रिश्तों की हो दीपावली

मधु भूतड़ा

मधु भूतड़ा 'अक्षरा', जयपुर

कतरा रहे हैं रिश्तों से
सूने हो रहे हैं त्यौहार
रामा-श्यामा दिवस पर
मौन हो गए हैं द्वार।

छूट गए सब नाते-रिश्ते
सीमित हो गया परिवार
कहानी यह घर-घर की
बदल गया है व्यवहार।

देकर फोन पर बधाइयाँ
सिमट गया यह संसार
बचा नहीं अपनत्व अब
नाम के रह गए रिश्तेदार।

औपचारिक दीप बुझाकर
नव संकल्प करेंगे साकार
रिश्तों की हो ये दीपावली
ऐसी पहल करें इस बार।

मिठाई संग आओ बाँटें
आपस का प्यार-दुलार
वजह लाएँ मिलने की
सजे रिश्तों का आधार।

संवारना होगा हमको
बिखरे रिश्तों के तार
छोटी-छोटी पहल से
लौटेगा आपसी प्यार।

प्रेम-विश्वास बढ़े आपस में
उत्सव का उमंग हो अपार
मिलने-मिलाने की रीत चले
फिर से हो आँगन गुलज़ार।

रिश्तों की हो दीपावली
यही रखें इस बार का विचार।

दीपावली

Author