कुटुंब
डॉ. शिप्रा मिश्रा, कोलकाता
मोटे विशाल तने
आधे जमीन में धँसे हुए
ले पाते हैं केवल
उस वरदायिनी सृष्टि से
क्षिति और जल
सृष्टि का संपूर्ण
नहीं मिल पाता इन्हें
पावक गगन समीर
का विराट सुख
जड़ों तक नहीं
पहुँच पाता
सूर्य का ऊष्मित
स्नेहिल स्पर्श
शीत-शिशिर में
नीलाभ गगन का
दृश्य दर्शन भी
अप्राप्य होता है
और मलयानिल की
सुगंधमयी बयार भी
फिर भी कोई
उतावलापन नहीं
अवहेलना नहीं
धृष्टता नहीं
उद्दंडता नहीं
मौन रह कर
अविराम करते हैं
पोषित पल्लवित पुष्पित
अपनी शाखाओं को
मजबूत दृढ़ शाखाएंँ
कोमल लचीली शाखाएँ
उन्मुक्त उन्मत्त शाखाएँ
गगन को चूमने को
आतुर शाखाएँ
किस संवाद
किस संवेदना से
होता रहा है
भावों का संप्रेषण
कुटुंब के विस्तार के लिए
फलने-फूलने और
गति – प्रगति के लिए
भला कौन करता है
ऐसा सर्वस्व आत्मोसर्ग




