमत्ता के व्यापक उपयोग ने शैक्षणिक ईमानदारी के समक्ष भी नई चुनौतियाँ उत्पन्न की हैं। एक बड़ी समस्या देखने में आने लगी है, कि विद्यार्थियों द्वारा चैटजीपीटी या ऐसे ही अन्य माध्यमों से अपना अध्ययन संबंधी कार्य पूरा कर लिया जाता है। यह मौलिक श्रम नहीं है, भले ही ऐसा करके विद्यार्थी या शोधार्थी अपना समय और श्रम बचा लें, लेकिन नैतिक रूप से यह उचित नहीं है। विद्यार्थियों के मानसिक विकास के लिए भी यह उचित नहीं है। यह कार्य आत्मसंतुष्टि नहीं दे सकता।
कृत्रिम बुद्धिमत्ता द्वारा प्रस्तुत प्रत्येक सूचना तथ्यपरक और त्रुटिरहित हो, यह आवश्यक नहीं है। कभी-कभी यह अपूर्ण, संदर्भविहीन अथवा भ्रामक जानकारी भी प्रस्तुत कर सकती है। यदि विद्यार्थी बिना आलोचनात्मक परीक्षण के इन सूचनाओं को स्वीकार कर लें, तो उनके ज्ञान की प्रामाणिकता संदिग्ध हो सकती है।
शिक्षा का आधार केवल ज्ञानार्जन नहीं, बल्कि शिक्षक और विद्यार्थी के मध्य स्थापित वह जीवंत मानवीय संबंध भी है, जिसमें प्रेरणा, संवेदना, अनुशासन, संवाद और जीवन-मूल्यों का संचार होता है। कृत्रिम बुद्धिमत्ता इस मानवीय संवाद का विकल्प नहीं बन सकती। यदि शिक्षण प्रक्रिया अत्यधिक तकनीक-निर्भर हो जाए, तो कक्षा का आत्मीय वातावरण, विचार-विमर्श की संस्कृति और सह-अधिगम की प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है। शिक्षक की भूमिका केवल सूचना प्रदान करने तक सीमित नहीं होती; वह व्यक्तित्व-निर्माता, मार्गदर्शक और नैतिक चेतना का संवाहक भी होता है, जिसकी भरपाई कोई भी मशीन-कोई भी तकनीक नहीं कर सकती। जब तक तकनीकी दक्षता के साथ मानवीय संवेदनशीलता, नैतिकता, आलोचनात्मक चिंतन और रचनात्मकता का समन्वय नहीं होगा, तब तक शिक्षा का समग्र विकास संभव नहीं है।
इसके अतिरिक्त, कृत्रिम बुद्धिमत्ता के साथ निजी जानकारी व आँकड़ों की गोपनीयता, साइबर सुरक्षा, बौद्धिक संपदा अधिकार तथा नैतिक उत्तरदायित्व जैसी चिंताएँ भी जुड़ी हुई हैं। विद्यार्थियों और शिक्षकों की शैक्षणिक गतिविधियों से संबंधित सूचनाओं का सुरक्षित और उत्तरदायी उपयोग सुनिश्चित करना आज की एक अनिवार्य आवश्यकता है। यदि इन पहलुओं की उपेक्षा की जाए, तो शिक्षा का डिजिटल वातावरण विश्वास और सुरक्षा दोनों की दृष्टि से संकटग्रस्त हो सकता है।
स्पष्ट है, कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता शिक्षा के लिए एक उपयोगी और प्रभावशाली साधन अवश्य है, किंतु उसका विवेकपूर्ण, संतुलित और उत्तरदायी उपयोग ही शिक्षा के वास्तविक उद्देश्यों की पूर्ति कर सकता है। इसलिए आवश्यक है कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता का संतुलित उपयोग किया जाए। यह सुझाव विद्यार्थियों के साथ ही शिक्षकों के लिए भी है। समाज के अन्य वर्गों को भी कृत्रिम बुद्धिमत्ता की सीमाओं को समझना चाहिए। यदि तकनीक को मानव पर हावी होने दिया जाएगा, तो निश्चित रूप से गंभीर और हानिकारक परिणाम सामने आएँगे। शिक्षा का उद्देश्य केवल सूचनाओं को एकत्रित कर लेना, इन सूचनाओं के आधार पर अच्छा प्रदर्शन करके अच्छे अंक प्राप्त कर लेना ही नहीं है। शिक्षा का उद्देश्य संवेदनशीलता को, मानवीयता को, नैतिकता को, उच्च आदर्शों और मानवीय मूल्यों को आत्मसात करने पर ही पूर्ण होता है।
आधुनिक संदर्भों में विचार करें, तो एआई का पूर्णतः त्याग करना संभव नहीं है। कृत्रिम बुद्धिमत्ता का उपयोग आज के समय की आवश्यकता और अनिवार्यता दोनों ही हैं, लेकिन इस बात का ध्यान अवश्य ही रखना होगा, कि बुद्धिमत्ता और कृत्रिम बुद्धिमत्ता में अंतर होता है। बनावटी और मौलिक का भेद समझना होगा। मौलिक चिंतन, मौलिक व्यवहार और सहज-स्वाभाविक विचार व्यक्ति के लिए, और समाज व राष्ट्र के लिए भी हितकर होते हैं। शिक्षा जगत् के लिए भी यह तथ्य समान महत्त्व का है।




