रोचक जानकारियां : ज्ञान-विज्ञान

क्या मंगल पर रहते हैं एलियंस ?

Untitled-15

क्या ब्रह्मांड में एलियन हैं? वैज्ञानिकों के लिए यह सवाल वर्षों से असुलझा है। अक्सर एलियन को लेकर दुनिया में चर्चा होती है। अब मंगल ग्रह की एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसने एलियन को लेकर बहस छेड़ दी है। अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा के क्यूरियोसिटी रोवर ने नई तस्वीरें भेजी हैं, जिसके बाद एलियन को लेकर चर्चा होने लगी है। रोवर ने जुलाई के आखिरी महीने में मंगल के माउंट शार्प इलाके की कई तस्वीरें खींची थीं। वैज्ञानिकों ने इन तस्वीरों को जोड़कर एक बड़ी तस्वीर बनाई है। इसमें चट्टान के बीच एक गहरे रंग की आकृति नजर आई है, जो कुछ लोगों को दरवाजे की तरह लग रही है। इसके बाद सोशल मीडिया पर एलियन सभ्यता को लेकर तरह-तरह के दावे किए जा रहे हैं। हालांकि, नासा की तरफ से अभी तक ऐसे किसी दावे की पुष्टि नहीं की गई है। साल 2012 से क्यूरियोसिटी रोवर मंगल के गेल क्रेटर में काम कर रहा है। इस रोवर का मकसद यह खोज करना है कि क्या अरबों साल पहले मंगल पर ऐसा माहौल था, जहां छोटे-छोटे जीव रह सकते थे। इसी मिशन के दौरान रोवर माउंट शार्प की चट्टानों और मिट्टी का अध्ययन कर रहा है। इसी दौरान रोवर ने नई तस्वीरें ली हैं। रोवर जिस स्थान की जांच कर रहा था, उस जगह की चट्टानों की परतों का अध्ययन हो रहा है।

इन परतों से वैज्ञानिक यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि बहुत पहले मंगल पर हवा और पानी कैसे बहते थे। जब सभी तस्वीरों को जोड़कर देखा गया, तो एक जगह दरवाजे जैसी आकृति दिखी जिसके बाद यह तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। यूएफओ से जुड़े दावे करने वाले एक शख्स का कहना है कि तस्वीर में नजर आ रही आकृति किसी दरवाजे की तरह है। यह दावा करने वाले शख्स का नाम स्कॉट सी. वारिंग है। उन्होंने दावा किया है कि यह लगभग 6.6 फीट ऊंची और 3.3 फीट चौड़ी हो सकती है। उन्होंने यह खुलासा नहीं किया कि यह माप कैसे निकाला है। सिर्फ देखकर किसी चीज का सही आकार बताना संभव नहीं है।

नासा ने कहा कि अभी तक मंगल पर एलियन या किसी पुरानी सभ्यता का कोई पक्का सबूत नहीं मिले हैं। वैज्ञानिक मानते हैं कि हो सकता है कि यह आकृति चट्टानों के टूटने, दरार पड़ने और लंबे समय तक हुए कटाव की वजह से बनी हो, क्योंकि ऐसी आकृतियां धरती पर भी कई जगह देखने को मिलती हैं।

Author