आयकर विभाग द्वारा AI का उपयोग और नंगा करदाता

Ayakar vibhag
डॉ. पारस कोचर, एडवोकेट, कोलकाता

इसमें कोई दो मत नहीं है कि आयकर विभाग के सामने AI के उपयोग के कारण कर दाता अर्ध नग्न हो चुका है और शीघ्र ही पूरा नंगा हो जायेगा।

आजकल AI की सहायता से आयकर विभाग बड़ी मात्रा में वित्तीय जानकारी का विश्लेषण कर रहा है। इसके माध्यम से आयकर रिटर्न में दिखाई गई आय और अन्य उपलब्ध सूचनाओं के बीच अंतर का पता लगाया जा सकता है। इसी प्रकार, संदिग्ध लेन-देन की पहचान करने में भी AI उपयोगी हो रहा है।

AI का उपयोग आयकर विभाग को अधिक प्रभावी बनाने में सहायक है। इससे विभाग को बड़ी मात्रा में सूचनाओं का विश्लेषण करने, संभावित गड़बड़ियों का पता लगाने और वास्तविक जाँच की आवश्यकता वाले मामलों की पहचान करने में मदद मिल रही है। इससे मानवीय कार्यों में होने वाली कुछ गलतियों को भी कम किया जा सकता है।

AI के उपयोग के साथ अधिकारियों की जवाबदेही और निष्पक्ष प्रक्रिया बनाए रखना आवश्यक है। कर निर्धारण का अंतिम निर्णय केवल मशीन के आधार पर नहीं, बल्कि संबंधित अधिकारी द्वारा सभी तथ्यों और करदाता के स्पष्टीकरण पर विचार करने के बाद ही लिया जाना चाहिए।

इस तकनीक पर अधिक निर्भरता से कुछ समस्याएँ भी पैदा हो सकती हैं, जैसे एआई द्वारा गलत सूचना देने के मामले भी प्रकाश में आ रहे हैं। यदि किसी करदाता द्वारा अपने आयकर रिटर्न में दिखाई गई आय और विभाग के पास उपलब्ध जानकारी में अंतर पाया जाता है, तो विभाग उससे स्पष्टीकरण माँग सकता है। ऐसी जानकारी बैंकों, वित्तीय संस्थाओं तथा अन्य रिपोर्टिंग संस्थाओं आदि से प्राप्त होती है। केवल AI द्वारा किसी लेन-देन या आय में अंतर का संकेत मिलना यह साबित नहीं करता कि करदाता ने कर वंचना की है।

करदाता के अधिकारों की सुरक्षा बहुत आवश्यक है। प्रत्येक करदाता को यह उचित अवसर मिलता है कि वह अपने पक्ष में स्पष्टीकरण दे सके, आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत कर सके तथा विभाग द्वारा निकाले गए गलत निष्कर्षों को चुनौती दे सके।

आयकर विभाग को किसी भी प्रकार की जाँच या कर निर्धारण करते समय आयकर कानून में निर्धारित प्रक्रिया का पालन करना चाहिए। केवल कंप्यूटर या AI द्वारा निकाले गए निष्कर्ष के आधार पर किसी करदाता के विरुद्ध कर की माँग या दंडात्मक कार्रवाई करना उचित नहीं होगा।

इसी प्रकार, करदाता की व्यक्तिगत एवं वित्तीय जानकारी की सुरक्षा और गोपनीयता भी बहुत महत्वपूर्ण है। AI के माध्यम से बड़ी मात्रा में संवेदनशील वित्तीय जानकारी का विश्लेषण किया जाता है। इसलिए यह सुनिश्चित करना आवश्यक है कि ऐसी जानकारी का दुरुपयोग न हो और वह अनधिकृत व्यक्तियों के हाथों में न पहुँचे।

आयकर प्रशासन में नई तकनीक का उद्देश्य करदाताओं में स्वेच्छा से कर अनुपालन को बढ़ावा देना तथा कर चोरी रोकना होना चाहिए। तकनीकी प्रगति के नाम पर ईमानदार करदाताओं को अनावश्यक परेशानी, मानसिक तनाव या अनुचित जाँच का सामना नहीं करना पड़े। कर प्रशासन की सफलता तभी मानी जाएगी जब प्रभावी कर वसूली के साथ-साथ करदाताओं के कानूनी अधिकारों और उनके सम्मान की भी पूरी सुरक्षा हो।

Author