आरोहण
– अभिषेक त्रिपाठी, कानपुर
देखता वह गिरि-शिखर को, तलहटी पर पाँव उसके,
दूर पर्वत पर बसे थे, स्वप्न के सब ठाँव उसके,
हिम प्रखर था, शीत निष्ठुर, सामने चट्टान काली,
किन्तु उर में जागती थी, एक दृढ़ ज्वाला निराली।
दूर था वह श्वेत मस्तक, मेघ जिसके चरण चूमें,
ज्यों गगन के मौन मंदिर में शिखर के देव झूमें,
भूमि कहती—“हे पथिक! सुन, मार्ग यह आसान कब है?”
किन्तु मन था पूछता—“अपना विजय-प्रस्थान कब है?”
पास साधन अल्प थे, पर दृष्टि में विश्वास भारी,
पग तले पत्थर कठिन थे, आत्मा फिर भी न हारी,
ना कहीं पदचिह्न दिखते, ना कहीं संकेत कोई,
“राह गढ़नी है स्वयं ही”—बात यह मन में संजोई।
चल पड़ा वह शैल-पथ पर, मौन अपना मंत्र करके,
श्वास को साधन बनाकर, धैर्य को निज तंत्र करके,
एक पग धरता सँभलकर, दूसरा अविकल्प धरता,
हर चुनौती को हराने का नया संकल्प करता।
पत्थरों के वन कठिन थे, गर्त नीचे मुँह पसारे,
वायु जैसे खोलती थी मृत्यु के हित द्वार सारे,
वह न रुकता, वह न झुकता, थक भले जाता क्षणों में,
किन्तु फिर उठता, सुदृढ़ कर, आस्था अपने प्रणों में।
हाथ छिलते, रक्त बहता, शीत कृंतक-सी कुतरती,
साँस दिन में भी कठिन थी, रात हड्डी तक उतरती,
घाव बोले—“बस बहुत है, देह की सीमा यही है!”
प्राण कहते—“लक्ष्य देखो, साधना अब भी वही है।”
रात में हिमपात होता, तारकों का था उजाला,
दूर नीचे गाँव में दिखती घरों की दीप-माला,
एक पल को पाँव ठिठके, एक पल मन डोल आया,
पर शिखर के श्वेत मस्तक ने उसे आगे बुलाया।
प्रात की स्वर्णाभ रेखा हिम-कपालों पर सँवरती,
उँगलियाँ जड़-सी हुई थीं, आस्था फिर भी न मरती,
कस दिया फिर रज्जुओं को, फिर शिला पर पग चढ़ाया,
फिर स्वयं को ही सँभाला, फिर कदम आगे बढ़ाया।
पर अचानक मेघ गरजे, वायु की बदली दशाएँ,
तीव्र झंझावात आया, खो गईं सारी दिशाएँ,
पाँव फिसला, देह काँपी, मृत्यु जैसे पास आई,
पास की छोटी शिला पर दृढ़ पकड़ उसने बनाई।
पैर उसके रिक्ति में थे, गर्त नीचे हँस रहा था,
शीत-हिम की यंत्रणा का भार उस पर कस रहा था,
दाँत भींचे, साँस खींची, फिर पकड़ ने बल सँभाला,
मृत्यु के विस्तीर्ण चंगुल से पुनः खुद को निकाला।
उठ गया वह फिर संभलकर, भाग्य से रण–नाद करता,
हर कदम के मौन में वह शैल से संवाद करता,
लड़खड़ाना और गिरना, यह पथिक को धार्य ही है,
पर संभलना सीख जाना, यह सदा अनिवार्य भी है।
नव दिवस में सामने थी एक हिम–प्राचीर निश्चल,
देखकर उसको लगा, ज्यों हो गये सब यत्न निष्फल,
गर्त नीचे को खुली थी, गिरि–शिखर ऊपर खड़ा था,
बीच में एकल पथिक था, और यह संकट बड़ा था।
मुँद गये फिर नेत्र उसके, सुप्त सुधियाँ लौट आईं,
फिर जगा आशीष माँ का, सीख गुरु की ज्योति लाई,
मित्र का विश्वास बोला, पितृ का साहस पुकारा,
“तू अकेला कब रहा है? साथ तेरे विश्व सारा!”
शक्ति नव जागी हृदय में, हिम–शिला पर चढ़ चला वह,
कंपकंपाते हाथ से फिर भाग्य अपना गढ़ चला वह,
देह जर्जर सी हुई थी, दृष्टि में धुँधली समाई,
पर शिखर की रेख उजली, आत्मा में झिलमिलाई।
आ गया था मोड़ अन्तिम, आखिरी उत्थान आया,
आखिरी पीड़ा पुकारी, आखिरी संशय समाया,
शक्ति भर खींचा स्वयं को, फिर भरी हुंकार उसने,
और नभ ने द्वार खोले—जीत ली हर हार उसने।
था खड़ा वह गिरि-शिखर पर, एक उज्ज्वल दीप जैसे,
लघु मनुज था, किंतु उस पल, सृष्टि का उद्दीप जैसे,
पास बादल, दूर नदियाँ, वन, नगर, मरुभूमि सारी,
ज्यों धरा ने खोल दी हो, हर तरफ अपनी पिटारी।
सूर्य मानो पास आया, वायु का पीयूष स्यंदन,
मन हुआ विस्तीर्ण जैसे, कट गया हो देह-बंधन,
मौन था वह, किन्तु मन में, शंख-नादों का उदय था,
रक्त, श्रम, तप, अश्रु, पीड़ा—दूर इनसे अब हृदय था।
अब उसे महसूस होता ज्यों जगत को जीत डाला,
पाँव के नीचे शिखर था, थी गले अभिजीत माला,
मिट गया अभिमान सारा, ऊर्ध्वता का गीत जागा,
आज वह खुद से मिला था, आज सब अज्ञान भागा।
पर शिखर होता शिखर ही, घर यहाँ किसने बनाया?
तुष्टि देती है विजय, पर रुक यहाँ है कौन पाया?
शैल कहता, “हे पथिक! सुन, यह नहीं तेरा ठिकाना,
छू लिया तूने इसे, अब धर्म तेरा लौट जाना।”
दृष्टि जब नीचे झुकी, देखा चकित लोचन निहारें,
कुछ नयन स्वप्नों भरे थे, कुछ नयन संकोच धारे,
ज्यों कभी वह खुद खड़ा था, तलहटी में आस लेकर,
कुछ युवा वैसे खड़े थे, एक नव उल्लास लेकर।
बोध तब उसको हुआ, यह जीत बस अपनी नहीं है,
स्वार्थ की माला निरंतर और अब जपनी नहीं है,
टिक गया जो गिरि शिखर पर, ऋण कहाँ उसने चुकाया,
लौटकर जो राह गढ़ता, बस उसी ने सत्य पाया।
गाड़ खूँटे, रज्जु बाँधी, पंथ को नव रूप ढाला,
घाव के तम रख स्वयं हित, दे दिया जग को उजाला,
लिख दिया, “यह पथ कठिन है, गर्व को मत सिर चढ़ाना,
धैर्य को निज मन्त्र रखना, श्वास को साधन बनाना।”
फिर शिलाओं पर पथिक ने, चिन्ह धीरज से सँवारे,
घोर फिसलन थी जहाँ पर, दृढ़ किए उसने सहारे,
भय जहाँ भटकाव का था, दे दिया उसने इशारा,
हर तरफ राहत–दिशा दे, पथ किया आसान सारा।
फिर झुका वह गिरि–शिखर पर, माथ रखकर वह पुकारा,
“तोड़कर मुझको गढ़ा है, सुप्त पौरुष को उभारा,
अनगिनत पंथी पुकारें, अब मुझे है लौट जाना,
पूर्ण हो मेरी विजय यह, राह को पावन बनाना।”
शैल पथ से वह उतरता, उर नहीं अनुराग कोई,
ना शिखर का मोह अब था, ना विजय का राग कोई,
जिस डगर में वह डरा था, आज दीपक से जले थे,
गर्त, खंदक और पत्थर, आज सब लगते भले थे।
तलहटी ने आज देखा, देह क्षत, पर ज्योति जागी,
घाव से तप था महकता, चाल सम, गंभीर, त्यागी,
“क्या मिला?” जब लोग पूछे, मंद हँस कर यों सुनाया,
“मैं मिला, फिर जग मिला है, आज पथ का अर्थ पाया।
तुंग चढ़ना वीरता है, लौट आना ज्ञान सम है,
क्षण विजय का अल्प होता, पंथ सच्चा दान सम है,
गिरि–शिखर छू ले अकेला, वह अधूरा ही कहाता,
पूर्ण विजयी है वही जो, राह नव सबको दिखाता।”
स्वप्न शिखरों का नयन में, जो चमक लेकर खड़े थे,
सौंप उनको उपकरण वे, जो विजय-पथ पर चढ़े थे,
फिर कहा—“यह राह मेरी, चाल तुम अपनी बनाना,
चिन्ह केवल हैं सहारे, तुम स्वयं आकाश पाना!”
गिरि वही था, तुंग भी वह, पर नया ही अर्थ पाया,
स्वप्न अनगिन पंथियों का, दृष्टि में उसकी समाया,
पूर्णता पाती विजय जब, राह सबके काम आए,
दीप से जब दीप जलते, तम स्वयं ही हार जाए।
देखता वह गिरि-शिखर को, तलहटी पर पाँव उसके,
शांत हैं अब स्वप्न उसके, पूर्ण हैं सब दाँव उसके।
तुंग छूकर लौट आया, विश्व के उत्थान के हित,
आज आरोहण बना है, सेतु सम जग को समर्पित।




