छोटी मौसी की शादी

बचपन की कुछ घटनाएं आजीवन स्मरण रहती हैं। मेरी छोटी मौसी की शादी ऐसी ही अविस्मरणीय घटनाओं में से एक है। मौसी मुझसे मात्र पांच वर्ष बड़ी हैं और मेरा बचपन उनकी ही गोद में खेला। इस कारण जो स्नेह उनसे मिला वह अवर्णनीय है। सन् 1964 में संपन्न हुई यह शादी मेरे जीवन की एकमात्र शादी थी जिसमें विदाई के समय मैं रोया! और बहुत रोया। इसके बाद किसी शादी में मुझे रोना नहीं आया! न बहनों की शादी में न बेटियों की शादी में!
तब मैं मात्र साढ़े ग्यारह वर्ष का था। इस उम्र तक कितनी समझ विकसित हो पाती है? प्रस्तुत संस्मरण में स्मृतियां तो तब की ही सुरक्षित हैं पर तथ्य बहुत बाद में परिवार में होने वाली चर्चाओं से समझ में आ पाए। वास्तविकता का स्वरूप काफी कुछ बदल गया हो सकता है।
पर एक दृश्य मुझे हूबहू वैसा ही स्मरण है जब नाना जी का हाथ “बरोबर भेजो है, कहो तो रसीद दिखावन” कहते हुए बार बार कुर्ते की जेब तक गया था पर रसीद नहीं निकली। तब यह स्पष्ट लगा था कि वो झूठ बोल रहे हैं। बाद में जब सच्चाई पता लगी तब मन से उनके झूठ के प्रति शिकायत दूर हो गई।
हमारे नाना जी अपने समय में कांग्रेस के सक्रिय कार्यकर्ता रहे। आस पास के कई गांवों में उनकी पहचान मंत्री जी के रूप में थी। कानपुर देहात के कहिंजरी ग्राम में उनकी पच्चीस बीघा खेती थी।
साथ ही साहूकारी भी करते थे। कारबार की सुविधा के लिए उन्होंने एक घोड़ी पाली हुई थी।
उनके श्वसुर जी, हमारे परनाना जी अंग्रेजों की सेवा में कनिष्ठ अधिकारी थे। इस कारण उनका रुतबा था। ग्राम शिवली जोकि कहिंजरी से मात्र दस मील की दूरी पर स्थित है, उनका वहां पर सन् 1936 मे निर्मित तीन मंजिला विशाल मकान था जोकि पक्का मकान के नाम से मशहूर था। उसके खंडहर आज भी विद्यमान हैं।
नाना जी का काफी पैसा उनकी पहली ससुराल ग्राम मड़ौली में बंटा हुआ था। जिसकी उगाही के लिए वे समय समय पर वहां जाते रहते थे। पचास के दशक के उत्तरार्ध की बात है जब नाना जी ऐसे ही उगाही के लिए गए तो वापसी में उनकी घोड़ी अकेली घर लौटी तो सबको चिंता हुई। गांव के लोग उनकी खोज में निकले तो घोड़ी उन्हें वहां लेकर गई जहां नाना जी लहू लुहान मूर्छित पड़े थे।
दो तीन बकायेदारों ने मिलकर उनकी जान लेने का प्रयास किया था। नाना जी ठीक तो हो गए पर घर परिवार के दबाव से उन्हें अपना सारा पैसा भूलना पड़ा। घोड़ी भी बेंच दी गई। इस घटना ने उन्हें तोड़ कर रख दिया और वो खेती बाड़ी से भी विमुख हो गए।
मेरी मां पांच बहनें थीं दो उनसे बड़ी और दो छोटी। सबसे बड़ी का देहांत मेरी मां के विवाह के पूर्व ही हो चुका था। सबसे छोटी उनके विवाह के समय मात्र चार वर्ष की थीं। इस घटना तक छोटी मौसी छोटी ही थीं इस कारण उनका विवाह अभी बाकी था।
हमारी नानी अपनी छः बहनों में से शिवली के सबसे निकट थीं। उनके कोई भाई नहीं था इस कारण अपनी मां, हम सब की बड़ी अम्मा की बीमारी आरामी की कोई भी सूचना मिलते ही शीघ्रातिशीघ्र वहां उपस्थित हो जाती थीं क्योंकि परनाना के देहांत के पश्चात इतने बड़े घर में वो अकेली रह गई थीं।
सन् इकसठ की बात है जब बड़ी अम्मा जीने से गिर गईं और उनका कूल्हा टूट गया तो सूचना मिलते ही हमारी नानी वहां पहुंच गईं। बड़ी अम्मा को उचित इलाज नहीं मिल पाया और उनका शेष जीवन अपाहिज के रूप में व्यतीत हुआ। नानी को भी उनकी सेवा में स्थाई रूप से उनके अंतिम समय तक वहीं रहना पड़ा।
नानी के स्थाई रूप से शिवली रुकने के कारण नाना जी का निवास भी वहीं हो गया। मामा जी अपने परिवार के साथ कानपुर में रहते थे। इधर रख रखाव के अभाव में कहिंजरी का मकान धीरे धीरे रहने के अयोग्य होता गया और वहां की गृहस्थी भी चौपट हो गई।
सन् चौंसठ में छोटी मौसी की शादी तय हुई तो उसका शिवली से ही संपन्न होना निश्चित हुआ। बारात आने के दो दिन पहले से ही हम बच्चों की ड्यूटी पतंगी कागज की झालर बनाने में लग गई थी। एक कागज को मोड़ कर फिर चाकू से तिकोने काटता! एक उसमें किनारे लेई लगाता! बाकी उन्हें उठा उठाकर सुतली की डोरी में चिपकाते जाते। बारात वाले दिन बल्लियों में आम के पत्ते लपेट कर स्वागत द्वार बनाया गया।
हम सभी बड़े उत्साह के साथ सभी व्यवस्थाओं में हाथ बटा रहे थे। जनवासा घर के पास ही एक स्कूल में निश्चित हुआ था। वहाँ भी बारातियों के स्वागत विश्राम की व्यवस्था सुनिश्चित की गई।
उसी दिन सुबह सुबह कहिंजरी से हलवाई अपने साजो सामान और दो सहायकों के साथ वहां पहुंच गया। मामा जी भी शहर से उसी दिन पहुंचे। हलवाई को देखते ही उन्होंने पूछा कि कैसे भाई? हमने तो बुलाया नहीं। उसने कहा भइया बिटिया की शादी है और हम बुलाने का इंतजार करेंगे? क्या हमारी जिम्मेदारी नहीं बनती?
मामा जी ने उनसे कहा कि आप लोगों की आवश्यकता नहीं है। खाना और मिठाई आदि की व्यवस्था इस बार कानपुर के एक होटल को दे दी गई है। सब कुछ ट्रक द्वारा शाम तक यहां पहुंच जाएगा। आप लोग भोजन करो और वापस जाओ। वे लोग दुखी मन से वापस चले गए! किसी ने भोजन स्वीकार नहीं किया। दिन भर ट्रक की प्रतीक्षा होती रही। बारात भी आ गई पर ट्रक नहीं आई!
बारात में नाऊ मिला कर कुल दस लोग थे! उनके सत्कार के लिए नानी, माँ और मौसियों ने चीनी का शरबत बनाया! रात में उन्हीं लोगों ने मिल कर बारातियों के लिए पूड़ी और सब्जी बना दी जिससे बारातियों का रात्रिभोज हो गया। मैं तो जल्दी ही सो गया था। अगले दिन सवेरे सवेरे नाश्ते की पकौड़ी और हलुआ के साथ हम सब बच्चे जनवासे पहुंच गए।
मौसा जी से मैं पहले ही मिल चुका था। नाना जी जब उन्हें देखने गए थे तब मैं उनके साथ गया था। मौसा जी हमारे नाना के सभी दामादों में सबसे अधिक शिक्षित थे। उन्होंने काशी विश्वविद्यालय से संस्कृत में परास्नातक तथा शास्त्री की उपाधि प्राप्त की थी।
मैं तब कक्षा नौ उत्तीर्ण करके दसवीं में पहुंचा था और संस्कृत मेरा एक विषय था। सो मौसा जी ने मेरे संस्कृत ज्ञान की परीक्षा ली। उनके द्वारा पूछे गए अधिकांश प्रश्नों के उत्तर मैने सही दिये। जिनके नहीं दे पाया वो मौसा जी ने बता दिए।
बारातियों में आपस की बातचीत से पता चला कि नाना जी के प्रति उनके भीतर जबरदस्त रोष है। क्योंकि उन्होंने अपनी कही बातों का भी पालन नहीं किया। वे लोग इसे अपना अनादर कहकर, इसके लिए मौसा जी को दोषी ठहरा रहे थे।
नाना जी जब फलदान लेकर उनके वहां ग्राम वरवन जिला हरदोई गए थे तो ये आश्वासन देकर आए थे कि बारात के पच्चीस लोगों का वरवन से शिवली तक बस के किराये का दो सौ पचास रुपया मनी ऑर्डर द्वारा भेज देंगे। वो उन्होंने नहीं भेजे! कानपुर बस स्टेशन पर किसी को स्वागत के लिए मिलना था। वह भी नहीं मिला।
बारातियों को यह सरासर अपना अपमान लगा था और सभी की राय वापस लौटने की बनी थी। पर मौसा जी ने उन्हें समझाया कि लड़की वालों के साथ कोई समस्या हो गई होगी अन्यथा वे ऐसा नहीं करते। वे लोग बहुत शिष्ट और सम्मानित लोग हैं। इस प्रकार आधे रास्ते से लौट जाना कदापि उचित नहीं होगा।
पर उनकी बात सुनने को कोई तैयार नहीं था। अंततः मौसा जी ने कह दिया कि ठीक है आप लोगों को जाना है तो जाएं मैं वापस नहीं लौटूंगा! मैं तो बारात लेकर जाऊंगा! भले ही अकेले जाऊं!
अंततः चौदह बाराती लौट गए। परिवार के लोग मात्र बारात लेकर आए।
जलपान संपन्न हो जाने के उपरांत नाना जी वहां पहुंचे! पहुंचते ही हाथ जोड़ कर रोने लगे! बोले बड़े अरमान थे! आखिरी बिटिया थी! हौसला था कि ऐसा सत्कार करेंगे कि बाराती वर्षों तक याद रखेंगे। पर अपनों ने धोखा दे दिया! लड़के ने ऊंचे दर्जे की मिठाई और भोजन की व्यवस्था शहर से की थी। सब कुछ ट्रक से आना था! पर ट्रक नहीं आया! पता नहीं कहां हेरा गया! लड़का सुबह सुबह निकल गया है कानपुर! पता करने कि क्या हुआ!
बारातियों के ऊपर इन बातों का कोई प्रभाव नहीं हुआ। उन्होंने इसे नाना जी का नाटक माना। एक बुजुर्ग व्यक्ति ने उनसे उपहास की मुद्रा में पूछा कि किराए के ढाई सौ रुपए भेजने की भी व्यवस्था नहीं बन पाई? तो नाना ने तुरंत कहा कि ढाई सौ रुपया हम बरोबर भेजो है। मनी ऑर्डर कीन है! कहो तो रसीद दिखावन!
सबने एक स्वर में कहा कि हमें कोई मनी ऑर्डर नहीं मिला! नाना जी अपना संवाद दोहराते रहे कि हम बरोबर भेजो है कहो तो रसीद दिखावन! ऐसा कह कर वे बार बार हाथ कुर्ते की जेब तक ले जाते रहे! ये बात अलग है कि रसीद नहीं निकली!
अंततः मौसा जी ने कहा कि रहने दीजिए! रसीद दिखाने की आवश्यकता नहीं है। आप कह रहे हैं तो आपने भेजा होगा! पर सत्य ये है कि हमें मिला नहीं। नाना जी ने फिर अपनी बात दोहराई कि हम बरोबर भेजो है। मौसा जी के ऐसा कह देने से सब शांत हो गए। किसी ने कानपुर बस स्टेशन पर किसी के न पहुंचने की शिकायत नहीं की।
थोड़ी देर में ही भोजन पहुंच गया। और नाना जी उठ कर व्यवस्था देखने लगे। जब तक बारात रही हम बच्चे वहीं रहे। मौसा जी व अन्य सभी का प्रेमपूर्ण व्यवहार हमें बहुत भाया था। अगले दिन मौसी जी विदा हो गईं। हम सब बहुत रोये।
इसके काफी समय बाद मामा जी हमारे घर आए। वे हमारी मां और पापा से बहुत स्नेह करते थे। मौसी की शादी के बाद से ही उनकी छवि खलनायक की बन चुकी थी क्योंकि सारी अव्यवस्था के लिए वे ही उत्तरदायी ठहराए गए थे।
उन्होंने बातचीत आरंभ करते हुए पापा से कहा कि “मिश्र जी बेटा की शादी निपट गई किसी प्रकार!” छोटी मौसी को प्यार से बेटा कहते थे। “दद्दू जी अपनी आखिरी जिम्मेदारी से निवृत्त हो लिए” कहते हुए पापा ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी। नाना जी को सभी दद्दू कहते थे।
”मेरी खलनायकी की चर्चा आप तक पहुंची होगी!” कहते हुए मामाजी ने बात आगे बढ़ाई! पापा ने कहा “हां! वो ट्रक वाली बात! क्या थी इसकी कहानी?” तब मामा जी ने बताना शुरू किया!
दद्दू जी खेत गिरवी रख कर पैसे उठाने को कह रहे थे। अब आप तो जानते ही हैं गाँव का प्रधान मेरा कितना सम्मान करता है। आते जाते पैर छूता है। खेत गिरवी रखने पर मेरे प्रति उसका सम्मान प्रभावित हो जाता। ये मुझे ठीक नहीं लगा। ऐसा सोच कर कि प्रॉविडेंट फंड से लोन उठा लूंगा! दद्दू जी से कह दिया कि पैसों की व्यवस्था हो जाएगी! आप परेशान न हों।
जब श्रीमती जी ने सुना तो उन्होंने कहा कि अभी हमारे भी पांच बेटियां हैं! फंड से लोन लेने की तो सोचिएगा भी मत। बात तो उनकी भी गलत नहीं थी! लेकिन जिम्मेदारी ले ली थी सो निभानी थी। फलदान से लौटा, तो किराए के ढाई सौ भेजने थे। व्यवस्था नहीं बन पाई और समय निकल गया। लड़के वालों की बातचीत से इतना आश्वस्त था कि पैसा न भी जा पाया तो भी वे बारात लेकर आएंगे। कानपुर बस स्टेशन पर एक आदमी भेजा था! पर परिचय देता तो सारे बारातियों का किराया देना पड़ता! जिसकी व्यवस्था नहीं बन पाई थी!
इस कारण उसे समझा दिया था कि परिचय तभी देना जब पूरी बारात लौटने लगे! अन्यथा दो चार लोग भी आवें तो चुपचाप उनके साथ चले आना बिना बताए। उसने वैसा ही किया। बारात के साथ ही शिवली पहुंचा। भोजन के लिए हलवाई लगता तो भी खर्चा अच्छा खासा आ जाता! इसीलिए ट्रक की कहानी गढ़ी।
दद्दू जी आश्वस्त थे कि मनी ऑर्डर हमने कर दिया होगा और कानपुर बस स्टेशन पर बारात की अगवानी की व्यवस्था भी की होगी। जब उन्हें सच्चाई बताई तो वे बहुत नाराज़ हुए! बहुत बिगड़े! हमने उनसे कह दिया कि आप सारा दोषारोपण मेरे ऊपर करके मुझे नालायक सिद्ध कर दीजिए। और कोई रास्ता नहीं बचा है। परिस्थिति वश उन्हें वैसा ही करना पड़ा। पापा ने प्रतिक्रिया में इतना ही कहा “तो यह आपका प्रबंधन कौशल था जिसने आप को खलनायक बना दिया…..! कुछ भी हो आपने अपने पुत्र धर्म का निर्वाह तो कर ही लिया कैसे भी!”




