धर्मक्षेत्र : कुरुक्षेत्र

अरविन्द त्रिपाठी, पर्यटन प्रेमी, कानपुर

कुरुक्षेत्र में इतिहास, आध्यात्मिकता और दिव्य ज्ञान का संगम है । महाभारत में धर्मक्षेत्र के नाम से प्रसिद्ध यह पवित्र भूमि एक शाश्वत विरासत को समेटे हुए है । यहीं पर भगवान कृष्ण ने अर्जुन को भगवद्गीता की गहन शिक्षाएँ दी, जिससे ज्ञान का वह मार्ग प्रशस्त हुआ जो सदियों से मानवता को प्रेरित करता आ रहा है। कुरुक्षेत्र मात्र एक शहर नहीं बल्कि भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिकता की आत्मा है।

कुरुक्षेत्र का ऐतिहासिक महत्व—धर्म की पवित्र भूमि कुरुक्षेत्र को वैदिक काल से ही आध्यात्मिक महत्व के लिए पूजा जाता रहा है। प्राचीन ग्रंथों में इसे राजा कुरु के प्रसिद्ध यज्ञ स्थल के रूप में वर्णित किया गया है, जहाँ उन्होंने शाश्वत पुण्य के लिए भूमि को पवित्र किया था।

व्यास जैसे ऋषियों ने इसकी विरासत को समृद्ध किया। सरस्वती नदी के तट पर सुशोभित यह स्थल ध्यान और ज्ञानोदय का केंद्र बन गया।

कुरुक्षेत्र का आध्यात्मिक महत्व— कुरुक्षेत्र आध्यात्मिक साधकों के लिए एक आदर्श स्थल है। प्राचीन ग्रंथों के अनुसार, कुरुक्षेत्र जाने के बारे में सोचने मात्र से ही पाप धुल जाते हैं। इसके पवित्र जल में स्नान करना, विशेषकर पर्व के अवसरों पर आत्मा को शुद्ध करता है और आध्यात्मिक यात्रा को उन्नत बनाता है।

कुरुक्षेत्रे स्थितं स्नानं सर्वपापप्रणाशनम।
पुण्यदं मोक्ष्दं चैव विष्णुलोकं प्रपश्यति॥
– पद्मपुराण, सृष्टि खण्ड

उत्सव और आध्यात्मिकता की जीवंत परंपरा— कुरुक्षेत्र अपने त्योहारों के समय जीवंत हो उठता है। गीता महोत्सव और सूर्य ग्रहण मेले जैसे आयोजन तीर्थयात्रियों और पर्यटकों को जहाँ आकर्षित करते हैं वहीं भक्ति एवं धार्मिकता से परिपूर्ण वातावरण एक सजीव अनुभूति प्रदान करते हैं।

आध्यात्मिक इतिहास से समृद्ध कुरुक्षेत्र एक शांत और पर्यावरण के अनुकूल पर्यटन स्थल के रूप में विकसित हुआ है, जो प्राचीन महत्व और आधुनिक सुविधाओं का सामंजस्यपूर्ण मिश्रण प्रस्तुत करता है।

कुरुक्षेत्र महज एक पर्यटन स्थल नहीं है बल्कि यह इतिहास, संस्कृति और आस्था से ओतप्रोत एक आध्यात्मिक यात्रा है। प्राचीन मन्दिरों और पवित्र जलाशयों से लेकर जीवंत बाजारों और शिक्षा केंद्रों तक “कुरुक्षेत्र” अनुभवों का एक अनूठा संगम है।

कुरुक्षेत्र के प्रमुख पर्यटन स्थल—

ब्रह्म सरोवर— ब्रह्म सरोवर, ब्रह्मांड के रचयिता भगवान ब्रह्मा से जुड़ा हुआ है। सूर्य ग्रहण के समय सरोवर के पवित्र जल में स्नान करने से हज़ारों अश्वमेघ तक यज्ञ करने का पुण्य प्राप्त होता है। मान्यता है कि कौरवों और पांडवों के पूर्वज “राजा कुरु” ने इसका निर्माण करवाया था।

किंवदंतियों के अनुसार महाभारत युद्ध में पांडवों की विजय के प्रतीक स्वरूप सरोवर के बीच स्थित द्वीप में युधिष्ठिर द्वारा एक स्तंभ बनवाया गया था। उसी परिसर में एक प्राचीन द्रौपदी कूप है। सरोवर के उत्तरी तट पर भगवान शिव का “सर्वेश्वर महादेव मंदिर” है। मान्यता है कि भगवान ब्रह्मा द्वारा इस शिवलिंग को स्थापित किया गया था । नवम्बर-दिसंबर में ब्रह्म सरोवर के तट पर वार्षिक “गीता जयंती” समारोह आयोजित किया जाता है। 

Color Fill 1211

ब्रह्म सरोवर के घाटों पर संध्या आरती के दिव्य स्वरूप में डूब सकते हैं। यह अनुष्ठान सम्पूर्ण वातावरण को आध्यात्मिकता से भर देता है और इसकी सुंदरता और शान्ति से श्रद्धालु मंत्रमुग्ध हो जाते हैं। सूर्योदय और सूर्यास्त के समय यहाँ का दृश्य बहुत सुंदर प्रतीत होता है।

ज्योतिसर तीर्थ— ज्योतिसर, कुरुक्षेत्र में स्थित वटवृक्ष वह स्थल है जहाँ योगेश्वर भगवान श्री कृष्ण ने 5000 वर्ष से भी पूर्व अर्जुन को भगवद्गीता का उपदेश दिया था, जिसके बारे में कहा जाता है कि उसने महाभारत युद्ध के समय गीता का संवाद सुना था। अर्जुन के मन में संशय और युद्ध करने की अनिच्छा के बीच, भगवान कृष्ण ने उन्हें परम सत्ता के प्रति भक्ति, प्रेम और समर्पण का शाश्वत संदेश दिया था।

यहाँ पर सायंकाल में एक मनमोहक प्रकाश एवं ध्वनि शो के माध्यम से महाभारत की भव्यता का अनुभव कर सकते हैं। फव्वारों के प्रदर्शन से सजी यह आकर्षक दृश्य एवं श्रव्य प्रस्तुति, महाकाव्य की पौराणिक कथाओं को अद्भुत, अलौकिक और अविस्मरणीय दृश्यों में जीवंत प्रस्तुत करती है।

भीष्म कुंड—ऋषि और वीर सेनापति भीष्म पितामह इस स्थान पर 51 दिनों तक बाणों की शैय्या पर लेटे रहे। बाणों की शैय्या पर लेटे हुए उन्होंने पाण्डवों को अमूल्य उपदेश दिये। भीष्म पितामह ने भगवान कृष्ण के दिव्य स्वरूप का ध्यान करते हुये अपने शरीर को त्याग दिया, जो उनके प्राणोत्सर्ग के समय कृपापूर्वक उनके सम्मुख प्रकट हुये थे। यहीं परिसर में पाण्डवों का भी एक भव्य मन्दिर और हनुमान जी की एक विशाल मूर्ति स्थापित है।

श्री कृष्ण अर्जुन मन्दिर (इस्कॉन)—श्री कृष्ण अर्जुन मन्दिर, विशाल भू भाग पर निर्मित है। यह मन्दिर एक भव्य रथ की तरह दिखाई देता है, जो कि 4 राजसी घोड़ों और 6 विशाल पहियों से सुशोभित है।

श्री देवीकूप भद्रकाली मन्दिर—श्री देवीकूप मन्दिर, जो कि माँ भद्रकाली को समर्पित है, 52 शक्तिपीठों में से एक है। यहाँ पर देवी सती के शरीर के टुकड़ों में से उनका दाहिने पैर का टखना गिरा था। मन्दिर के अंदर, एक पवित्र श्वेत संगमरमर का कमल इस दिव्य घटना का प्रतीक चिह्न है। यह भी माना जाता है कि महाभारत युद्ध से पहले पाण्डवों ने यहाँ पर आशीर्वाद लिया था, और विजय के पश्चात् कृतज्ञता के प्रतीक के रूप में देवी को घोड़े अर्पित किये थे।

स्थानेश्वर महादेव मन्दिर—पांच हज़ार वर्षों से भी अधिक प्राचीन स्थानेश्वर महादेव मन्दिर भगवान शिव को समर्पित है और कुरुक्षेत्र का एक प्रमुख आध्यात्मिक स्थल है। मान्यताओं के अनुसार भगवान ब्रह्मा जी ने यहाँ पर प्रथम शिवलिंग स्थापित किया था, जिससे यह शिव का सबसे प्राचीन पूजा स्थल बन गया।

महाभारत में भी इस मंदिर का विशेष महत्व है क्योंकि पांडवों और भगवान कृष्ण ने युद्ध में विजय प्राप्त करने के लिये भगवान शिव का आशीर्वाद यहीं प्राप्त किया था। कुरुक्षेत्र की कोई भी तीर्थयात्रा इस मन्दिर के दर्शन के बिना पूर्ण नहीं मानी जाती है।

श्री कृष्ण संग्रहालय— यहाँ पर भगवान श्री कृष्ण से जुड़ी उत्कृष्ट कलाकृतियों, प्राचीन वस्तुओं और महाभारत काल के अवशेष रखे गये हैं। प्रदर्शनियों के माध्यम से भगवान कृष्ण के जीवन और शिक्षाओं को ऐसे दर्शाया गया है कि जिससे उनके शाश्वत ज्ञान और कथाओं को जीवंत कर देती हैं।

पैनोरमा एवं विज्ञान संग्रहालय— विज्ञान प्रेमियों के लिये एक स्वर्ग समान, यह इंटरैक्टिव केन्द्र आकर्षक प्रदर्शनियों और व्यवहारिक शिक्षण अनुभवों से भरपूर है, जो कि विज्ञान को सभी उम्र के लोगों के लिए मजेदार सुलभ और आकर्षक बनाता है।

यहाँ कुरुक्षेत्र के युद्ध के दृश्यों को बेहद रोमांचक और आकर्षक दृश्यों के साथ एक पैनोरमा व्यू में प्रदर्शित किया गया है।

श्री वेंकटेश्वर बालाजी तिरुपति मंदिर— श्री वेंकटेश्वर बालाजी को समर्पित यह भव्य काले ग्रेनाइट का मन्दिर, आंध्र प्रदेश के तिरुपति स्थित मुख्य मंदिर की स्थापत्य कला की प्रतिकृति है। इस मन्दिर में भव्य जुलूस और रथयात्राएँ आयोजित की जाती हैं, जो कि उत्तर भारत में दक्षिण भारतीय आध्यात्मिक परंपराओं की झलक प्रस्तुत करती है।

अभिमन्यु चक्र व्यूह स्थल— कौरवों ने एक दुर्जेय चक्रव्यूह बनाया था जिसे भेदने की अर्जुन और अभिमन्यु ही तकनीक जानते थे। अभिमन्यु ने निडर होकर चक्रव्यूह में प्रवेश किया जबकि जयद्रथ ने पांडवों को बाहर रोक रखा था। पराक्रमी और बलशाली योद्धाओं का सामना करते हुए भी, अभिमन्यु ने वीरतापूर्वक मुक़ाबला किया और इसी स्थान पर वीरगति प्राप्त की।

कल्पना चावला तारामंडल— आकर्षक प्रदर्शनियों और खगोल विज्ञान से जुड़े रोमांचक “शो” के माध्यम से भारत की अंतरिक्ष क्षेत्र की प्रतीक “कल्पना चावला” को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ब्रह्मांड के चमत्कारों की खोज यहाँ पर कर सकते हैं।

धरोहर संग्रहालय— विभिन्न सभ्यताओं की परंपराओं, कला और दैनिक जीवन को प्रदर्शित करने वाली झांकियों के माध्यम से हरियाणा की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रस्तुत किया गया है।

1857 युद्ध संग्रहालय— कलाकृतियों और वृतांतों के माध्यम से भारत के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास को दर्शाया गया है, जहाँ कि सन् 1857 से वीरता और बलिदान की कहानियों को जीवंत रूप से प्रस्तुत किया गया है।

महाभारत अनुभव केंद्र संग्रहालय— अत्याधुनिक तकनीक इंटरैक्टिव डिस्प्ले के माध्यम से महाभारत में पहले कभी न देखे गये दृश्यों में आप डूब जायें …. ऐसा प्राचीन कथाओं का आधुनिक रूप यहाँ प्रस्तुत किया गया है।

सन्निहित सरोवर— माना जाता है कि सन्निहित सरोवर पवित्र सरस्वती नदी की सात सहायक नदियों का संगम स्थल है। अमावस्या को श्रद्धालु यहाँ पर स्नान करने के लिए उमड़ते हैं क्योंकि ऐसा माना जाता है कि इस दिन इसके पवित्र जल से स्नान करने से अनेक अश्वमेघ यज्ञों का फल प्राप्त होता है। पौराणिक कथाओं के अनुसार यह सरोवर भगवान विष्णु का निवास स्थान माना गया है।

कालेश्वर महादेव मन्दिर— मान्यता है कि यहाँ पर महान विद्वान रावण ने हज़ारों वर्ष तपस्या की थी। उनकी तपस्या से प्रसन्न होकर भगवान शिव ने रावण को काल पर विजय प्राप्त करने का वरदान यहीं दिया था। कहते हैं कि रावण ने भगवान शिव से कहा था कि भगवान और भक्त के बीच में हमें कोई नहीं चाहिये…. तब भगवान शिव बोले कि नंदी हमें बहुत प्रिय है, वह तो रहेगा…. रावण ने कहा कि हमारे बीच कोई नहीं रहेगा…तब भगवान शिव ने कहा ठीक है तुम मेरे परम प्रिय भक्त हो…. नंदी से कहा बेटा! तुम यहाँ से थोड़ी देर के लिये चले जाओ…..बताते हैं कि तब से आज तक यहाँ पर नंदी की स्थापना नहीं हुई है।

Rectangle 1203

बिड़ला मन्दिर— बिड़ला मन्दिर एक अद्भुत स्थल है जो आधुनिक स्थापत्य कला की भव्यता को पारंपरिक आध्यात्मिकता के साथ ख़ूबसूरती से दर्शाता है। सन् 1952 में स्थापित, भगवान कृष्ण को समर्पित यह मन्दिर एक शांत स्थान है, जहाँ भक्त और कला प्रेमी शांति के साथ दर्शन कर सकते हैं।

हर्ष का टीला— हर्ष का टीला, इस क्षेत्र के समृद्ध ऐतिहासिक ताने बाने का प्रमाण है। लगभग एक किमी में फैला यह प्राचीन टीला पुरातात्त्विक खुदाई का केन्द्र रहा है। जिसमें राजा हर्ष के शासनकाल के समय सातवीं शताब्दी के अवशेष मिले हैं। यह स्थल विभिन्न सभ्यताओं की एक विस्तृत एवं रोचक झलक प्रस्तुत करता है।

कर्ण का टीला— कर्ण का टीला महाभारत काल का एक ऐतिहासिक स्थल है, जो कि एन आई टी के पीछे स्थित है, जहाँ पैदल चलकर पहुँचा जा सकता है। स्थानीय लोगों के अनुसार, रात में अलौकिक शक्तियों के विचरने की कहानियों के चलते, पर्यटकों को दिन के समय ही घूमने की सलाह दी जाती है।

लक्ष्मीनारायण मन्दिर— यह मन्दिर भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी जी को समर्पित है। मान्यता है कि महाभारत युद्ध के बाद पांडवों ने यहाँ पर भगवान लक्ष्मीनारायण की मूर्ति स्थापित की थी। स्थानीय लोगों के मतानुसार इस मन्दिर की परिक्रमा करने से विशेष पुण्य प्राप्त होता है।

गीता ज्ञान संस्थानम (GIEO) अस्पताल, मन्दिर एवं संग्रहालय— कुरुक्षेत्र में “जियो”, चिकित्सा सेवाओं से संबंधित मुख्य केंद्र “गीता ज्ञान संस्थानम” है। यह ब्रह्म सरोवर और तिरुपति बालाजी मंदिर के समीप एक प्रसिद्ध आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और कल्याण केंद्र है। इसकी स्थापना प्रख्यात गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज जी के मार्गदर्शन में की गई है।

इस परिसर के मुख्य आकर्षण—

स्वास्थ्य और अस्पताल सेवाएँ— संस्थान आध्यात्मिक चेतना के साथ साथ मानव स्वास्थ्य सेवा के लिए भी समर्पित है। यहाँ पर पतंजलि और मेदांता के सहयोग से “जियो ओ पी डी” और वेलनेस सेंटर का संचालन किया जाता है।

जियो गीता मन्दिर एवं संग्रहालय— संस्थान के परिसर में श्री राधाकृष्ण को समर्पित एक अत्यंत सुंदर लाल पत्थर का मन्दिर स्थित है। मन्दिर परिसर में एक विशेष स्तंभ स्थापित है, जिस पर श्रीमद्भगवद्गीता के सभी 700 श्लोक अंकित हैं।

यहाँ पर एक अत्याधुनिक डिजिटल म्यूजियम है, जहाँ मल्टीमीडिया गाइडेंस, 3 डी मॉडल और एक शानदार लेजर शो के माध्यम से महाभारत और गीता के उपदेशों को जीवंत रूप से दिखाया जाता है।

शेख चिल्ली का मकबरा— सूफी संत शेख चिल्ली जलाल को समर्पित यह मकबरा जटिल नक्काशी और सुंदर बगीचों से सुसज्जित है। यहाँ पुरातत्व विभाग का संग्रहालय है, जहाँ कुरुक्षेत्र की खुदाई से मिली प्राचीन वस्तुएँ रखी गयी हैं।

Rectangle 1213

कुरुक्षेत्र में होने वाले प्रमुख मेले और महोत्सव— जिस दिन भगवान कृष्ण ने अर्जुन को कुरुक्षेत्र के युद्धक्षेत्र में भगवद्गीता का ज्ञान दिया था। वह दिन “गीता जयंती” के रूप में कुरुक्षेत्र में बड़े धूमधाम से मनाया जाता है। पवित्र ब्रह्म सरोवर के चारों ओर आयोजित होने वाले इस उत्सव में आध्यात्मिक प्रवचन, यज्ञ, सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ और रंगारंग झाकियां शामिल होती हैं, जिससे यह उत्सव और भी दिव्य और आनंद से परिपूर्ण होता है।

सूर्य ग्रहण के समय, इस पवित्र ब्रह्म सरोवर में स्नान के लिए लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं। तीर्थयात्रियों के स्वागत के लिये एक भव्य मेले का आयोजन किया जाता है, जो इस खगोलीय घटना के उत्सव पूर्ण माहौल को और भी दिव्य बना देता है।

Rectangle 1203 (1)

आस-पास —

चण्डीगढ़ – कुरुक्षेत्र से चण्डीगढ़ लगभग 95 किमी दूर स्थित है। यह केंद्र शासित के साथ ही पंजाब और हरियाणा की राजधानी भी है।

अम्बाला – कुरुक्षेत्र से अम्बाला लगभग 50 किमी दूर है। यहाँ कई धार्मिक, ऐतिहासिक और प्राकृतिक पर्यटन स्थल हैं। अम्बाला को वैज्ञानिक उपकरणों के निर्माण के लिये भी जाना जाता है।

करनाल – करनाल को महाभारत के महान योद्धा एवं दानवीर कर्ण की नगरी कहा जाता है। यहाँ कर्ण झील, अटल पार्क, कर्ण पार्क, माता दुर्गा भवानी मन्दिर और कर्णेश्वर महादेव मंदिर आदि पर्यटन स्थल हैं।

पानीपत – पानीपत मुख्य रूप से अपने तीन ऐतिहासिक युद्धों और हैंडलूम उद्योग के लिए प्रसिद्ध है, यह कुरुक्षेत्र से लगभग 70 किमी दूर है।

चुलकाना धाम – कुरुक्षेत्र से चुलकाना धाम लगभग 90 किमी की दूरी पर समालखा गांव, पानीपत में स्थित है। यह स्थल श्याम बाबा (खाटू श्याम) से जुड़ा हुआ है। मान्यता है कि बर्बरीक ने यहीं पर, भगवान श्री कृष्ण के मांगने पर अपने शीश का दान दिया था।

कहाँ ठहरें ? – कुरुक्षेत्र में रुकने के लिए कई प्रसिद्ध धर्मशालाएँ बजट होटल से लेकर 5 स्टार होटल तक आपके बजट और सुविधानुसार उपलब्ध हैं।

कब जायें – कुरुक्षेत्र, वर्षपर्यन्त कभी भी जाया जा सकता है। गीता जयन्ती के अवसर पर अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव यहाँ प्रतिवर्ष नवंबर – दिसंबर में आयोजित होता है।

कुरुक्षेत्र घूमने के लिए कितने दिन चाहिये ? – कुरुक्षेत्र भ्रमण करने के लिये कम से कम दो से तीन दिन का समय चाहिए।

कैसे पहुँचे? –

वायु मार्ग द्वारा– निकटतम हवाई अड्डा दिल्ली और चण्डीगढ़ है, जो कि सड़क और रेल मार्ग द्वारा कुरुक्षेत्र से जुडे हुए हैं। टैक्सी सेवाएँ हवाई अड्डे से उपलब्ध हैं।

रेल मार्ग द्वारा– कुरुक्षेत्र रेलवे स्टेशन, मुख्य दिल्ली- अंबाला रेलवे लाइन पर स्थित है, जो कि देश के सभी महत्वपूर्ण शहरों से अच्छी तरह से जुड़ा हुआ है।

सड़क मार्ग द्वारा– हरियाणा रोडवेज़ और अन्य पडोसी राज्य निगमों की बसें कुरुक्षेत्र को दिल्ली, चण्डीगढ़ और अन्य महत्त्वपूर्ण शहरों से जोड़ती हैं। कुरुक्षेत्र राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 1, पिपली से लगभग 5 किमी की दूरी पर है।

Color Fill 1211 copy

Author