नई पीढ़ी सांस्कृतिक जड़ों से दूर हो रही है : आखिर क्यों?

ग्वालियर
संस्कृति का अर्थ केवल पूजा-पद्धति, वेशभूषा, खानपान और त्योहारों तक सीमित नहीं है, बल्कि संस्कृति हमारी विचारधारा, भाषा, साहित्य, व्यवहार, नैतिकता और सामूहिक स्मृति का समन्वित स्वरूप है।
किसी भी समाज की पहचान उसकी संस्कृति, भाषा, साहित्यिक, परंपराओं और जीवन-मूल्यों से निर्मित होती है। संस्कृति केवल अतीत की स्मृतियों का संग्रह नहीं, बल्कि वह जीवन-दृष्टि है, जो एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी तक विचारों, व्यवहारों और संस्कारों के रूप में हस्तांतरित होती है। आज सबसे बड़ा जटिल प्रश्न उभरकर सामने आ रहा है कि नई पीढ़ी अपनी सांस्कृतिक जड़ों से अपेक्षाकृत दूर क्यों होती जा रही है?
वैश्विक संस्कृति से जुड़ना, नई तकनीक अपनाना, आधुनिक जीवनशैली को पसंद करना अथवा आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर होना अच्छी बात है। पर समस्या तब उत्पन्न होती है, जब आधुनिकता की दौड़ में व्यक्ति अपनी सांस्कृतिक पहचान, भाषाई विरासत, पारिवारिक संवेदना और मानवीय मूल्यों से दूर हो जाता है।
सांस्कृतिक जड़ों से दूरी के प्रमुख कारण हैं, परिवार में सांस्कृतिक संवाद का कम होना। पहले परिवार संस्कारों, लोककथाओं, धार्मिक आख्यानों, साहित्य और जीवनानुभवों के हस्तांतरण का उत्तम माध्यम था। दादा-दादी और नाना-नानी की कहानियाँ, त्योहारों के पीछे छिपे सांस्कृतिक अर्थ तथा पारिवारिक परंपराएँ सहज रूप से बच्चों तक पहुँच जाती थीं। हर छोटे-बड़े पर्व पर कथाएं, विभिन्न तिथियों पर कहानियां कथाएं सनातन संस्कृति में प्रचलित हैं। घर के बुजुर्ग इन कथा-कहानियों को सुनाते थे और बच्चे बड़े चाव से इन कथाओं को सुनते थे, जैसे दशहरा पर रावण का वध राम की विजय इस कहानी में बुराई पर अच्छाई की जीत बताई जाती थी, दीपावली पर बच्चे राम के अयोध्या आगमन की कथा सुनते थे। उन्हें दीपदान, लक्ष्मी-पूजन और दीपोत्सव के सांस्कृतिक अर्थ भी जान लेते थे। आज परिवारों में दीपावली की तैयारी सजावट, खरीदारी, फोटो और सोशल मीडिया पोस्ट तक सीमित होती दिखाई देती है। बच्चे उत्सव मनाते हैं, लेकिन उसके पीछे निहित सांस्कृतिक और आध्यात्मिक भाव नहीं जानते हैं। आज एक ही घर में रहते हुए भी परिवार के सदस्य अपने-अपने डिजिटल संसार में व्यस्त रहते हैं। आज अपनी-अपनी डफली अपना-अपना राग हो गया है परिणामस्वरूप पीढ़ियों के बीच संवाद और अनुभवों का आदान-प्रदान न के बराबर हो गया है। रामायण, महाभारत, उपनिषदों की कथाओं, संत साहित्य और आध्यात्मिक प्रसंगों को सुनने-पढ़ने के अवसर भी चले गए हैं। वहीं दूसरी ओर आज सिनेमा भी नई पीढ़ी की आध्यात्मिक चेतना को भ्रमित कर रहा है आदर्श चरित्र के स्थान पर केवल भद्दा मनोरंजन परोसा जा रहा है। पहले बच्चों को रामलीला या नाटक के मंच पर प्रेरणास्रोत राम, कृष्ण, विवेकानंद, शिवाजी, झाँसी की रानी और पौराणिक महापुरुषों के चरित्र का यथार्थ चित्रण हुआ करता था। बच्चा उसी चरित्र में स्वयं को देखता था कलाकार के संवाद, पहनावे और नृत्य की नकल सहजता से कर लेता था। आज फिल्मों में, नाटक में और वेब सीरीज़ में प्रेम को प्रायः आकर्षण, शारीरिक निकटता, अधिकार-बोध, पारिवारिक विघटन और तात्कालिक भावनात्मक आवेगों के रूप में प्रस्तुत किया जा रहा है। इस प्रकार प्रेम की व्यापक और उदात्त अवधारणा केवल व्यक्तिगत आकर्षण एवं क्षणिक अनुभूतियों तक सीमित हो गई है। इसके विपरीत, भारतीय साहित्यिक एवं सांस्कृतिक परंपरा में प्रेम को त्याग, समर्पण, विश्वास, मर्यादा, संवेदनशीलता और आत्मिक अनुभूति से जोड़कर देखा गया है। यहाँ प्रेम केवल पाने की आकांक्षा नहीं, बल्कि त्यागने, समझने, स्वीकार करने और दूसरे के अस्तित्व का सम्मान करने की उदात्त भावना भी है। राधा-कृष्ण का प्रेम, राम-सीता का दांपत्य और कालिदास के साहित्य में चित्रित प्रेम की अनुभूतियाँ इसके विविध आयामों को अभिव्यक्त करती हैं। नई पीढ़ी का प्रेम वही है जो फिल्मों में उसने देखा है। मानवीय, नैतिक, साहित्यिक और आध्यात्मिक पक्ष से कोई वास्ता नहीं है। हिंसात्मक फिल्मों का भी प्रभाव बच्चों पर अच्छा नहीं पड़ता है। कुछ फिल्मों में विलासिता, महँगी गाड़ियाँ, ब्रांडेड वस्त्र, भव्य जीवनशैली और आर्थिक शक्ति को सफलता के प्रमुख प्रतीक के रूप में दिखाया जाता है।
इससे बच्चों की आकांक्षाएं बढ़तीं है। वे व्यक्तित्व निर्माण की अपेक्षा बाहरी प्रदर्शन को अधिक महत्त्व देते हैं।
युवा पीढ़ी पर उपभोक्तावादी संस्कृति का प्रभाव अधिक बढ़ रहा है। बाजारवाद, सोशल मीडिया और विज्ञापन जगत ने युवाओं की आवश्यकताओं के साथ-साथ उनकी इच्छाओं और जीवनशैली को प्रभावित कर डाला है। ब्रांडेड वस्त्र, महँगे गैजेट्स, आकर्षक रहन-सहन और विलासितापूर्ण जीवनशैली कई बार सामाजिक प्रतिष्ठा एवं व्यक्तिगत सफलता के प्रतीक बन जाते हैं, तब समस्याएं पैदा होती हैं। इस प्रवृत्ति में आवश्यकता से अधिक वस्तुओं का संग्रह, दूसरों की जीवनशैली से स्वयं की तुलना और अपनी आर्थिक हैसियत का प्रदर्शन करने की मानसिकता दिखाई देने लगती है। परिणामस्वरूप वे अपनी वास्तविक आर्थिक क्षमता से अधिक खर्च करते हैं। अनावश्यक दबाव का अनुभव कर दिखावे की दुनिया में जीते हैं। आधुनिकता की दौड़ में दौड़ना अच्छी बात है पर अपनी जड़ों से जुड़कर अपनी सांस्कृतिक पहचान बनाए रखना भी आवश्यक है।
यहाँ विचारणीय प्रश्न केवल यह है कि नई पीढ़ी के बदलते व्यवहार, आचरण अथवा जीवन-दृष्टि का नहीं है, बल्कि इसके साथ हमारे परिवर्तित होते पारिवारिक परिवेश, शिक्षा व्यवस्था, सामाजिक प्राथमिकताओं और सांस्कृतिक मूल्यों के पीढ़ी-दर-पीढ़ी हस्तांतरण का भी है। कुछ अपवादों को छोड़ दें तो वर्तमान पीढ़ी में भौतिकवादी दृष्टिकोण, उपभोक्तावादी प्रवृत्ति और व्यक्तिगत उपलब्धियों के प्रति बढ़ता आकर्षण स्पष्ट रूप से परिलक्षित होता है। ऐसे में आवश्यकता केवल नई पीढ़ी के व्यवहार में सुधार की अपेक्षा करने की नहीं, बल्कि उन परिस्थितियों और परिवेश का भी आत्ममंथन करने की है, जो उसके विचारों एवं व्यक्तित्व को आकार दे रहे हैं। प्रश्न यह है कि परिवार, शिक्षा और समाज के स्तर पर ऐसे कौन-से सकारात्मक परिवर्तन किए जाएँ, जिनसे आधुनिकता और भौतिक प्रगति के साथ-साथ मानवीय संवेदनाएँ, नैतिक मूल्य और सांस्कृतिक चेतना भी अक्षुण्ण रह सकें? युवा सोच प्रौढ़ हो।




