जब बाबा नीम करोरी ने चमत्कृत किया धर्मवीर भारती को

इन दिनों नीमकरोरी बाबा पर केन्द्रित हिन्दी फिल्म ‘हनुमान अंश’ की खूब चर्चा है। हनुमानजी महाराज के प्रति बाबा की चरम आस्था और आध्यात्मिक साधना ने उन्हें चमत्कारी सिद्ध पुरुष की प्रसिद्धि प्रदान की। उनके द्वारा देश के कई अंचलों में स्थापित हनुमानजी के मंदिरों के प्रति भक्तजनों की अपार श्रद्धा है। किसी के मन की बात जान लेना, असाध्य रोगी को स्वस्थ कर देना तथा कोसों दूर से किसी को बुला लेना नीमकरोरी बाबा के लिए सामान्य बात थी। एक ऐसा ही प्रसंग जुड़ा है, हिन्दी के विशिष्ट साहित्यकार डॉ. धर्मवीर भारती से।
डॉ. धर्मवीर भारती का यह जन्मशती वर्ष है। पाठक उन्हें अनेक रूपों में याद करते हैं। ‘गुनाहों का देवता’ के उपन्यासकार, गीति-नाट्य ‘अंधा-युग’ के सर्जक, ‘कनुप्रिया’ और ‘सपना अभी भी’ के कवि तथा ‘बंद गली का आखिरी मकान’ के कहानीकार के रूप में उन्होंने साहित्य प्रेमियों के हृदय में स्थान बनाया है।
‘धर्मयुग’ साप्ताहिक के सम्पादक की हैसियत से वे सबसे अधिक लोकप्रिय रहे हैं। एक ऐसा कालखंड गुजरा है, जब धर्मवीर भारती और धर्मयुग परस्पर पर्याय हो गए थे।
प्रख्यात साहित्यकार आचार्य विष्णुकांत शास्त्री का भारतीजी से बड़ा ही आत्मीय संबंध रहा है। डॉ. धर्मवीर भारती के अनुरोध पर ही शास्त्रीजी ने बांग्लादेश मुक्ति संग्राम पर कई रिपोर्ताज लिखे थे। भारतीजी पर केन्द्रित अपनी एक संस्मरणात्मक पुस्तक में शास्त्रीजी ने भारतीजी के जीवन और व्यक्तित्व के अनछुए पक्षों का उद्घाटन किया है। पुस्तक में छपे एक संस्मरण में उल्लेख है, अंतरंग बातचीत के क्रम में किए गए एक प्रश्न का। विष्णुकांतजी पूछते हैं, धर्मवीर भारती से ‘क्या आपको कभी कोई अलौकिक अनुभव हुआ है?’ उत्तर में भारती जी कहते हैं, ‘एक अनुभव जरूर ऐसा हुआ है, जिसकी में बौद्धिक व्याख्या नहीं कर पाता।’ उस अनुभव को भारती जी के शब्दों में यों प्रस्तुत किया है शास्त्री जी ने -“महादेवी जी ने ताकुला (नैनीताल से 2 मील पहले, एक ऊँचे पहाड़ के बगल में ऊँचाई पर स्थित स्थान) में लेखकों का एक शिविर आयोजित किया था। मैं भी उसमें गया था। मैं एक दिन सुबह घूमते-घूमते मैं रास्ता भूल गया और एक ऐसी जगह पर पहुंचा जहाँ आबादी बिल्कुल नहीं थी; पर हनुमानजी का मन्दिर बना हुआ था। मुझे अचरज हुआ कि यहाँ यह मन्दिर किसने बनाया, क्यों बनाया। कभी वह मिलेगा तो उससे पूछूंगा। बात आई-गई हो गई। मैं इलाहाबाद लौट आया। मेरी बगिया में एक दिन गुलाब का एक बहुत सुन्दर फूल खिला। मेरी इच्छा हुई कि मैं इसे कविवर पंत जी को भेंट करूँ। मैंने उसे करीने से डाली के साथ काटकर एक ठोंगे में रखा और साइकिल से पंत जी के घर पहुँचा। पंत जी बाहर खड़े थे। बोले, ‘भारती, तुम आ गए। गुलाब का फूल लाए हो?’ मैं चकित रह गया। मैंने कहा, ‘मैं गुलाब का फूल तो लाया हूँ, पर आपको कैसे पता चला? वे बोले, ‘बाबा ने तुम्हें बुलाया है न, उन्होंने ही बताया।’ मैंने कहा, ‘मैं अपनी इच्छा से आया हूँ, किसी बाबा के बुलाने पर नहीं। वे हँसे! मुझे भीतर ले गए। भीतर एक बाबा जी बैठे थे। उन्होंने मुझसे पूछा, ‘तुम मुझसे मिलना चाहते थे न! पूछो क्या पूछना है?’ मैंने कहा, ‘मैं तो आपको जानता तक नहीं, क्यों आपसे मिलना चाहने लगा।’ वे बोले, ‘तुमने ताकुला में हनुमानजी के मन्दिर के सामने बैठकर संकल्प किया था न, कि कभी यह मन्दिर बनानेवाला मिलेगा तो उससे पूछूंगा कि इस निर्जन स्थान में यह मन्दिर क्यों बनवाया? मैंने ही यह मन्दिर बनवाया है। मैंने सोचा, तुम जो जानना चाहते हो, वह तुम्हें बता दूँ। इसीलिए मैंने तुम्हें बुलाया है।’ मैं तो दंग रह गया। कैसे उन्हें मेरे मन की बात पता चल गई, कैसे उन्होंने मुझे यहाँ आने की प्रेरणा दी, कैसे उन्हें पता चल गया कि मैं पंतजी को देने के लिए गुलाब का फूल ला रहा हूँ। मैंने उनसे कुछ पूछा तो नहीं, पर इस अलौकिक अनुभव की मैं बुद्धि-संगत व्याख्या नहीं कर पाया। अब भी नहीं कर पाता।” इतना लिखने के बाद विष्णुकांतजी ने यह भी स्पष्ट किया है कि इस प्रसंग का उल्लेख पंत जी से भी किया था। सुमित्रानंदन पंत ने इसकी सत्यता की पुष्टि करते हुए कहा था कि’ नीम करोरी के बाबाजी के लिए यह साधारण बात थी। बाबा के पास असाधारण आध्यात्मिक शक्ति थी।
ऊपर वर्णित प्रसंग के ‘किन्तु परन्तु’ पर न जाते हुए तथा आस्तिकता-नास्तिकता के द्वन्द्र को दरकिनार करते हुए सहजभाव से रामभक्त हनुमानजी के अनन्य आराधक नीम करोरी बाबा के प्रति श्रद्धापूरित नमन। गोस्वामी तुलसीदास याद आ गए। ‘विनय पत्रिका’ में वे कहते हैं-
जाके गति है हनुमान की।
ताकी पैज पूजि आई,
यह रेखा कुलिस पषान की ।।
यानी हनुमानजी के प्रति जिसकी शरणागति है, उसकी समस्त याचनाएँ, कामनाएँ पूरी होती हैं, यह बात पत्थर पर खींची गई अमिट रेखा की भाँति सत्य है।
‘मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान / सागर में नैय्या डार दई’ गीत की अपार लोकप्रियता इसका प्रमाण है। बजरंगबली की महिमा का बखान करनेवाली तुलसी कृत चौपाई के साथ प्रणति निवेदन
पवन तनय बल पवन समाना।
बुधि बिबेक बिग्यान निधाना ।।
कवन सो काज कठिन जग माहीं।
जो नहीं होइ तात तुम्ह पाहीं ।।




