इंतजार

Intejar
शालिनी त्रिपाठी,
नवी मुंबई

संदीप ने ज्यों ही नजर उठा कर देखा तो बस देखता ही रह गया, दूध सा गोरा रंग और काजल लगी काली काली आंखे बस उसे इतना ही दिखा और वो बेसुध हो गया और वो उसके सामने से गुजर गई । परफ्यूम की हल्की हल्की खुशबू ने भी उसे मदमस्त करने में कोई कसर न छोड़ी। खैर एक दो मिनट में ही उसे याद आया कि आज उसकी दसवीं की पढ़ाई का पहला दिन है और वो लेट है। तेजी से भाग के वो क्लास में पहुंचा, टीचर ने उसे ऊपर से नीचे तक देखा और उसके ‘मे आए’ पूछने पर ‘कमिन’ कह कर अपनी नजरें रजिस्टर में जमा ली। क्लास में भी उसे वही खुशबू आ रही थी उसने निगाह घुमा कर देखा तो वो उसके बगल वाली रो में वो बैठी थी पर अब उसके चेहरे पर दुपट्टा नहीं था। उसके दीवाना बनने में जो कसर बाकी थी वो उसके खूबसूरत चेहरे ने पूरी कर दी थी।

अब तो संदीप को रोज स्कूल जाना ही था चाहे बारिश हो या तूफान आ जाए और जिस दिन छुट्टी होती थी तो उसे बड़ा गुस्सा आता था। अरे त्योहार है तो क्या स्कूल में छुट्टी जरूरी है। धीरे धीरे उसे पता चला उसका नाम सना है और वो दूसरे धर्म से है पर इससे उसे कुछ फर्क नहीं पड़ा। अब तो उसका धर्म मोहब्बत और मंदिर स्कूल था। धीरे धीरे उसका इकतरफा प्यार सब को पता चलने लगा था शायद सना को भी इसीलिए वो उसे देख रास्ता बदल लेती थी। उसको बहुत बुरा लगता था। उसके एक दोस्त ने बताया कि जो लड़के पढ़ने में अच्छे होते हैं लड़कियां उन्हे बहुत पसंद करती हैं। बस अब तो संदीप को पढ़ने की धुन लग गई और इसका असर दसवीं कक्षा के रिज़ल्ट में दिखा जब उसने पूरे स्कूल में टॉप किया। पुरस्कार वितरण समारोह जब उसे पुरस्कार मिला तो उसकी नजरें सना की तरफ ही लगी थी और वो जिस तरह खुश होकर तालियां बजा रही थी वो उसके लिए सबसे बड़ा पुरस्कार था।

अगले साल की क्लास अटेंड करने के लिए जाते समय संदीप का दिल बहुत जोरों से धड़क रहा था कि अगर उसकी क्लास में सना न हुई तो। भगवान ने उसकी सुन ली और सना उसकी क्लास में ही थी और उसे देख कर उसने स्माइल भी दिया। धीरे धीरे सना उसकी दोस्त बन गई पर दिल की बात कहने की हिम्मत उसमें आज भी न थी, कहीं उसने फिर से उसे इग्नोर करना शुरू कर दिया तो।

ग्यारहवीं और बारहवीं कक्षा तो संदीप के प्यार और सना की दोस्ती के फासले को पूरा न कर पाई। बारहवीं के बाद अपने किसी रिश्तेदार के कहने पर संदीप ने सेना में भर्ती की परीक्षा दी। लंबा चौड़ा तो वो था ही साथ ही हमेशा स्पोर्टस में था तो सेलेक्सन भी हो गया। ट्रेनिंग के लिए जाने से पहले वो सना से अपने दिल की बात कहना चाहता था पर उससे मुलाकात ही न हो पाई और वो चला गया। कड़ी ट्रेनिंग ने उसके व्यक्तित्व को निखारने में बड़ी भूमिका निभाई। अगली बार जब वो आया तो सब उसे देख कर प्रभावित हुए’ बिना न रहे। उसके दोस्त ने उसके लिए एक पार्टी दी जिसमें सना को भी बुलाया था। उस पार्टी में संदीप को देख सना की निगाहें संदीप से हट ही नहीं रही थी। लंबा चौड़ा गोरा सा संदीप जिसकी दाढ़ी मूंछ नई नई आई थी सभी लड़कियों के आकर्षण का केंद्र बन गया था।

ये सब देख सना कुढ़ के दूर जा बैठी, थोड़ी देर में सबसे फुर्सत पा के वो सना के पास जा बैठा। सना रूठी सी कुछ भी न बोली। संदीप थोड़ी देर तक उसके चेहरे को देखता रहा फिर अचानक उसका हाथ थाम कर बोला,”मेरी पहली पोस्टिंग पुंछ (कश्मीर) में हुई है, मेरे लौटने का इंतजार करोगी” ?

सना ने उसको देखा और बोली “मैं तो करूंगी, तुम मुझे वहां याद करते थे” संदीप की आंखो में दर्द उतर आया, धीरे से बोला “हर पल” तब तक उनके दोस्तों ने उन्हें घेर लिया और ये बात वहीं रुक गई। उस दिन संदीप ने महसूस किया कि जैसे जाने से पहले वो सना को जी भर के देख लेना चाहता था वैसे ही सना भी उसे छुपछुप के देख रही थी। अबकी बार जाने से पहले उसका मन ज्यादा भारी हो रहा था। उसकी छु‌ट्टियां खत्म होने को आई थी और उसका सना से एक बार और मिलने का बड़ा मन था, उसने कई बार सना को फोन किया पर उठाने से पहले ही काट दिया। उसकी मन की मुराद तब पूरी हुई जब सना की दोस्त रिंकी ने उसे अपने बर्थडे पार्टी के लिए बुलाया। पूरी पार्टी में सना उसके आसपास ही थी, जैसे ही उसे पता चला कि वो दो दिन बाद जाने वाला है सना रुआसी सी हो गई। जब वो पार्टी से निकल रहे थे तो सना ने उसे इशारे से दूर बुलाया और एक ताबीज निकाल कर उसकी बाजू में बांध दी और उसके सीने से लग कर बोली “मैं इंतजार करूंगी” और आंसू छुपाते हुए चली गई। अब तो उसका जाना और भी मुश्किल हो गया था पर एक फ़ौजी को सिखाया जाता है कि देश सबसे ऊपर है इसलिए वो भी मन मजबूत करके मुस्कुराता हुआ चला गया। वहां जाकर धीरे धीरे अपनी ड्यूटी और फ़र्ज़ में मसरूफ होता गया। हर दिन जब वो सना का दिया हुआ ताबीज देखता तो उस पर हाथ फेरने लगता मानो सना ही हो।

उनकी यूनिट सीमा के बहुत पास थी सो हर रात को पांच पांच के ग्रुप में वो गस्त लगाते थे। एक रात एक से तीन के बीच संदीप के ग्रुप का नंबर था। उसके साथ इब्राहिम, राम खेलावन, विपिन और राधे भी थे। चलते चलते संदीप को लगा कि पीछे झाड़ियों में कुछ सरसराहट हुई उसने थोड़ा आगे बढ़ चुके अपने साथियों को इशारे से रोका और झाड़ियों की तरफ बढ़ चला। एकाएक झाड़ियों से गोलियां चलने लगी। दो गोली संदीप को भी लगी पर उसके साथियों ने पोजिशन लेके जवाबी फायरिंग शुरू कर दी तो वो आतंकी निकल कर भागे। संदीप ने लेटे लेटे ही अपनी गन से दो को ढेर कर दिया। रामखेलावन और इब्राहिम ने मोर्चा संभाला तो राधे और विपिन उसको लेकर भागे।

उसी रात संदीप के घर पर एक फोन आया जिसे सुन कर उसके पापा तो जैसे जड़ हो गए और मां बेहोश हो गई। दूसरे दिन न्यूज पेपर और न्यूज चैनल एक ही खबर दे रहे थे कि सीमा पर पुंछ सेक्टर में सेना का एक जवान शहीद। सना ने जैसे ही पढ़ा उसे यकीन ही नहीं हुआ कि संदीप को कुछ हो सकता है। उसने उसके दोस्त को फोन किया वो संदीप के घर ही जा रहा था। उसने वहां जाकर पता करके सना को फोन करने का आश्वासन दिया। सना का वक्त ही नहीं कट रहा था बार बार ऊपर वाले से संदीप की खैरियत की दुआ मांग रही थी। एक घंटे बाद संदीप के दोस्त का फोन आया उसने रोते हुए बस इतना कहा “वो अपना ही संदीप था सना” सना मूर्तिवत बैठी रह गई, फोन भी हाथ से छूट गया। भाग के अपने कमरे में जाकर फूट फूट के रोने लगी “संदीप मैं अब भी इंतजार कर रही हूं, तुम कहां हो, आ जाओ प्लीज”

चौथे दिन तिरंगे में लिपटा हुआ संदीप शहर में आया तो पूरा शहर उमड़ पड़ा। फ़ौज की गाड़ी से संदीप के चार दोस्तों ने संदीप को कंधा देकर उतारा। पूरा शहर रो रहा था किसी ने ध्यान भी नहीं दिया की उसी भीड़ में सना एक बार संदीप को छू लेने के लिए कितने धक्के खा रही थी। पागल सी हो गई थी सना, ऐसा लग रहा था कि आज अगर संदीप के पास तक न पहुंची तो मर ही जाएगी।

पूरा साल लग गया सना को इस गम को कम करने में और मुस्कुराने में। वो भी उस दिन मुस्कुराई जिस दिन उसका सिलेक्शन आर्मी में हो गया। आंखें बंद करके संदीप को याद करके बोली “संदीप तुम्हारा छोड़ा हुआ काम मैं पूरा करूंगी, अब तुम मेरा इंतजार करना”

Author