जब मेरी हिन्दी ने मुझसे रात के सन्नाटे में हिसाब माँगा...

जब मेरी हिन्दी ने मुझसे रात के सन्नाटे में हिसाब माँगा​
मनीषा टिबडेवाल, कोलकाता

यह उन दिनों की बात है, जब किताबों की महक से मेरा घर महकता था। बचपन का एक चोर रास्ता था मेरे पास—पढ़ाई के बोझ से वक्त चुराना, माँ की नज़रों से बचना, रातों को रजाई के अंदर टॉर्च जलाकर उपन्यास, अनुवाद और कहानियों की दुनिया में खो जाना। घर की बैठक में जब साहित्य के दिग्गजों पर चर्चा छिड़ती, तो मैं किसी कोने में दुबककर उन्हें सुना करती। कविताएं, वाद-विवाद और पुस्तक मेले… यही तो मेरी ज़िंदगी के असली रंग थे।

हिन्दी से मेरा प्यार कोई कल-परसों की बात नहीं है, यह रिश्ता बड़ा पुराना है। ज़िंदगी के न जाने कितने उतार-चढ़ाव आए, रास्ते बदले, पर जो एक साया हर मोड़ पर मेरे साथ खड़ा रहा, वह मेरी हिन्दी ही थी। कभी किताबी शुद्धता, कभी काम-चलाऊ रूप, तो कभी दोस्तों के साथ “आएगा-जाएगा” वाली बेफ़िक्र बोली… मैंने इसके हर रूप को जिया है। और जब लॉकडाउन की खामोशी आई, तो मेरी डायरी एक बार फिर हिन्दी की पंक्तियों से सराबोर हो उठी।

आज जब चारों तरफ अँग्रेजी का ही गाज़ा-बाज़ा बज रहा है और युवा वर्ग में हिन्दी साहित्य कहीं गुमनाम होता दिख रहा है,

प्रगति के नाम पर हम हिन्दी को भूलते जा रहे हैं और अँग्रेजी में हिन्दी का तड़का डालकर परोस रहे हैं। तब भी यह भाषा मेरे दिल के सिंहासन पर विराजमान है। सालों पहले जब मैंने अँग्रेजी के दीवानों के बीच फिर से हिन्दी का परचम लहराया, तो कुछ ने मुँह बनाया, कुछ ने “ओहो! हिन्दी?” कहकर चिढ़ाया। पर मैं भी कहाँ हार मानने वाली थी! बेफ़िक्र होकर हर महफ़िल में अपनी भाषा पर अड़ी रही। नतीजा? आज वही लोग हिन्दी का लोहा मानते हैं। उन्हें समझ आ गया है कि अँग्रेजी की ‘गिटर-पिटर’ में वह बात कहाँ जो सीधे दिल को छू ले! अब तो आलम यह है कि वे भी अपने फैशनेबल अँग्रेजी भाषणों को हिन्दी के दोहों और कविताओं के गहनों से सजाने को मजबूर हैं।

अपनी इसी ‘जीत’ के गुमान में एक रात मैं सो रही थी, तभी हिन्दी चुपके से मेरे सपने में आई और उसने मुझे एक तीखा उलाहना दे दिया!

उसने मेरी आँखों में आँखें डालकर पूछा—”यह कैसा दिखावा है? माँ, बाप और प्रेमी की तरह मेरा भी बस एक ही दिन? साल के 364 दिन मेरे बिना और एक दिन ‘हिन्दी दिवस’ का ढोंग?” — मैं सन्न रह गई। सच ही तो था! हम एक दिन स्कूलों और संस्थाओं में हिंदी में कार्यक्रम आयोजित करते हैं। ‘I love Hindi’ के पोस्टर चिपकाते हैं, वाह-वाही लूटते हैं और अगले ही पल फिर उसी अँग्रेजी के दौर में खो जाते हैं।

मैंने तड़पकर हिन्दी का हाथ थामा और कहा—”नहीं रे, ऐसा मत कह! मुझे देख, मैं आज भी हिन्दी में सोचती हूँ, हिन्दी में ही रोती-हँसती हूँ और हिन्दी में ही लिखती हूँ। और जहां तक सम्भव हो हिन्दी को हर जगह स्थापित करने की कोशिश भी करती हूँ।

पर इस स्थिति का दोष हमारा नहीं है, इस अपाहिज शिक्षा प्रणाली ने हमें त्रिशंकु बना दिया है। पर तू बेफिक्र रह! हम बच्चों को ‘पचपन’ का मतलब समझाएंगे, 100 तक की गिनती हिन्दी में रटाएंगे। अपनी जड़ों को सींचना हम नहीं भूलेंगे!”

मेरी यह ज़िद देखकर हिन्दी का चेहरा खिल उठा। उसने दुलार से मेरे गाल सहलाए और कहा—”तुम्हारी बातें सुनकर मेरे तड़पते दिल को करार आ गया… चलो, कोई तो है जो मेरे लिए धड़कता है!”….

माँ का आँचल, माँ का प्यार
क्या कभी लगा पुराना या बेकार?

फिर मातृभाषा का अनादर
कैसे हुआ सही शिष्टाचार

खुद को जड़ों से काट कर
कैसे भला पनप पाओगे

धरती से जुड़े बिना
आसमान में कैसे उड़ पाओगे*

मुझे भी थोड़ी सी राहत मिली कि मेरे कदम, मेरी सोच सही दिशा में है। सही बात तो ये है कि हम खुद अगर अपनी मातृभाषा के लिए आवाज नहीं उठाएंगे तो फिर और कौन ये जिम्मेदारी लेगा।

विश्व के प्रायः हर देश में उस देश की बोली को सम्मान दिया जाता है। बस हम ही हिन्दी से आंखे चुराते हैं।

मोदी जी ने विश्व के हर कोने में हिंदी का मान रखा है। शायद आज का युवा वर्ग इससे ही अनुप्रेरित हो जाए।

कड़वा सच यही है कि अपनी जड़ों को काटकर कोई पेड़ नहीं पनपता। आइए, हिन्दी को सिर्फ एक दिन का कैलेंडर उत्सव न बनाएं, इसे अपनी साँसों में, अपनी रोज़मर्रा की ज़िंदगी में घोल लें।

Author