रोचक जानकारियां : ज्ञान विज्ञान दो ग्रह, रास्ता एक

खगोलविदों को स्पेस में एक अनोखी जोड़ी मिली है। एक खगोलीय पिंड की खोज हुई है जिसकी ऑर्बिट एक युवा तारे का चक्कर लगा रहे बृहस्पति जैसे एक ग्रह के समान है। शोधकर्ताओं ने सेंटोरस तारामंडल में 370 प्रकाश वर्ष दूर स्थित पीडीएस 70 सिस्टम की जांच के लिए दक्षिण अमेरिकी देश चिली के अटाकामा लार्ज मिलीमीटर / सबमिलिमीटर ऐरे ऑफ टेलीस्कोप का इस्तेमाल किया। वैज्ञानिक इन तस्वीरों को इस बात का सबसे पुख्ता सबूत मान रहे हैं कि दो एक्सोप्लैनेट की ऑर्बिट एक हो सकती है। बृहस्पति जैसे दो ग्रह, जिन्हें पीडीएस 70बी और पीडीएस 70सी के नाम से जाना जाता है, पहले से ही तारे की परिक्रमा कर रहे हैं। लेकिन खगोलविदों ने पीडीएस 70बी की ऑर्बिट के भीतर मलबे के एक बादल का पता लगाया है। ये संभवतः एक नए ग्रह के निर्माण खंड हो सकते हैं जो सक्रिय रूप से बन रहा है या पहले ही बन चुका है।

क्या होते हैं ट्रोजन ?

मैड्रिड के सेंटर फॉर एस्ट्रोबायोलॉजी में खगोल भौतिकी के पोस्टडॉक्टरल छात्र और अध्ययन के प्रमुख लेखक ओल्गा बाल्सालोब्रे - रूजा ने एक बयान में कहा, ’दो दशक पहले थ्योरी में यह भविष्यवाणी की गई थी कि समान द्रव्यमान वाले दो ग्रह अपने तारे के चारों ओर समान कक्षा साझा करते हैं। इन्हें ट्रोजन या को-ऑर्बिटल प्लैनेट कहा जाता है।’ ट्रोजन ऐसे चट्टानी पिंड होते हैं जिनकी कक्षा ग्रहों के समान होती है।

बृहस्पति की कक्षा में मौजूद 12 हजार से अधिक ट्रोजन

ये हमारे सौर मंडल में बेहद आम हैं। कुछ पृथ्वी की कक्षा में और 12,000 से अधिक ट्रोजन ऐस्टरॉइड बृहस्पति की कक्षा में मौजूद हैं। अक्टूबर 2021 में लॉन्च किया गया नासा का लुसी मिशन इन पहले कभी नहीं देखे गए ऐस्टरॉइड्स का करीब से अध्ययन करने वाला पहला मिशन था। हालांकि हमारे सौर मंडल से परे ट्रोजन के सबूत काफी दुर्लभ हैं। नई खोज ने शोधकर्ताओं को यह सवाल करने पर मजबूर कर दिया है कि ट्रोजन कैसे बनते और विकसित होते हैं और अन्य ग्रह प्रणालियों में इनकी संख्या कितनी हो सकती है ?